हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

बच्ची के गले में गया झुमका, ऑपरेशन से बाहर निकाला

हल्द्वानी. सुशीला तिवारी हॉस्पिटल में दो साल की एक बच्ची पहुंची. उसने गलती से झुमका निगल लिया. हॉस्पिटल में उसका सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया.गर्मियों में छोटे बच्चे अक्सर ठंडक पाने के लिए सिक्के, बटन बैटरी, झुमके, खिलौनों के पार्ट्स इत्यादि अपने मुंह में डाल लेते हैं. कभी कभी ये सब उनके खाने या सांस की नली में फंस जाता है. जानकारी के अनुसार बिलासपुर निवासी गुरजेश कौर की दो साल की बच्ची ने बीती 26 जून को अचानक झुमका खा लिया। एसटीएच में एक्स-रे में पता चला कि झुमका बच्ची के गले में फंस गया है। ईएनटी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अचिन पंत ने बताया कि 27 जून को उनकी टीम ने बच्ची के गले से झुमका निकाला है। इसके लिए जटिल ऑपरेशन किया गया है।

भाजपा ने अनीता बेलवाल को बनाया 19 आमखेड़ा चोरगलिया से अधिकृत प्रत्याशी, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर

हल्द्वानी समाचार। जिला पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने 19 आमखेड़ा चोरगलिया सीट से अपने अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने इस सीट से पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. मुकेश बेलवाल की पत्नी और निवर्तमान क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती अनीता बेलवाल को मैदान में उतारते हुए संगठनात्मक संतुलन और जनविश्वास दोनों को साधने का प्रयास किया है।

टिकट की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय अनीता बेलवाल लगातार जनसंपर्क कर रही थीं और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ महसूस की जा रही थी। अब टिकट मिलने के बाद उन्हें जनसमर्थन और तेज़ी से मिलता दिख रहा है।टिकट मिलने पर अनीता बेलवाल ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, सांसद श्री अजय भट्ट, विधायक श्री मोहन बिष्ट और भाजपा के ज़िला अध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास को कायम रखते हुए वे पूरी निष्ठा से क्षेत्र के विकास के लिए काम करेंगी।उन्होंने कहा, “मैं दोगुने उत्साह के साथ जनता के बीच जा रही हूं। यदि आशीर्वाद मिला तो क्षेत्र के हर वर्ग के लिए कार्य करते हुए चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करूंगी।

“डॉ. मुकेश बेलवाल ने भी पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि अनीता बेलवाल न केवल एक कर्मठ जनप्रतिनिधि हैं, बल्कि वर्षों से सामाजिक जीवन में सक्रिय रहते हुए क्षेत्र की समस्याओं को उचित मंचों पर उठाती रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन मिलने पर वे इस बार जिला पंचायत चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगी।क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है। पार्टी कार्यकर्ता जोश में हैं और जीत को लेकर आत्मविश्वास से भरे हुए नजर आ रहे हैं। अब देखना यह होगा कि चुनावी मैदान में यह उत्साह किस हद तक जीत में तब्दील होता है।

मनोरा वन क्षेत्र में लगा हरियाली का मेला

हल्द्वानी, समाचार। चंद्र शेखर जोशी, प्रभागीय वनाधिकारी, नैनीताल वन प्रभाग के निर्देशन में गुरुवार को मनोरा वन क्षेत्र के मोरा में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाया गया यह महत्वपूर्ण कदम स्थानीय जनमानस के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।कार्यक्रम की शुरुआत में चन्द्र शेखर जोशी ने पीपल के पौधे के रोपण से हुई। इस अवसर पर विशेष रूप से पीपल, बड़, तुन, आंवला, जामुन सहित अनेक औषधीय व पर्यावरणीय महत्व के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी मनोरा मुकुल चन्द्र शर्मा, प्रभारी वन क्षेत्राधिकारी आनंद लाल, उप राजिक आनन्द प्रकाश सहित मनोरा वन क्षेत्र के समस्त महिला एवं पुरुष कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को दोहराया और वृक्षारोपण को एक सामाजिक आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।प्रभागीय वनाधिकारी जोशी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, “माँ के प्रति सम्मान और पर्यावरण की रक्षा दोनों को एक सूत्र में पिरोने वाला यह अभियान एक सशक्त संदेश देता है। हर नागरिक को चाहिए कि कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम जरूर लगाए।कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की टीम द्वारा स्थानीय लोगों को पौधों के महत्व और उनके संरक्षण की जानकारी भी दी गई। इस आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि प्रकृति और परिवार के बीच का संबंध अटूट है और उसे सहेजना हम सबका कर्तव्य है। इस सफल आयोजन के साथ ही नैनीताल वन प्रभाग ने पर्यावरण संवर्धन की दिशा में एक और उल्लेखनीय पहल को साकार किया।

भारत में होने जा रही जनगणना विश्व में आंकड़ों का सबसे अधिक संग्रहण

Breaking news with world map background. Vector

-राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर एमबीपीजी कॉलेज में गणित विभाग के तत्वावधान में कार्यशाला
हल्द्वानी: राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के अवसर पर एमबीपीजी कॉलेज में गणित विभाग के तत्वावधान में रविवार को एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने आंकड़ों का सार्वजनिक जीवन में उपयोग और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025-26 में भारत में जनगणना होने जा रही है, जो कि पूरी दुनिया में आंकड़ों का सबसे बड़ा संग्रहण होगा। कहा कि सभी विद्यार्थियों को इस जनगणना को गौर से देखना, समझना और प्रतिभाग करना चाहिए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली विश्वविद्यालय में सांख्यिकी विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गिरीश चंद्र ने प्रो. पीसी महालनोविस के जीवन और उनके भारत में योगदान पर प्रकाश डाला। प्रो. महालनोविस ने सेंट जेवियर कॉलेज कोलकाता से भौतिक विज्ञान में बीएससी ऑनर्स और एमएससी गणित कैंब्रिज विश्वविद्यालय से किया था। उन्हें भारत में सांख्यिकी के जन्मदाता के तौर पर जाना जाता है । उन्होंने भारत में द्वितीय पंचवर्षीय योजना का ड्राफ्ट बनाया था, जिसमें औद्योगिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। भारतीय संख्यिकी संस्थान कोलकाता की स्थापना भी उनके प्रयासों से हुई। नेशनल सैंपल सर्वे ऑर्गेनाइजेशन भी उन्हीं के प्रयासों से बना, जो कि देश में बड़े स्तर पर सामाजिक- आर्थिक मुद्दों पर आंकड़ों का सर्वे करता है। कार्यक्रम के आयोजक सचिव डॉ. नरेंद्र सिजवाली ने सांख्यिकी के क्षेत्र में बहुत सारे विकल्प विद्यार्थियों को बताए। कार्यक्रम में उपस्थित प्रो. प्रेम प्रकाश ने जीव विज्ञान के क्षेत्र में आंकड़ों के महत्व के बारे में बताया। देवीधुरा डिग्री कॉलेज, चंपावत में गणित के विभागाध्यक्ष डॉ. अमित सचदेव ने बच्चों को बताया कि डाटा साइंस आज सबसे अधिक लोकप्रिय विषय है। विद्यार्थियों को सांख्यिकी एवं गणित की मदद से इस क्षेत्र में अपने कॅरियर के बारे में सोचना चाहिए। कार्यक्रम में 65 विद्यार्थी उपस्थित रहे ।
इस दौरान प्रो. चंद्र सिंह नेगी, डॉ. रोहित कांडपाल, डॉ. अमिताभ प्रकाश, इंदर सिंह, तनूजा आदि उपस्थित रहे।

मालवाहक वाहनों के विरुद्ध चलाया अभियान, 34 चालान, 2 गाड़ी सीज

हल्द्वानी: परिवहन विभाग ने शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे मालवाहक गाड़ियों के विरुद्ध प्रवर्तन अभियान चलाया। जिसमें कुल 310 वाहनों को चेक किया गया। इस दौरान कुल 34 चालान किए गए, जिसमें 4 वाहनों को ओवरलोड पाए जाने पर कार्रवाई की गई। जबकि 2 गाड़ी सीज की गई। प्रवर्तन अभियान एआरटीओ प्रवर्तन जितेंद्र सिंगवान के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान में गोविंद चमोली, टीटीओ, ऊधमसिंहनगर को विशेष चेकिंग टीम के रूप में बुलाया गया था। आरटीओ सुनील शर्मा ने बताया कि अभियान गोविंदपुर गरवाल, पांडे नवाड़, पूरनपुर, आनंदपुर, पंचायत घर, कुसुमखेड़ा सेंट्रल हॉस्पिटल के पास क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान वाहनों के प्रपत्रों में कमी, वाहनों में रिफ्लेक्टर नहीं लगे होने सहित विभिन्न अभियोगों में कार्रवाई की गई। यह अभियान देर रात्रि चलाया गया।

आवास-विकास में जलभराव से निजात के लिए बनाई जाएगी पुलिया

-नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने रकसिया, कलसिया, देवखड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण
हल्द्वानी: शनिवार रात से हो रही लगातार बारिश के कारण रविवार को शहर के कई क्षेत्रों में जलभराव हुआ। जिस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नैनीताल रोड स्थित आवास-विकास में जलभराव होने से सड़क पर चलने वाले राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिसके बाद रविवार को नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने अस्थायी रूप से जलभराव की समस्या का समाधान किया। ऋचा सिंह ने बताया कि ड्रैनेज सिस्टम नहीं होने से जलभराव हो रहा है। बताया कि इसके स्थायी समाधान के लिए यहां पक्की नाली का निर्माण किया जाएगा। इधर, इंदिरानगर, टीपीनगर और गन्ना सेंटर क्षेत्र में भी जलभराव से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। नगर आयुक्त ने बताया कि इंदिरा नगर में नालों के ऊपर घर बनाए गए हैं, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग नालों में कूड़ा डालते हैं, जिस वजह से पानी की निकास नहीं हो पाती है। बताया कि अतिक्रमण का मामला वर्तमान में कोर्ट में लंबित है।
इधर, नगर निगम की टीम ने नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में देवखड़ी, कलसिया, रकसिया नाले और तीन पानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति के लिए निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी जगह स्थिति सामान्य पाई गई। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, मुख्य सफाई निरीक्षक अमोल असवाल आदि मौजूद रहे।


इन्सेट-
हीरानगर में जलभराव की समस्या दूर-
हीरा नगर स्थित एक निजी अस्पताल के सामने होने वाले जल भराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए पुलिया का निर्माण 20 दिन में पूरा कर लिया गया है। जिससे इस बरसात में इस जगह पर जल भराव से आम जनता को राहत मिली है। उल्लेखनीय है कि हर साल इस जगह पर जलभराव होता था, जिससे लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता था। पुलिया बनने के बाद समस्या का स्थायी समाधान हो गया है।

बदहाल सड़कों पर उम्मीदें उखड़ीं : बारिश में गड्ढों का सफर बना खतरा

-पेयजल व सीवर लाइन बिछाने के बाद नगर निगम की अधिकांश आंतरिक सड़कें खस्ताहाल
हल्द्वानी: शहर के विभिन्न वार्डों में अधिकांश आंतरिक सड़कें बदहाल पड़ी हैं। पेयजल व सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों में गड्ढे हो चुके हैं और ये जगह-जगह उखड़ी हुई हैं। अधिकांश सड़कें 3 से 4 माह से मरम्मत की राह देख रही हैं। मानसून सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन सड़कें जस की तस पड़ी हैं। बारिश में सड़कें पानी से लबालब भर जाती हैं। जिस कारण राहगीर और दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो जाते हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद 2 जुलाई से स्कूल खुल रहे हैं। लेकिन आंतरिक सड़कों की दुर्दशा सभी के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। अमृत विचार की टीम ने शनिवार को जब पड़ताल की तो इस दौरान अधिकांश सड़कें बदहाल स्थिति में नजर आई। क्षेत्र के लोगों ने भी सड़कों की हालत को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की और खुलकर अपनी समस्याएं सामने रखी। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि जिन सड़कों में पेयजल व सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़कें खराब हैं, वहां यूयूएसडीए की ओर से सड़कों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई सड़कों में पेयजल व सीवर लाइन बिछाई जानी है, जिस वजह से इनका निर्माण नहीं किया जा रहा है।

लोगों से बातचीत- फोटो टिकट साइज

कॉलोनी में घर होने के साथ ही दुकान भी चलाता हूं। चार महीने से सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। न तो सड़क की मरम्मत की गई और न ही इसे समतल किया गया है। बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में समस्या होती है। बारिश के दौरान महिलाओं को भी परेशानी होती है।- शैलेंद्र सिंह रावत, सर्वोदय कॉलोनी

पेयजल व सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क को तत्काल समतल किया जाना चाहिए था। लेकिन सड़क को अपने हाल पर छोड़ दिया गया। चार माह होने को हैं, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। जिससे स्थानीय लोगों की मुसीबतें बढ़ चुकी हैं।- शंभू शाह, सर्वोदय कॉलोनी

बारिश के बाद सड़क दलदल बन जाती है। जिससे पैदल चलना तो दूर दोपहिया वाहन चलाना भी मुश्किल हो जाता है। बारिश में सड़क जलमग्न होने पर बच्चों को स्कूल छोड़ने के लिए दूसरे रास्ते से ले जाना पड़ता है। आए दिन कई बच्चे और महिलाएं इसमें चोटिल हो चुके हैं।- योगेश आर्या, ओम विहार

मानसून शुरू होने के बाद लोगों की मुसीबतें और बढ़ चुकी हैं। खराब सड़क पर बरसात के दौरान बुजुर्गों का चलना दूभर हो जाता है। सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। लेकिन इसकी मरम्मत नहीं की जा रही है। जिससे लोग परेशान हैं।- जवाहर वर्मा, सर्वोदय कॉलोनी

पड़ताल-
1.गड्ढे और जगह-जगह उखड़ी सड़क ने जज फार्म में बढ़ी मुसीबत-
जज फार्म में पेयजल व सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कें खोदी गई थी। लाइनें बिछाए हुए तीन से चार माह बीत चुके हैं। लेकिन अभी तक सड़कों की मरम्मत नहीं की गई है। सड़क का आधा हिस्सा उखड़ा हुआ है और इसमें जगह-जगह गड्ढे हैं। आए दिन इन गड्ढों के कारण लोग चोटिल होते रहते हैं। खासकर बच्चों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र में सैकड़ों परिवार रहते हैं। सड़कों की मरम्मत के लिए क्षेत्र के लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक इसका समाधान नहीं हुआ है।

  1. सर्वोदय कॉलोनी में जान जोखिम में डालकर बच्चे जाते हैं स्कूल-
    डहरिया क्षेत्र में सर्वोदय कॉलोनी की सड़कें करीब चार माह से खस्ताहाल पड़ी हैं। पेयजल व सीवर लाइन की खोदाई के बाद सड़कें उबड़-खाबड़ रास्ते में तब्दील हो चुकी हैं और जगह-जगह गड्ढे बन चुके हैं। बारिश में जलभराव होने से लोगों का सड़क से गुजरना दूभर हो रहा है। छोटे स्कूली बच्चों के आवागमन में अभिभावक अपने साथ ही बच्चों की जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरते हैं। सड़क में गड्ढे होने से बारिश में घरों के आगे तलैया बन जाती है, जिससे बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है।

3.मल्ली बमौरी में सुस्त गति से हो रहा कार्य-
मल्ली बमौरी में सरदार की कोठी वाले चौराहा से लक्ष्मीनगर क्षेत्र में सीवर लाइन डाली गई। सीवर लाइन के चलते यहां नई सड़क को खोद दिया गया। सीवर लाइन डाले हुए दो माह का समय बीत गया है लेकिन अभी तक सड़क नहीं बनाई गई है। इसी तरह लक्ष्मीनगर में भी सीवर लाइन डाली जा रही है लेकिन यह काम बेहद ही सुस्त गति से चल रहा है। जिस वजह से गली एक माह से बंद है। लोग काम की सुस्त गति की वजह से परेशान हो गए हैं।

4.ओम विहार में बारिश में सड़कें बन जाती हैं तालाब-
डहरिया क्षेत्र में ओम विहार में बारिश में सड़कें जलमग्न होकर तालाब बन जाती हैं। सड़कों की हालत इतनी खराब है कि थोड़ी सी बारिश में सड़कों में जलभराव हो जाता है। जिस कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। पास में ही स्थित एक निजी स्कूल में बच्चों को पहुंचाने के लिए अभिभावकों को लंबी दूरी तय कर दूसरे रास्ते का सहारा लेना पड़ता है। लोगों का कहना है कि वह सड़क ठीक करने को लेकर कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन मानसून शुरू होने के बाद भी इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।

भीषण बारिश में भी नहीं थमा जनसंपर्क, अनीता बेलवाल ने घर-घर पहुंचकर मांगा समर्थन

हल्द्वानी समाचार: ज़िला पंचायत सीट संख्या 19 आमखेड़ा-चोरगलिया से प्रत्याशी अनीता बेलवाल ने रविवार को मूसलधार बारिश के बावजूद अपने जनसंपर्क अभियान को जारी रखते हुए ज़मीनी जुड़ाव का परिचय दिया।

उन्होंने बसन्तपुर पूर्वी व पश्चिमी, बांसखेड़ा सेलाभावर, सुंदरपुर बेलवाल और रतनपुर गांव में डोर-टू-डोर प्रचार कर मतदाताओं से मुलाकात की और अपने विजन को साझा किया।

अनीता बेलवाल ने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वे क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करेंगी और सतत विकास कार्यों को गति देंगी।

जनसंपर्क अभियान के दौरान बारिश भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष डॉ. मुकेश बेलवाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद अनीता जी के साथ है, और वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कटिबद्ध हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी भारी बारिश के बीच उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की और आशा जताई कि इस बार पंचायत में एक सक्रिय और जनसेवक प्रतिनिधि को मौका मिलेगा।

भाजपा अध्यक्ष पद की दौड़ तेज, कई नाम रेस में, केंद्रीय नेतृत्व कर सकता है चौंकाने वाला फैसला

देहरादून: भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड में प्रदेश अध्यक्ष पद पर चयन की घोषणा कर दी है। एक जुलाई को प्रदेश भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मिल सकता है। चुनाव की प्रक्रिया 29 जून से शुरू होने की संभावना है। पार्टी राष्ट्रीय परिषद के लिए आठ सदस्यों का भी चुनाव करेगी। उत्तराखंड में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराने के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को चुनाव अधिकारी बनाया है। भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी खजानदास के मुताबिक, 29 जून को प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय परिषद के सदस्य पद के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है। ऐसा हुआ तो उसी दिन चुनाव में प्रतिभाग करने वाले मतदाताओं के नामों की सूची भी प्रदेश पार्टी कार्यालय में चस्पा हो जाएगी। फिर 30 जून को नामांकन की प्रक्रिया होगी और एक जुलाई को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है। इसका विधिवत रूप से कार्यक्रम जल्द जारी होगा। उन्होंने कहा कि अब तक प्रदेश में बूथ, मंडल और जिलाध्यक्षों का चयन प्रक्रिया संपन्न हो गई है।

भाजपा का अगला प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इसे लेकर अभी रहस्य बना हुआ है। हालांकि पार्टी के भीतर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को दोबारा जिम्मेदारी दिए जाने की भी चर्चाएं भी तैर रही हैं। इसके पीछे की वजह अब तक हुए चुनाव में पार्टी की कामयाबी, पार्टी के सभी बड़े नेताओं में उनकी स्वीकार्यता और मुख्यमंत्री धामी से उनका समन्वय बताई जा रही है। चूंकि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अब तक चौंकाने वाले फैसले ही लेता रहा है, इसलिए पार्टी के भीतर जातीय व क्षेत्रीय समीकरणों के हिसाब से कुछ और नाम भी चर्चाओं में हैं। माना जा रहा है कि संगठन की कमान गढ़वाल क्षेत्र के ब्राह्मण चेहरे के हाथों में सौंपी जा सकती है। इस हिसाब से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए जो नाम संगठन में गूंज रहे हैं उनमें प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, दर्जाधारी ज्योति प्रसाद गैरोला, वरिष्ठ विधायक विनोद चमोली, विधायक बृजभूषण गैरोला के नामों की चर्चा है। पार्टी में यदि महिला को कमान सौंपने का प्रयोग हुआ तो महिला चेहरे के तौर पर केदारनाथ की विधायक आशा नौटियालव महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज के नाम प्रमुख हैं।

क्रिकेट मैच में बेइज्जती का बदला, थप्पड़ के बदले मारी गोली

हल्द्वानी। टीपी नगर चौकी क्षेत्र में सरेआम गोलियां चलाकर कत्ल की कोशिश करने वाले सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं। इस मामले में पुलिस ने सात लोगों की गिरफ्तारी करते हुए उस असलहे को भी बरामद कर लिया है, जिससे फायर झोंका गया था। इस गोली कांड की वजह एक थप्पड़ था। ये थप्पड़ क्रिकेट मैच के दौरान गोली से घायल हुए व्यक्ति ने गोली चलाने वाले को जड़ा था।

शुक्रवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि 23 जून को कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के प्रेमपुर लोशज्ञानी रोड स्थित बिड़ला स्कूल के पास फायरिंग की घटना हुई थी। 25 जून को रामपुर रोड स्थित चांदनी चौक बल्यूटिया आनंदपुर निवासी जितेंद्र सिंह मेहरा ने हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। बताया था कि 23 जून को शाम साढ़े सात बजे उसका छोटा भाई हरीश सिंह मेहरा अपने साथी नीरज भगत, भूपेंद्र सिंह बोरा व गणेश सिंह दरम्वाल के साथ कार में सवार बिड़ला स्कूल से छड़ायल की तरफ जा रहा था। कार को नीरज भगत चला रहा था। तीनतास प्रेमपुर लोश्ज्ञानी रोड को क्रास करते ही जब सभी बिड़ला स्कूल की तरफ मुड़े तो वहां पहले से घात लगाए बैठे रोहित मंडोला उर्फ राजा व उसके 10-12 हथियारबंद साथियों ने गाड़ी पर हमला कर दिया।

हरीश को बचाने के लिए जब भूपेंद्र व गणेश कार से बाहर आए तो हथियारबंद लोगों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। रोहित मंडोला उर्फ राजा ने पिस्टल निकालकर हरीश पर फायर झोंक दिया। पिस्टल से निकली गोली बीच-बचाव कर रहे भूपेंद्र को लग गई। रोहित ने दूसरा फायर भी भूपेंद्र पर झोंक दिया। रोहित मंडोला उर्फ राजा के साथ अन्नू बिष्ट, विशाल बिष्ट, अक्षय रंगवाल, उज्जवल परगांई के हाथ में हथियार थे। जबकि अन्य सात-आठ लोगों के हाथों में डंडे थे। एसपी सिटी का कहना है कि मोबाइल सर्विलांस और दर्जनों सीसीटीवी खंगालने के बाद पुलिस ने टीम ने मुख्य अभियुक्त रोहित मंडोला उर्फ राज मंडोला पुत्र भूपेंद्र सिंह मंडोला निवासी हरिपुर लालमणि गन्ना सेंटर सहित कुल 7 अभियुक्तों को बेलबाबा मंदिर स्थित वन विभाग चेक पोस्ट के पास जंगल से गिरफ्तार कर लिया। रोहित मंडोला के कब्जे से घटना में पिस्टल बरामद की गई है। एसपी सिटी के मुताबिक करीब 20 दिन पहले क्रिकेट मैच में हरीश और और रोहित के बीच विवाद हो गया। वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और उन्हीं के सामने हरीश ने रोहित को तमाचा जड़ दिया था। इससे रोहित के कान में चोट आई थी। इसी थप्पड़ का बदला लेने के लिए रोहित ने हरीश को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अभी छह और लोगों की गिरफ्तारी की जानी है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com