अभिभावकों ने स्कूल में दिया धरना-समायोजन का आदेश रद्द करने की मांग को लेकर बीईओ को सौंपा ज्ञापन
हल्द्वानी: राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय इंद्रपुर, हल्दूचौड़ को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ में समायोजित किए जाने के फैसले के खिलाफ क्षेत्र में विरोध शुरू हो गया है। मंगलवार को विद्यालय के अभिभावकों ने अपने बच्चों के साथ स्कूल परिसर में धरना दिया और इस निर्णय के खिलाफ आवाज उठाई। अभिभावकों ने बाद में खंड शिक्षा अधिकारी लालकुआं को एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें समायोजन प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने की मांग की गई। धरने का नेतृत्व विद्यालय की प्रबंधन समिति (एसएमसी) की अध्यक्ष रेखा बेलवाल और पीटीसी अध्यक्ष निर्मला टम्टा ने किया। उन्होंने क्लस्टर विद्यालय योजना का विरोध करते हुए कहा कि यदि इंद्रपुर विद्यालय को समायोजित किया गया, तो अभिभावक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। अभिभावकों ने कहा कि यह निर्णय बच्चों की शिक्षा, सुविधा और विद्यालय की पहचान को प्रभावित करेगा। क्षेत्र के अन्य लोगों ने भी इसे जनविरोधी बताते हुए तत्काल प्रभाव से आदेश को रद्द करने की मांग की है।
हल्द्वानी: नगर निगम की ओर से सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। कूड़ा फेंकने वालों की पहचान करने के लिए नगर निगम की ओर से नई पहल की गई है। जिसके तहत चंबल पुल में कूड़ा फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाकर इसकी शुरुआत की गई है। साथ ही इस कैमरे का इस्तेमाल महिला सुरक्षा के लिए भी किया जा सकेगा, जिसमें संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जाएगी।
यह देखने में आ रहा था कि चंबल पुल के पास बार-बार सफाई करने के बाद भी लोग अपनी गाड़ियों में लाकर बड़ी मात्रा में कूड़ा फेंक रहे हैं। इसके स्थानी समाधान के लिए नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने इस जगह पर कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे, जिस पर मंगलवार को कैमरा लगा दिया गया है। नगर आयुक्त ने बताया कि इस कैमरे के माध्यम से कूड़ा फेंकने वालों पर निगरानी रखी जाएगी और पहचान कर उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि शीघ्र ही अन्य स्थानों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे जहां लोग बड़ी मात्रा में कूड़ा डालते हैं। साथ ही इन कैमरों का प्रयोग महिला सुरक्षा में भी किया जाएगा।
हल्द्वानी: परिवहन विभाग की ओर से मंगलवार को जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 140 वाहनों के चालान किए गए और ऑटो, ई-रिक्शा, पिकअप और एक टैक्सी सहित कुल 9 वाहनों को सीज किया गया। यह कार्रवाई विभिन्न यातायात और परिवहन नियमों के उल्लंघन को लेकर की गई। अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी जितेंद्र सांगवान ने किया। इस दौरान परिवहन कर अधिकारी गोविंद सिंह, अपराजिता पांडे, अनुभा आर्य, परिवहन निरीक्षक आरसी पवार, गिरीश कांडपाल और नंदन रावत की टीम ने जिले के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान ट्रक, बस, टैक्सी, मैक्सी, ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी बाइक और कार जैसे वाहनों के विरुद्ध टैक्स, फिटनेस, परमिट शर्तों का उल्लंघन, एसओपी का अनुपालन न करना, हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनना, ओवरलोडिंग और नो पार्किंग जैसे मामलों में प्रवर्तन कार्रवाई की गई। हल्द्वानी क्षेत्र में विशेष रूप से नरीमन चौक, निर्मला सेंट थरेसा, नैनी वैली, बीयरशिवा स्कूल और कालाढूंगी मार्ग पर गहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यहां 27 ई-रिक्शा और ऑटो चालकों पर यूनिफॉर्म न पहनने के आरोप में चालान किए गए। वहीं, नैनीताल क्षेत्र में 20 वाहनों के चालान नो पार्किंग के तहत काटे गए। अभियान में सहायक परिवहन निरीक्षक चंदन ढैला, अनिल कार्की, चंदन सुफ्याल, गोधन सिंह, अरविंद, मोहम्मद दानिश, और हंसी आदि अधिकारी शामिल रहे। आरटीओ प्रवर्तन गुरदेव सिंह ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे जिससे नियमों का कड़ाई से पालन हो।
हल्द्वानी: पॉलीशीट वार्ड में परित्यक्त प्लाईवुड गोदाम की भूमि का असामाजिक तत्वों द्वारा दुरुपयोग किए जाने की शिकायत का संज्ञान लेते हुए नगर प्रशासन द्वारा रात्रि निरीक्षण किया गया।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी गोपाल चौहान एवं एसडीएम हल्द्वानी राहुल शाह द्वारा क्षेत्रीय पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों के साथ संयुक्त रूप से पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उक्त परित्यक्त भूमि के प्रवेश द्वार पर गोदाम संचालक द्वारा सीमांकन के लिए अस्थायी बैरिकेडिंग (फेंसिंग) की गई है।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में स्थित अन्य खाली भूखंडों का भी अवलोकन किया गया। सड़कों पर किए गए अतिक्रमणों को मौके पर हटाया गया एवं निजी भूमि स्वामियों को निर्देशित किया गया कि वे अपनी भूमि की सीमा सुरक्षित रूप से चिन्हित करें ताकि भविष्य में कोई अवांछनीय गतिविधि न हो सके।
इसके अतिरिक्त, नगर निगम द्वारा क्षेत्र के अंधेरे स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु स्ट्रीट लाइट्स लगाए जाने का निर्णय लिया गया है, जिससे रात्रिकालीन गतिविधियों पर नियंत्रण और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
यह भी निर्देशित किया गया कि यदि भविष्य में उक्त प्लाईवुड गोदाम की भूमि का पुनः असामाजिक तत्वों द्वारा उपयोग किया जाता है और गोदाम संचालक द्वारा प्रवेश पर रोक नहीं लगाई जाती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सतत निगरानी रखने और इस प्रकार की गतिविधियों पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसे आकर्षक हेडिंग के साथ खबर बनाएं।
-बाजार में खरीदारी करने पहुंचे ग्राहकों व आम जनता झेलती है परेशानी हल्द्वानी: नगर निगम के अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार चलाए जा रहे अभियान के बावजूद शहर में धड़ल्ले से अतिक्रमण का खेल चल रहा है। शहर में मुख्य बाजार क्षेत्र के साथ ही जगह-जगह सड़कों पर ठेले-फड़ वालों का कब्जा है। मुख्य बाजार क्षेत्र की स्थिति सबसे खराब है, यहां दुकानों के आगे सड़क पर सामान सजाकर व्यवसाय किया जा रहा है। सोमवार को की गई पड़ताल में पाया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में मुख्य बाजार सहित सड़कों और अन्य गलियों में अस्थायी अतिक्रमण सामान्य बात बन चुकी है। दुकानें अपनी सीमा से आगे सड़क तक फैल चुकी हैं। दुकानदारों ने फुटपाथ तक पर सामान रख दिया है और ठेले-खोमचे वालों ने पूरी सड़क को अपना बाजार बना लिया है। बाजार में आने वाले ग्राहकों और आम जनता को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संकरी हो चुकी सड़कों से पैदल निकलना भी अब चुनौती बन गया है। वाहन चालकों को जाम में फंसना पड़ता है। वहीं बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को बाजार में चलना तक मुश्किल हो गया है। त्योहारों या विशेष मौकों पर यह स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है। जहां कार्रवाई की जाती है, वहां से कुछ समय के लिए अतिक्रमण हटता जरूर है, लेकिन कुछ ही दिनों में फिर से वही हालात बन जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से अभियान चलाया जाता है, लेकिन इसका स्थायी समाधान निकालना जरूरी है। इधर, नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। मुख्य बाजार सहित जहां भी अतिक्रमण किया गया है, वहां टीम भेजकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
कारखाना बाजार में सड़क पर सजा चूड़ियों का बाजार, आड़े-टेढ़े खड़े वाहन- कारखाना बाजार में व्यवसायियों ने दुकान का सामान छज्जे से बाहर सड़क पर रखा है। यहां सड़क पर चूड़ियों का बाजार सजा दिया गया है। साथ ही दोपहिया वाहन भी आड़े-टेढ़े किए जा रहे हैं। जिससे बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों और अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर रोज जब शाम होने पर दुकानें बंद की जाती हैं, तो सड़क चौड़ी नजर आती है, लेकिन फिर अगली सुबह वही नजारा देखने को मिलता है।
बर्तन बाजार में भी वही हाल, आधा सामान दुकान से बाहर- बर्तन बाजार में भी अतिक्रमण के वही हाल नजर आए। यहां दुकानों के बाहर बर्तन सजाए गए हैं। जिससे दोनों ओर सड़क का आधा हिस्सा घिर चुका है। इसके साथ ही अन्य फड़-ठेले वाले भी यहां सड़क पर अपनी सामान सजाकर बेच रहे हैं। सहालग के सीजन में बाजार में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। साथ ही दोपहिया वाहन लेकर भी शहरवासी यहां आते हैं, लेकिन सड़क घिरी होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
अतिक्रमण के कारण सदर बाजार में भी लगता है जाम- अतिक्रमण के कारण सदर बाजार में भी जाम लगता है। यहां पूजा सामग्री और रेडीमेड कपड़ों की बिक्री होती है। व्यवसायियों ने अपनी दुकानों के आगे सड़क पर सामान रखा है। जिससे भीड़ बढ़ने पर आम जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। साथ ही यहां दोपहिया वाहनों को भी आड़े-टेढ़े खड़ा कर दिया जाता है, जिससे कई बार वाहन चालकों और अन्य राहगीरों को भीड़ से निकलना मुश्किल हो जाता है।
रात होते ही चौड़ा नजर आता है मीरा मार्ग, अगली सुबह वही हाल- मीरा मार्ग में भी खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। यहां सड़क काफी चौड़ी है, लेकिन अतिक्रमण के कारण दिन के समय यह सड़क आधी हो जाती है। जबकि रात में सड़क फिर से चौड़ी नजर आती है। यहां हर दिन लगभग यही नजारा देखने को मिलता है। सोमवार को पड़ताल के दौरान भी यहां दिन के समय अतिक्रमण देखने को मिला।
-20 टैंपो ट्रैवलर से देहरादून-मसूरी व हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर जाम से मिलेगी राहत
हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड परिवहन निगम की 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी (टैंपो ट्रैवलर) सेवाओं का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इन आधुनिक और सुविधाजनक वाहनों में से 10 टैंपो ट्रैवलर देहरादून-मसूरी और 10 हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर चलेंगी। इस पहल से पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ दोनों प्रमुख रूटों पर जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो को 4-4 टेंपो ट्रैवलर उपलब्ध कराई गई हैं। जबकि 2 टेंपो ट्रैवलर भवाली डिपो को मिलेंगी। हल्द्वानी से नैनीताल का किराया करीब 100 रुपये होगा। साथ ही इन वाहनों को बुकिंग पर भी भेजा जाएगा, जिससे उत्तराखंड परिवहन निगम की आय भी बढ़ेगी। वाहन का संचालन बिना परिचालक के किया जाएगा। हल्द्वानी डिपो के एआरएम संजय पांडे ने बताया कि आज मंगलवार को चालक गाड़ी लेकर हल्द्वानी पहुंच जाएंगे। उन्होंने बताया कि कल बुधवार से इनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय से जीटीसी हेलीपैड तक टैंपो ट्रैवलर में सफर कर इन वाहनों का अनुभव भी लिया। उन्होंने कहा कि यदि यह पहल सफल रहती है तो राज्य में ऐसी सेवाओं की संख्या और भी बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि वातानुकूलित टैंपो ट्रैवलर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और किफायती यात्रा का अनुभव देंगी, जिससे प्रदेश की आर्थिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के हर क्षेत्र को बेहतर सड़क नेटवर्क और विश्वसनीय परिवहन सेवाओं से जोड़ना है। कहा कि डीए में बढ़ोतरी करना हो, 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना हो या निगम में भर्तियों के माध्यम से मानव संसाधन बढ़ाना हो, पूरी प्रतिबद्धता के साथ उनके कल्याण के लिए कार्य किये जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम लगातार तीसरे साल मुनाफे में चल रहा है, जो सरकार की प्रतिबद्धता और पारदर्शी कार्यप्रणाली का प्रमाण है। बताया कि बस बेड़े में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रमुख सचिव एवं परिवहन निगम अध्यक्ष एल फैनई, एमडी रीना जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
-बंद फव्वारे को लेकर पार्षद रवि जोशी के धरने के बाद नगर निगम ने कराई सफाई
हल्द्वानी: हीरानगर जेल रोड चौराहे पर स्थित ‘आई लव हल्द्वानी’ साइन और फव्वारा एक बार फिर अपनी रौनक बिखेरेंगे। लंबे समय से बंद पड़े फव्वारे और आसपास की गंदगी को लेकर पार्षद रवि जोशी ने सोमवार को फव्वारे के सामने धरना दिया, जिसके बाद नगर निगम ने यहां सफाई कराई। पार्षद जोशी ने आरोप लगाया कि 80 लाख रुपये की लागत से बनाए गए इस फव्वारे को केवल प्रतीकात्मक रूप से साल में दो माह ही चलाया जाता है, जबकि इसकी देखरेख पूरी तरह से उपेक्षित है। उन्होंने कहा कि यह चौराहा हल्द्वानी शहर की पहचान है, लेकिन यहां अतिक्रमण और गंदगी के कारण बदहाल स्थिति बनी हुई है। धरने की सूचना पर नगर आयुक्त ऋचा सिंह और लेखाकार गणेश भट्ट मौके पर पहुंचे और पार्षद को सफाई कार्य और फव्वारा दोबारा चालू कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद पार्षद ने धरना समाप्त किया गया। नगर आयुक्त के निर्देश के बाद तत्काल सफाई अभियान शुरू किया गया, साथ ही खराब लाइटों और फव्वारे की मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। पार्षद जोशी ने यह भी आरोप लगाया कि फव्वारे के सामने की सड़क अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुकी है, जहां ठेले और व्यवसायियों ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने नगर आयुक्त से इस क्षेत्र में सख्त अतिक्रमण हटाने की मांग की। नगर निगम ने आश्वस्त किया है कि न केवल फव्वारे को दोबारा शुरू किया जाएगा, बल्कि क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर इसे फिर से ‘शहर की शान’ बनाया जाएगा।
-नगर निगम में डेथ सर्टिफिकेट के लिए समुदाय विशेष को हो रही परेशानी
हल्द्वानी: नगर निगम में इन दिनों एक समुदाय विशेष के लोग अपने परिजनों के मृत्यु प्रमाण पत्र (डेथ सर्टिफिकेट) के लिए परेशान हो रहे हैं, लेकिन प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहे हैं। नगर निगम के जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कार्यालय से उन्हें रसीद के अभाव के चलते लौटा दिया जा रहा है, जिससे परेशान होकर लोग नगर आयुक्त ऋचा सिंह से सीधे मुलाकात कर रहे हैं। दरअसल, पूर्व में फर्जी डेथ सर्टिफिकेट जारी करने के एक मामले के चलते राजपुरा कब्रिस्तान कमेटी को भंग कर दिया गया है। कमेटी भंग होने के बाद अब यहां बिना किसी वैध रसीद के शवों को दफनाया जा रहा है, जिससे संबंधित व्यक्ति के परिजन नगर निगम में प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन रसीद नहीं होने के कारण उनका आवेदन स्वीकार नहीं हो रहा है। सोमवार को वार्ड 26 के पार्षद प्रतिनिधि एक व्यक्ति के डेथ सर्टिफिकेट की समस्या लेकर नगर आयुक्त ऋचा सिंह के पास पहुंचे। जब नगर आयुक्त ने कब्रिस्तान की रसीद मांगी, तो बताया गया कि वर्तमान में कमेटी ही नहीं है, इसलिए रसीद नहीं दी गई। इस पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम बिना आवश्यक दस्तावेजों के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं कर सकता। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पूर्व में फर्जी प्रमाण पत्र जारी होने की शिकायत सामने आ चुकी है, ऐसे में अब किसी भी स्थिति में नियमों से समझौता नहीं किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बिना वैध रसीद व दस्तावेजों के मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
-काठगोदाम में ऑल इंडिया एससी-एसटी रेलवे एंप्लॉयी एसोसिएशन की बैठक संपन्न हल्द्वानी : ऑल इंडिया एससी-एसटी रेलवे एम्पलाई एसोसिएशन की इज्जतनगर मंडल की काठगोदाम शाखा पर एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में रेल कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं और संगठन की सदस्यता बढ़ाने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने भाग लिया और अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा किया। बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि संगठन हमेशा उनके हितों के लिए तत्पर है और किसी भी समस्या के समाधान के लिए संगठन के दरवाजे हमेशा खुले हैं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में संगठन को और सशक्त बनाने के लिए सदस्यता अभियान को तेज किया जाएगा और कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। इस दौरान एसोसिएशन के जोनल अध्यक्ष माननीय बच्चू लाल, इज्जतनगर मंडल अध्यक्ष अनुज कुमार, मंडल मंत्री प्रवीन प्रकाश निश्चल, मंडल कोषाध्यक्ष सुबोध कुमार, काठगोदाम शाखा के कोषाध्यक्ष बजरंग प्रसाद, उपाध्यक्ष करम सिंह तोमर, सहायक सचिव विजय सिंह, संगठन मंत्री सुधीर कुमार, बने सिंह, सुभाष चन्द्र जोशी, अमित कुमार, चम्पा देवी और मलखान मीणा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हल्द्वानी : पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच की ओर से हरेला पर्व हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। मंच ने बैठक कर मेले की रुपरेखा तैयार की।मंच कार्यकारिणी की बैठक गुरुवार को हीरा नगर स्थित कार्यालय में संपन्न हुई। इसमें अध्यक्ष खड़क सिंह बगड़वाल ने बताया कि पर्वतीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान हरेला मेला हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी धूमधाम से मनाया जाएगा। मेला 12 से 16 जुलाई तक मनाया जाएगा। इस अवसर पर दुकानें भी आवंटित की जाएंगी। मेले में बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के खेलकूद के कार्यक्रम भी होंगे। इसी के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भागीदारी करने विभिन्न दलों के कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए संपर्क करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष हरेले मेल को आकर्षक व भव्य बनाने का निर्णय लिया गया है। बैठक में हुकुम सिंह कुंवर, देवेंद्र तोलिया, कैलाश चंद्र जोशी, शोभा बिष्ट, धर्म सिंह बिष्ट, पुष्पा सम्मल, संदीप भैसोड़ा, बृजमोहन बिष्ट, यशपाल टम्टा, ऋतिक आर्य, चंद्रशेखर परगई, संजय कनेरा, भुवन जोशी आदि उपस्थित रहे।