हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

सड़क पर मनमानी महंगी पड़ी! परिवहन विभाग का शिकंजा, 159 चालान, 5 वाहन जब्त

हल्द्वानी। परिवहन विभाग ने बुधवार को सघन प्रवर्तन अभियान चलाते हुए यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान में 159 वाहनों के चालान किए गए और ऑटो, बस व पिकअप सहित पांच वाहन सीज कर दिए गए।प्रवर्तन टीम ने बस, ट्रक, टैक्सी, मैक्सी, ई-रिक्शा, ऑटो, कार और दोपहिया वाहनों की गहन चेकिंग की। लालकुआं मार्ग पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में वाहन संचालन करते पकड़े गए 50 वाहनों पर चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन, यूनिफॉर्म न पहनना, टैक्स और फिटनेस की कमी, इंश्योरेंस व प्रदूषण प्रमाणपत्र न होना, सीट बेल्ट का प्रयोग न करना, रिफ्लेक्टर व नंबर प्लेट संबंधी खामियां, हेलमेट न पहनना, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना, ओवरलोडिंग और नो-पार्किंग उल्लंघन जैसे मामलों में भी जुर्माना लगाया गया।

इस प्रवर्तन अभियान का नेतृत्व सहायक परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जितेंद्र सांगवान, परिवहन कर अधिकारी अनुभा आर्य व अपराजिता पांडे, परिवहन निरीक्षक आरसी पवार, गिरीश कांडपाल और नंदन रावत ने किया। इस दौरान सहायक परिवहन निरीक्षक चंदन सुप्याल, चंदन ढैला, अनिल कार्की, परिवहन आरक्षी विनय कुमार, मो. साहिल, अरविंद, गौरव, गीता, निधि, मानवी और हंसी आदि मौजूद रहे। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com