
हल्द्वानी समाचार : सरोवर नगरी नैनीताल में वाहनों से पेट्रोल-डीजल चोरी करने वाले चोरों के हौसले बुलंद हैं। रिहायशी क्षेत्रों की सड़कों पर खड़े वाहनों से पेट्रोल, डीजल, बैटरी, स्टेपनी और अन्य सामान चोरी होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। अब एक ताजा घटना में बाइक से पेट्रोल चोरी करते दो युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। जानकारी के अनुसार, नैनीताल निवासी अर्जुन की बाइक पिछले दिनों सड़क पर खड़ी थी। इस दौरान चोर बाइक की टंकी से करीब आठ लीटर पेट्रोल निकाल ले गए। घटना से परेशान अर्जुन ने अपने पड़ोसी हरीश को इसकी जानकारी दी। इसके बाद हरीश ने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरा लगवा लिया, ताकि दोबारा होने वाली वारदात को कैमरे में कैद किया जा सके। शुक्रवार सुबह एक बार फिर अर्जुन की बाइक की तेल की टंकी खाली मिली। शक होने पर उन्होंने पड़ोसी हरीश से सीसीटीवी फुटेज देखने को कहा। फुटेज में पूरी वारदात सामने आ गई। सीसीटीवी में तड़के करीब 4:15 बजे दो युवक बाइक से मौके पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने आसपास की गतिविधियों की परवाह किए बिना अर्जुन की खड़ी बाइक से पेट्रोल निकाल लिया और वहां से फरार हो गए। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मल्लीताल रिक्शा स्टैंड से जिला परिषद होते हुए मॉल रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों से तेल चोरी की घटनाएं पहले सामने आ चुकी हैं। स्कूटी और बाइक से बड़ी मात्रा में पेट्रोल चोरी किए जाने की शिकायतें शहर में आम हैं। घटना के बाद अर्जुन समेत अन्य पीड़ित मल्लीताल कोतवाली पहुंचे और पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अब पुलिस चोरों की पहचान और तलाश में जुटी है। स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाकों में रात और तड़के के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि वाहनों से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।






Leave a Reply