हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

खरगे का मोदी-शाह पर हमला : ‘सही हैं तो संसद में नीट पेपर लीक पर बहस कराएं’, -रामलीला मैदान से भाजपा सरकार पर निशाना, बेरोजगारी, पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा।

हल्द्वानी : उत्तराखंड में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है। शनिवार को रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनौती देते हुए कहा कि अगर सरकार सही है तो छात्रों के आंदोलन के मुद्दे पर संसद में बहस कराए। खरगे ने कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने से छात्र परेशान हैं। अपनी मांगों को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले छात्रों के साथ दमनात्मक रवैया अपनाया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसी दबाव से डरने वाले नहीं हैं और संविधान, लोकतंत्र, गरीबों, महिलाओं और छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला करते हुए कहा, “मोदी जी, तुमसे और तुम्हारे शाह से नहीं डरते। 56 इंच की छाती सिकुड़ गई क्या? विद्यार्थियों से बात नहीं कर सकते क्या?” उन्होंने संसद में विपक्ष द्वारा गतिरोध पैदा किए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संसद को विपक्ष ने नहीं, बल्कि सरकार ने खुद चलने नहीं दिया। खरगे ने बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि 2014 में हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं को कितनी नौकरियां मिलीं। खरगे ने दावा किया कि देश में करीब 30 लाख सरकारी पद रिक्त हैं, लेकिन उन्हें भरा नहीं जा रहा है। ऐसे में विकसित भारत की बात कैसे की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास रोजगार और विकास को लेकर स्पष्ट विजन और योजना है। सत्ता में आने पर योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था को मजबूत करने का भी उन्होंने वादा किया। खरगे ने उत्तराखंड के युवाओं को प्रतिभाशाली बताते हुए अल्मोड़ा के युवा आविष्कारक रवि टम्टा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि रवि टम्टा ने अपने दम पर उड़ने वाली कार तैयार की है।‘भाजपा की वॉशिंग मशीन में साफ हो रहे भ्रष्टाचार के आरोपी’भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि जिन नेताओं पर भाजपा पहले भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर कार्रवाई की बात करती थी, बाद में उन्हीं नेताओं को पार्टी में शामिल कर लिया जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने ऐसे नेताओं को ‘वॉशिंग मशीन’ में डालकर साफ करने का काम शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com