हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

हल्द्वानी में गैस संकट : मंडलायुक्त ने किया कालाबाजारी का पर्दाफाश।

हल्द्वानी : पश्चिम एशिया में जारी युद्ध जैसे हालातों के कारण उत्पन्न गैस संकट के बीच नैनीताल जिला प्रशासन जहां उपभोक्ताओं को सुचारु और पारदर्शी ढंग से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के प्रयास कर रहा है, वहीं कुछ कर्मचारियों की ओर से कालाबाजारी और अनियमितताओं से व्यवस्था को चुनौती दी जा रही है। सोमवार को मंडलायुक्त दीपक रावत को सूचना मिली कि हल्द्वानी के डहरिया क्षेत्र में महेंद्र फोटो स्टूडियो के पास इंडेन गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है। जांच में सामने आया कि गैस वितरित कर रहे कर्मियों ने 10 भरे हुए सिलेंडर मौके पर छोड़ दिए और बिना खाली सिलेंडर लिए ही वहां से चले गए। इस संदिग्ध स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार और कर्मचारियों को तलब कर स्पष्टीकरण मांगा। हालांकि कोई भी व्यक्ति बिना खाली सिलेंडर लिए 10 भरे सिलेंडर एक साथ रखने का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जिस पर मंडलायुक्त ने केएमवीएन के महाप्रबंधक को सिलेंडर वितरण में लगे आउटसोर्स कर्मचारियों संदीप, प्रेमपाल सिंह ठाकुर और प्रमोद चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि गैस वितरण व्यवस्था को किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दिया जाएगा। कालाबाजारी और घटतौली की शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com