

हल्द्वानी समाचार : मानसून की पहली बारिश ने ही शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोलकर रख दी है। कुछ घंटों की बारिश के बाद ही कई इलाकों में नाले और नालियां ओवरफ्लो हो गईं, जिससे घरों और दुकानों के आगे पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा और जनजीवन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात से पहले नालों की सफाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सफाई कार्य में लापरवाही बरती जाती है। यही वजह है कि थोड़ी सी बारिश में ही जलभराव की समस्या सामने आ जाती है।बताया जा रहा है कि नगर निगम की ओर से नालों की सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया में देरी होने के कारण इस वर्ष सफाई व्यवस्था प्रभावित रही। इसका असर अब मानसून की शुरुआत के साथ ही दिखाई देने लगा है। लोगों ने नगर निगम से जल्द प्रभावी सफाई अभियान चलाकर जलभराव की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है। नगर निगम के वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी सीएस तोलिया ने बताया कि पहले नाले के टेंडर में देरी हुई। टेंडर होने के बाद ठेकेदार की ओर से काम में देरी और लापरवाही बरती जाने की शिकायत मिली, जिस पर उसे दो बार वार्निंग लेटर दिया जा चुका है। अब शीघ्र कार्य पूरा नहीं किए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।







Leave a Reply