हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

पिथौरागढ़ः नाचनी डाकघर में डाक निरीक्षक 15 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

पिथौरागढ़ न्यूजः सीबीआई ने बुधवार को नाचनी डाकघर में तैनात डाक निरीक्षक शशांक सिंह राठौर को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। यह रकम उन्होंने बागेश्वर जिले के खेती गांव निवासी दुकानदार सुरेश चंद से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत मिले लोन की सब्सिडी पास कराने के नाम पर मांगी थी।सीबीआई के अनुसार, सुरेश चंद की नाचनी में ‘ममता म्यूजिक एंड इलेक्ट्रॉनिक्स’ नाम से दुकान है। उन्होंने 3 जनवरी 2020 को जिला उद्योग केंद्र, पिथौरागढ़ से छह लाख रुपये का लोन लिया था, जिसमें से 2.10 लाख रुपये की सब्सिडी मिलनी थी। इसके लिए नाचनी डाकघर से सत्यापन रिपोर्ट जरूरी थी। जब सुरेश चंद ने डाक निरीक्षक राठौर से संपर्क किया, तो उन्होंने फाइल में कमियां बताकर मामले को टालना शुरू कर दिया। 20 जून को सुरेश चंद ने दोबारा संपर्क किया, तब राठौर ने पोस्ट मास्टर नंदन गिरी और डाकिया खुशाल सिंह के माध्यम से 21 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। सुरेश चंद ने इसकी शिकायत सीबीआई से की और राठौर से बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपी। रिकॉर्डिंग में राठौर 15 हजार रुपये पर सहमत हो गया। जांच पूरी करने के बाद सीबीआई की ट्रैप टीम ने बुधवार को नाचनी डाकघर में राठौर को सुरेश चंद से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इस मामले में पोस्ट मास्टर और डाकिया की कोई संलिप्तता नहीं पाई गई। आरोपी को गुरुवार को स्पेशल सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com