हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

अवैध शराब की बिक्री पर जिम्मेदार अधिकारियों पर होगी कार्रवाई।

हल्द्वानी : कुमाऊं मंडल में बाहरी राज्यों से आ रही अवैध शराब और गली-मोहल्लों में खुलेआम बिक्री की शिकायतों को लेकर आबकारी आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाया है। आयुक्त ने मंडल के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि यदि अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक नहीं लगी, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुमाऊं के संयुक्त आयुक्त आबकारी केके कांडपाल के अनुसार, राज्य के बाहर से आने वाली अवैध शराब को किसी भी कीमत पर रोका जाएगा। साथ ही, आबकारी अधिनियमों का उल्लंघन करते हुए गली-मोहल्लों में शराब बेचने वालों पर भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि जिला आबकारी निरीक्षक और आबकारी निरीक्षक अपने दायित्वों का सही निर्वहन नहीं करते हैं, तो विभाग उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाएगा। इस मामले में जब जिला आबकारी निरीक्षक धीरेन्द्र बिष्ट और आबकारी निरीक्षक मीनाक्षी टम्टा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन नहीं उठाया, जिसे गैर-जिम्मेदाराना रवैया माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने इस संबंध में राज्य आबकारी आयुक्त को शिकायत की थी। वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि आगामी रणनीति तय करने के बाद इसके खिलाफ आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com