हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

आबकारी विभाग ने मूंदी आंखें, ढोई जा रही अवैध शराब। क्या कर रहा है आबकारी विभाग ??

हल्द्वानी : नैनीताल जिले में अवैध शराब कारोबार को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रामपुर रोड स्थित एक बार से एक व्यक्ति को स्कूटी के जरिए 192 टेट्रा पैक शराब ले जाते हुए पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस शराब को कुसुमखेड़ा क्षेत्र में खुलेआम बेचने के लिए ले जा रहा था। इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि शहर में अवैध तरीके से शराब का कारोबार बिना किसी रोक-टोक के फल-फूल रहा है और आबकारी विभाग को इसकी भनक तक नहीं लग रही। जहां एक ओर पुलिस “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार चेकिंग अभियान चलाकर अवैध शराब, चरस और अन्य तस्करी के मामलों का खुलासा कर रही है, वहीं दूसरी ओर आबकारी विभाग की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है। विभाग की निष्क्रियता के चलते अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।इस पूरे मामले ने नैनीताल जिले के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। स्थानीय लोगों में भी इसको लेकर आक्रोश है और वे मांग कर रहे हैं कि इस नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की जाए। अब देखना यह होगा कि आबकारी विभाग इस मामले में कोई ठोस कदम उठाता है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा। हल्द्वानी समाचार ने पूर्व में अपनी ग्राउंड रिपोर्ट में शहर में अवैध तरीके से शराब के कारोबार को लेकर सवाल खड़े किए थे और गली मोहल्लों में अवैध तरीके से शराब की बिक्री के बारे में खुलासा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com