हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

कैंची धाम मेले में 800 से अधिक पुलिसकर्मी देंगे ड्यूटी

नैनीताल। कैंची धाम मेले की तैयारियों को लेकर एडीजी कानून व्यवस्था ने अधीनस्थों के साथ बैठक की। उन्होंने कैंची धाम व पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन, कंट्रोल रुम से निगरानी, पुलिस ड्यूटी प्रबंधन, यातायात व पार्किंग प्रबंधन समेत पुलिस आचरण पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश अधीनस्थों को दिए। गुरुवार को एडीजी कानून व्यवस्था वी मुरुगेशन ने कैंची धाम में दर्शन कर बाबा का आर्शीवाद लिया। उन्होंने मंदिर परिसर, पार्किंग स्थल, यातायात मार्ग व संभावित भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन में अधीनस्थों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर समिति से समन्वय स्थापित करते हुए मंदिर प्रवेश व निकासी की व्यवस्था की जाए। स्वयंसेवियों की मदद से भीड़ व यातायात प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मेला परिसर में ड्यूटी रुम स्थापित कर जिम्मेदार अधिकारी तैनात किए जाए।

सीसीटीवी व ड्रोन की मदद से क्षेत्र की रियल टाइम मॉनीटेरिंग कर अराजक तत्वों व अफवाह फैलाकर धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जाए। कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सादे वस्त्रों में कर्मी तैनात करें। क्षेत्र को जोन व सेक्टर में विभाजित कर सुनियाजित तरीके से ड्यूटी लगाई जाए। मेले को लेकर विशेष यातायात प्लान बनाकर विभागीय वेबसाइट व इंटरनेट मीडिया माध्यम व फ्लैक्स बोर्ड लगाकर श्रद्धालुओं को अवगत कराए। पुलिस श्रद्धालुओं से विनम्र व्यवहार करें। संवेदनशील गतिविधि की वीडियोग्राफी कर कर्मी सजगता से ड्यूटी करें। एडीजी ने पत्रकार वार्ता कर कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से मेले के लिए तीन कंपनी पीएसी व 800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बैठक में आईजी रिद्धिम अग्रवाल, एसएसपी पीएन मीणा, एसपी नैनीताल जगदीश चंद्रा, हल्द्वानी एसपी प्रकाश चंद्र, सीओ प्रमोद साह, नितिन लोहनी, सुमित पांडे समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com