हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

अवैध मदरसे व स्लॉटर हाउस को बंद कराने की मांग

नगर पालिका में अवैध निर्माण, अतिक्रमण, अवैध रूप से संचालित मदरसे व स्लॉटर हाउस को बंद करने समेत अन्य मांगों को लेकर भाजपा, व्यापारी व हिन्दूवादी संगठन के पदाधिकारियों के एक शिष्टमंडल ने ईओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने पूर्व में बंद स्लॉटर हाउस को संचालित करने वाले अधिकारी, कर्मचारी व स्लॉटर हाउस संचालित करने वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही न होने पर जमकर हंगामा काटा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम जंतवाल के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारी, हिंदू संगठनों, व्यापारियों व स्थानीय जनता ने नगर पालिका सभागार में ईओ अभिनव कुमार से क्षेत्र में चल रहे अवैध मदरसे, स्लॉटर हाउस की जांच कर बंद कराने की मांग की। उन्होंने बाजारों से अतिक्रमण, मेथीसाह नाले के किनारे विशेष समुदाय द्धारा अतिक्रमण कर भवनों के निर्माण, साप्ताहिक हाट बाजार के प्रत्येक व्यापारी दरों को बोर्ड में अंकित, मुख्य बाजार से वाइन शॉप व अस्पताल के सामने से चिकन शॉप को स्थानांतरित करने, हनुमान मंदिर के समीप मांस के अवशेषों को फेकने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने बाबा श्याम के संकीर्तन में विशेष समुदाय के लोगों द्वारा पथराव किए जाने की घटना की निंदा करते हुए बाहर से आ रहे विशेष समुदाय के राशन कार्ड, अधार कार्ड, जाति व स्थाई प्रमाण पत्रों की गहनता से जांच की मांग की। उन्होंने 7 दिन के अंदर में कोई कार्यवाही नहीं होने पर उग्र आंदोलन और नगर पालिका का घेराव करने की चेतावनी दी। ईओ अभिनव कुमार ने जल्द सभी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान दीवान सिंह बिष्ट, विनोद बुढलाकोटी, हरीश कनवाल, कुदंन बसेड़ा, शोभा पांडे, कविता वालिया, पूरन जोशी, भुवन कुमार, ममता साह, कैलाश बुढलाकोटी, विक्रम चौहान, दीपा देवी, मनोज पंत, गिरीश पडलिया, जगत सिंह, मयंक गुप्ता, नरेन्द्र सामंत, राजीव वालिया, मनोज पेटशाली, विनोद कुमार, गुड्डु चौहान, महेन्द्र दिगारी, जीवन भट्, राजू जंतवाल व कमल जंतवाल सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
अधिशासी अधिकारी के समय से न पहुंचने पर की तालाबंदी
कालाढूंगी। भाजपा व हिन्दूवादी संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधि व व्यापारियों का एक शिष्टमंडल सोमवार को सुबह 11 बजे अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार से मिलने पहुंचे। मगर ईओ एक बजे तक कार्यालय में नहीं पहुचने पर सभी का पारा चढ गया तो उन्होंने तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। डेढ़ बजे पहुंचे अधिशासी अधिकारी को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। उन्होंने पूर्व में अवगत कराने के बावजूद ईओ के कार्यालय में न होने पर नाराजगी जताई।

वनाग्नि रोकथाम को लेकर वन विभाग की फायर ड्रिल

-रानीबाग के आसपास के गांवों में चलाया जनजागरुकता अभियान
संवाददाता, हल्द्वानी
अमृत विचार: रानीबाग के पास वनाग्नि की रोकथाम को लेकर वन विभाग ने फायर ड्रिल का प्रदर्शन किया। साथ ही विभाग ने आसपास के गांवों में जनजागरुकता अभियान चलाया। साथ ही विभाग ने वनाग्नि की रोकथाम को लेकर आसपास के गांवों में जनजागरुकता अभियान चलाया। वनाग्नि रोकथाम के लिए आयोजित कार्यक्रम में सलड़ी वन पंचायत और जोली वन पंचायत के सरपंचों ने भी प्रतिभाग किया। विभाग ने रानीबाग-ज्योलीकोट मार्ग पर रैली निकालकर लोगों को जागरुक किया। इस दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी राज कुमार, वन क्षेत्राधिकारी मनोरा वन क्षेत्र मुकुल चंद्र शर्मा, विजय मेलकानी, वन क्षेत्राधिकारी भवाली वन क्षेत्र, राजकुमार, एसडीओ नैनीताल सहित मनोरा रेंज के 75 कार्मिक, फायर वॉचर, भवाली रेंज के 25 कार्मिक, फायर वॉचर और नैना रेंज के 11 कार्मिक और फायर वॉचर उपस्थित रहे।

जल संस्थान पर 49 करोड़ बकाया वसूली का लक्ष्य, वसूले 31 करोड़-बकाया वसूली के लिए विभाग ने गठित की चार टीमें, मौके पर जाकर कर रहे वसूली

संवाददाता, हल्द्वानी
शहर में इन दिनों जल संस्थान बिलों के बकाया की वसूली के लिए अभियान चला रहा है। विभाग के पास कमर्शियल के साथ ही घरेलू कनेक्शनों के कई बिल बकाया हैं। विभाग पर कुल 49 करोड़ का बकाया था, जिसमें विभाग ने अभी तक 31 करोड़ रुपए के बकाये की वसूली कर ली है। वसूली के लिए टीमें प्रतिदिन लगी हुई हैं। विभाग ने वसूली के लिए चार टीमों का गठन किया है। जिसमें 30 से ज्यादा कर्मचारी लगाए हुए हैं। जिसमें लेखा विभाग से लेकर विभाग के जेई तक मौके पर जाकर वसूली कर रहे हैं।
विभाग की ओर से चार टीमें गठित की गई हैं। जिसमें काठगोदाम, ऊंचापुल, तिकोनिया स्थित ईई और ट्रांसपोर्ट नगर की टीमें शामिल हैं। एक टीम में 5 से 7 कर्मचारी लगाए गए हैं। कुल चार टीमों में 30 से ज्यादा विभागीय कर्मचारियों को वसूली के लिए लगाया गया है। जल संस्थान के ईई आरएस लौशाली ने सभी बकायेदारों से बकाया 31 मार्च से पहले जमा करने की अपील की है। कहा कि इसके बाद बिलों के बकाये का भुगतान नहीं किये जाने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा।

इनसेट
शहर में लगाए गए हैं कैंप-
बिजली के बकाये की वसूली के लिए विभाग ने बनभूलपुरा सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में कैंप लगाए हैं। बकायेदार इन कैंपों में जाकर छूट का लाभ लेकर बिजली का बिल जमा कर रहे हैं। साथ ही तिकोनिया स्थित जल संस्थान के कार्यालय में जाकर भी बिल जमा करने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। 31 मार्च तक बकाया बिलों में विभाग की तरफ से 100 प्रतिशत तक छूट की जाएगी।

बाजार में भगवा रंग, मोदी और योगी के मुखोटे की धूम

हल्द्वानी, अमृत विचार। इन दिनों शहर में होली की धूम है और बाजार में पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी के नाम की पिचकारी की बिक्री भी तेजी पर है। इस होली पर भगवा रंग की भी खूब डिमांड है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है। शहर की दुकानों में इस होली में मोदी, योगी के नाम की पिचकारी ने धूम मचाई हुई है। पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ का क्रेज होली के त्योहारों में भी पर चढ़कर बोल रहा है। मोदी योगी के मुखोटे, अबीर भगवा रंग, होली के कपड़े, पिचकारी अधिक बिक रहे हैं।

ग्राहक भी इसे खूब पसंद कर रहे हैं। होली का त्यौहार नजदीक आते ही हल्द्वानी का बाजार अब पूरी तरीके से सज गया है। दुकानों में तरह-तरह के रंग और पिचकारी बच्चों को आकर्षित कर रही हैं। शहर के प्रमुख रेलवे बाजार, सदर बाजार और सैकड़ों दुकानों में रंगों के त्यौहार के लिए विशेष सामग्रियां आई है। भगवा रंग के गुलाल की अधिक मांग है, लोग भगवा रंग को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। वहीं दुकानदारों का कहना है कि इस बार मोदी योगी की पिचकारी और भगवा रंग खूब बिक रहा है। साथ ही कुमाऊं की होली में होल्यारों का मुंह मीठा कराने का भी रिवाज है। जिस वजह से हल्द्वानी के बाजार में होली के त्यौहार में गुड़ की डिमांड भी बढ़ गई है।

होली में पारंपरिक साड़ी का महत्व, महिलाएं क्यों पहनती है सफेद साड़ियां

हल्द्वानी। हिन्दू धर्म में होली को अत्यधिक महत्वपूर्ण पर्व के रूप में मनाया जाता है, जिसमें महिलाओं की पारंपरिक होली की बात ही निराली है। यहां महिलाएं अपनी पारंपरिक कुमाऊंनी होली की साड़ी पहनकर खड़ी और बैठकी होली में हिस्सा लेती हैं। जिससे माहौल होलीमय हो जाता है। वहीं, महिलाओं में कुमाऊंनी होली की साड़ी उनकी सुंदरता में चार चांद लगा देता है।

होली पर आपने देखा होगा कि ज्यादातर लोग हलके रंग के कपड़े ही पहनते हैं। इसमें सफ़ेद रंग के कपड़ों की डिमांड सबसे ज्यादा रहती है। होली की पारंपरिक कुमाऊंनी साड़ी होलियार महिलाओं की अब पहचान बन चुकी है। होली के त्योहार पर सफ़ेद कपड़े पहने जाते हैं, जहां महिलाएं सफ़ेद साड़ी या सफ़ेद सलवार सूट के साथ लाल दुपट्टा लेती हैं वहीं पुरुष ज्यादातर सफ़ेद कुर्ता पहनते हैं। सफ़ेद कपड़े पहनने के पीछे की ख़ास वजह यह है कि दरअसल, सफ़ेद रंग शांति का प्रतीक माना जाता है। होली के दिन लोग पुराने गीले-शिकवे भूलकर दोस्ती कर लेते हैं? ऐसे में माना जाता है कि सफ़ेद रंग पहनना दोस्ती बढ़ाने में मदद करता है, सफ़ेद रंग के कपड़ों पर कलर्स उभरकर दिखते हैं। इस वजह से भी होली में लोग सफ़ेद कपड़े पहनना पसंद करते हैं।

कुमाऊंनी होली में पारंपरिक परिधान का काफी महत्व है। अपनी संस्कृति को देखते हुए होलियार महिलाएं कुमाऊंनी वेशभूषा के अनुसार होली का वस्त्र धारण करती हैं। इससे पहाड़ी संस्कृति का प्रचार प्रसार भी हो जाता है। यह साड़ी खासकर होली के मौके पर पहनी जाती है। यह साड़ी मुख्यत लाल और सफेद रंग की होती है। इनमें सफेद साड़ी के ऊपर लाल रंग के बुरांस और गुलाब के फूल बने होते हैं। यह साड़ियां सिंथेटिक, सूती और सिल्क में बनाई जाती हैं।

हल्द्वानी: पति और बेटी को छोड़कर प्रेमी के साथ भागी महिला, युवक ने भी दिया धोखा

Haldwani News: रामपुर रोड टीपी नगर की रहने वाली एक महिला को ठेले वाले से प्रेम करना भारी पड़ गया। महिला का आरोप है कि युवक ने खुद को शादीशुदा बताया था और कहा था कि उसकी पत्नी से तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, और महिला उसके प्रेम जाल में फंस गई।

प्रेमी पर विश्वास करके महिला ने अपनी सात साल की बच्ची, पति और ससुराल को छोड़ दिया। वह अपने साथ दो लाख रुपये नकद और करीब दस लाख रुपये के जेवर भी ले गई थी। युवक ने उसे मुखानी में एक किराये के मकान में रखा, जहां दोनों कुछ समय तक साथ रहे।

कुछ समय बाद बदला युवक का रवैया

शुरुआत में दोनों के बीच सब कुछ ठीक था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद युवक ने महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है।

धोखा देकर पहली पत्नी के पास लौटा प्रेमी

महिला का आरोप है कि युवक उसके सारे पैसे और गहने लेकर फरार हो गया। इतना ही नहीं, वह अपनी पहली पत्नी के पास लौट गया।

पुलिस से न्याय की गुहार

धोखा खाने के बाद महिला कोतवाली पहुंची और पुलिस से आरोपी युवक को पकड़ने की मांग की। उसने पुलिस को तहरीर देते हुए कहा कि वह प्रेमी के झांसे में आ गई और अब उसे न्याय चाहिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन: मथुरा, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर भी रुकेगी

होली पर यात्रियों के लिए खुशखबरी, लालकुआं-राजकोट स्पेशल ट्रेन शुरू

9 मार्च से 27 अप्रैल तक चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे प्रशासन ने होली के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए लालकुआं-राजकोट साप्ताहिक होली स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 9 मार्च से 27 अप्रैल 2025 तक प्रत्येक रविवार को लालकुआं से राजकोट के लिए चलेगी, जबकि वापसी में 10 मार्च से 28 अप्रैल 2025 तक प्रत्येक सोमवार को राजकोट से लालकुआं के लिए संचालित होगी।

रूट और ठहराव

लालकुआं से ट्रेन दोपहर 1:10 बजे प्रस्थान करेगी और किच्छा, बहेड़ी, भोजीपुरा, बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस, मथुरा, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर, समदड़ी, जालोर, भीलड़ी, पाटन, महेसाणा होते हुए अगले दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी

राजकोट से वापसी

वापसी में ट्रेन रात 10:30 बजे राजकोट से चलेगी और अगले दिन महेसाणा, पाटन, जालोर, समदड़ी, जोधपुर, जयपुर, मथुरा, बरेली होते हुए तीसरे दिन सुबह 4:05 बजे लालकुआं पहुंचेगी

हल्द्वानी इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू होगी स्वीमिंग , फीस और आकर्षक पैकेज जारी

Haldwani News: International Stadium: Swimming 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए हल्द्वानी तथा गौलापार में खेल विभाग द्वारा निर्मित स्टेडियमों अनेक सुविधाओं विकसित की गई हैं। इंडोर स्टेडियम गौलापार में भी राष्ट्रीय खेलों के दौरान स्विमिंग की स्पर्धाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल, प्रेक्टिस पूल एवं डाइविंग पूल निर्मित किया गया है। सालभर तैराकी का आनंद लेने के लिए पानी गर्म करने के लिए हीटिंग प्लांट भी लगाए गए हैं। राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद इन सुविधाओं का लाभ स्थानीय खिलाड़ियों आम नागरिकों एवं स्कूली बच्चों को मिल सके और इनका समुचित रखरखाव हो सके, इसके लिए जिला खेल प्रोत्साहन समिति की बैठक ए पी बाजपेयी, नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी की अध्यक्षता में की गई। जिसमें स्विमिंग पूल को संचालित करने, समर कैम्प आयोजित करने, स्थानीय व्यक्तियों एवं खिलाड़ियों एवं स्कूलों के लिए पैकेज निर्धारित कर प्रत्येक कैटेगिरी के लिए फीस नियत की गई है। हीटिंग प्लांट लगाए जाने के कारण संचालन व्यय में बृद्धि तथा शहर और आसपास संचालित निजी स्वीमिंग पूलों की फीस को ध्यान में रखते हुए शुक्ल नियत किया गया है।

17 मार्च स्वीमिंग पूल में तैराकी प्रारंभ हो जाएगी, इसके लिए आवेदन पत्र शुक्रवार दिनांक 7 मार्च से मिनी स्टेडियम हल्द्वानी और गौलापार इंडोर स्टेडियम से प्राप्त किये जा सकते हैं। इस तरह की प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए आवेदनकर्ता को एमबीबीएस चिकित्सक द्वारा निर्गत स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जमा किया जाना अनिवार्य है, चिकित्सक द्वारा प्रशिक्षण लेने वालों के लिए फिजिकल फिटनेस, मिर्गी, हार्ट डिजीज,डिप्रेशन, डायबिटीज अन्य संक्रामक रोग के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र लाना होगा।

बर्फबारी और बारिश से बढ़ी ठंड, उत्तराखंड में मौसम का ताजा अपडेट जारी

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों में मौसम में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले। पहाड़ी इलाकों में जहां ताजा बर्फबारी हुई, वहीं मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इस बदलाव से राज्य में ठंडक बढ़ गई थी, लेकिन अब मौसम पूरी तरह साफ हो चुका है।

बर्फबारी से पर्यटन को मिला बढ़ावा

राज्य के 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते सप्ताह हुई बर्फबारी के चलते पर्यटन गतिविधियों में तेजी आई। बड़ी संख्या में सैलानी बर्फबारी का आनंद लेने के लिए पहाड़ी इलाकों का रुख कर रहे हैं, जिससे स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिला। हालांकि, अब मौसम खुल गया है और आने वाले दिनों में साफ बना रहने की संभावना है।

मौसम पूर्वानुमान: शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को उत्तराखंड के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। देहरादून में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मुख्य शहरों का तापमान:

  • देहरादून: अधिकतम 23.8°C, न्यूनतम 9°C
  • पंतनगर: अधिकतम 25°C, न्यूनतम 10.5°C
  • मुक्तेश्वर: अधिकतम 17.7°C, न्यूनतम 2.8°C
  • नई टिहरी: अधिकतम 16°C, न्यूनतम 3.4°C

दिन में खिली धूप, रात में हल्की ठंड

पिछले कुछ दिनों में उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय तेज धूप देखने को मिली, जिससे लोगों को हल्की गर्मी महसूस हुई। हालांकि, रात के समय ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

वायु गुणवत्ता में मामूली गिरावट

बुधवार को देहरादून का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 119 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। हालांकि, बीते दिन की तुलना में वायु गुणवत्ता में थोड़ी गिरावट देखी गई।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के अनुसार, आगामी दिनों में राज्य में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पहाड़ी और मैदानी दोनों ही क्षेत्रों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। राज्य में किसी भी तरह की मौसमीय गतिविधि फिलहाल नजर नहीं आ रही है।

मौसम के साफ रहने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को राहत मिली है। सैलानी अब बिना किसी चिंता के पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद ले सकते हैं।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com