हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

यंग बिजनेस मीट में मेयर ने युवा व्यापारियों से मांगे सुझाव, विकास में सहभागिता का किया आह्वान।

हल्द्वानी समाचार : शहर में आयोजित ‘यंग बिजनेस मीट विद मेयर’ कार्यक्रम में मेयर गजराज बिष्ट ने युवा व्यापारियों और नए मतदाताओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने शहर के विकास को लेकर उनके सुझाव और विचार जाने। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा उद्यमियों को शहर के विकास की प्रक्रिया में सहभागी बनाना और स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा। मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता संबंधी योजनाओं से युवाओं के लिए नए मौके पैदा हुए हैं। उन्होंने व्यापारिक समुदाय से अर्बन प्लानिंग, सड़क व यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और लघु उद्योगों के विकास से जुड़े सुझाव साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि युवा व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी से शहर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और शहर के समग्र विकास को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान युवा व्यापारियों और नए मतदाताओं ने भी अपने सुझाव रखे। इनमें गौलापार क्षेत्र को ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर ‘ग्रेटर हल्द्वानी’ के रूप में विकसित करने, रोजगार सृजन के लिए औद्योगिक केंद्र स्थापित करने, व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने, स्थानीय बाजारों के आधुनिकीकरण, व्यापार के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने और युवाओं को वित्तीय और परामर्श सहायता प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल रहे। मेयर ने आश्वासन दिया कि कार्यक्रम में प्राप्त सुझावों का अध्ययन कर आगामी बैठकों में कार्ययोजना तैयार की जाएगी और उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल समेत शहर के युवा व्यापारी और नए मतदाता मौजूद रहे।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com