हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

हल्द्वानी में ट्रेन की चपेट में आए दो युवक, एक की दर्दनाक मौत, दूसरा घायल…

हल्द्वानी। दिल्ली से काठगोदाम आ रही रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन ने मंगलवार सुबह दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक की दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा इन्द्रानगर रेलवे फाटक के पास उस समय हुआ जब दोनों युवक पटरी के किनारे चल रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5 बजे के आसपास यह हादसा हुआ। ट्रेन की चपेट में आए दोनों युवकों को तत्काल हल्द्वानी रेलवे स्टेशन लाया गया, जहां से जीआरपी द्वारा 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया।

इलाज के दौरान जीशान (20 वर्ष), पुत्र असफर खां, निवासी कांटा शनि बाजार रोड, इन्द्रनगर ने दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मोहसिन (25 वर्ष), पुत्र अमीर अहमद, निवासी उत्तर उजाला को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए बरेली रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है, साथ ही घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा है।ह

कनाडा छोड़ उत्तराखंड पहुंची युवती, थाने में चला हाईवोल्टेज ड्रामा

रामनगर। सोशल मीडिया का जादू इस बार कनाडा से सीधा मालधनचौड़ पहुंचा! हैदराबाद की रहने वाली 19 वर्षीय युवती, जो कनाडा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी, इंस्टाग्राम के जरिए उत्तराखंड के एक 12वीं पास युवक के प्यार में ऐसी डूबी कि ना परिवार देखा, ना सरहदें – बस सीधा प्रेमी से मिलने निकल पड़ी। तेलंगाना के साकेत स्वारना की रहने वाली इस युवती के पिता इंजीनियर और मां प्रोफेसर हैं। इंस्टा पर 23 वर्षीय युवक से दोस्ती हुई जो फिलहाल रुड़की में आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहा है। दोनों की बातचीत इतनी गहरी हो गई कि शादी का फैसला ले लिया। बेटी की लोकेशन ट्रेस कर परिजन और हैदराबाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। दोनों को पकड़कर रामनगर कोतवाली लाया गया, जहां युवती को मनाने की तमाम कोशिशें की गईं, लेकिन उसने साफ कह दिया मैंने प्यार किया है, शादी की है और यहीं रहूंगी।

करीब चार घंटे तक थाने में हाईवोल्टेज ड्रामा चला। अंत में हैदराबाद पुलिस युवती को परिजनों के साथ लेकर वापस रवाना हो गई, फिलहाल वह युवक के घर पर ही है और दोनों परिवारों के बीच बातचीत जारी है। कोतवाल अरुण कुमार सैनी का कहना है – दोनों बालिग हैं और आपसी सहमति से शादी की है। पुलिस मामले पर नजर बनाए हुए है।

राजकीय इंटर कॉलेजों में होगी प्रधानाचार्यों की नियुक्ति, नियमावली को मिली मंजूरी

देहरादून: प्रदेश के 692 राजकीय इंटर कॉलेजों में लंबे समय से खाली पड़े प्रधानाचार्य पदों को भरने की उम्मीद अब और मजबूत हो गई है। करीब नौ महीनों से अटकी पड़ी सीमित विभागीय भर्ती परीक्षा अब पंचायत चुनावों के बाद आयोजित किए जाने की संभावना है। इस प्रक्रिया में सबसे बड़ी रुकावट बनी हुई भर्ती नियमावली की समीक्षा को लेकर गठित समिति ने अब बिना किसी संशोधन के नियमावली को स्वीकृति दे दी है, जिससे परीक्षा के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है।हालांकि, राजकीय शिक्षक संघ इस समय संगठन के प्रांतीय चुनावों की तैयारियों में व्यस्त है, और संभावना है कि परीक्षा प्रक्रिया का एक बार फिर विरोध किया जा सकता है।

इसके विपरीत, वे शिक्षक जो परीक्षा में भाग लेने के योग्य हैं, वे सरकार पर जल्द से जल्द परीक्षा की तारीख घोषित करने का दबाव बना रहे हैं। गौरतलब है कि शिक्षा विभाग ने पिछले वर्ष यह निर्णय लिया था कि 1385 इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य पदों का 50 प्रतिशत हिस्सा सीमित विभागीय परीक्षा के माध्यम से तथा शेष 50 प्रतिशत पदोन्नति से भरे जाएंगे। विभागीय नियमों के अनुसार, ऐसे प्रधानाध्यापक जो कम से कम दो वर्ष का अनुभव रखते हैं, वे इस परीक्षा में शामिल होने के पात्र माने जाएंगे। अब सभी की निगाहें सरकार पर टिकी हैं कि वह कब इस बहुप्रतीक्षित परीक्षा की तारीख की घोषणा करती है, जिससे वर्षों से रिक्त पड़े इन पदों पर योग्य अधिकारियों की नियुक्ति संभव हो सके।

शराब के नशे में स्टार्ट किया इंजन, काठगोदाम पुलिस ने लगाया ब्रेक

हल्द्वानी समाचार। ड्रंक एंड ड्राइव समेत विभिन्न तरीकों से यातायात नियमों का उलंघन करने वालों पर काठगोदाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जहां 8 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया, वहीं 5 कार और 3 मोटर साइकिलों को सीज कर दिया। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी और उनकी टीम ने हैड़ाखान मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इसमें तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले, बिना हेलमेट, तीन सवारी बैठाने वाले, हुड़दंग करने और महिलाओं से छेड़छाड़ करने वाले कुल 120 लोगों को किया चेक किया गया।

इस दौरान 8 वाहन चालक प्रमोद राजपूत निवासी नागेश्वर महादेव कालोनी बरेली रोड, अंकित जयसवाल निवासी शान्तिनगर ऋषिकेश, चंचल जोशी निवासी कोहली कालोनी बिठौरिया नंबर 1 हरिपुर नायक, रमेश सिंह निवासी नन्द राम पार्क उधमसिंह नगर, सतीश शर्मा निवासी निलियम कालोनी देवलचौड़ मानपुर पश्चिम, मनीष कुमार निवासी पुरानी चूंगी काठगोदाम, विरेन्द्र कुमार निवासी नवीन मण्डी हल्द्वानी और शुभम गुर्रानी निवासी कुसुमखेड़ा को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 31 व्यक्तियों से 14,500 का जुर्माना वसूला गया। जबकि 7 हुड़दंगियों से 1,750 वसूला गया।

भीमताल में 16 से लगेगा हरेला मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मचेगी धूम

भीमताल न्यूज। भीमताल में आगामी 16 जुलाई से आयोजित होने जा रहे हरेला मेले में ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा प्रस्तुत होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मचेगी। भीमताल में 21 जुलाई तक आयोजित होने वाले हरेला मेले के मुख्य आकर्षण का केंद्र प्रत्येक दिवस सायंकालीन सांस्कृतिक उत्सव रहता है। नगर पालिका के तत्वावधान में आयोजित होने वाले मेले में इस बार दो दर्जन से अधिक कलाकार प्रस्तुति देंगे। चयन समिति द्वारा स्वीकृत किए गए कलाकारों को नगर पालिका द्वारा भी स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस संबंध में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी उदयवीर सिंह ने बताया कि इस बार कलाकारों में राकेश खनवाल, दर्शन फर्स्वाण, खुशी जोशी, जितेंद्र तोमक्याल, कैलाश कुमार, किशोर कंडवाल, जगदीश कांडपाल, दीपक सुयाल के अलावा कुमाऊं म्यूजिकल ग्रुप मोहन, पार्वती कला संगम ग्रुप, पुष्पा फर्त्याल, सांस्कृतिक लोक कला समिति, कुमाऊं सांस्कृतिक कला उत्थान के कलाकारों के अलावा छोलिया नृत्य आदि मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

एक दोस्त से उधार लेकर रिश्तेदार को उधार दिए थे 5 लाख रुपए- न्यायालय के आदेश पर मुखानी पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

हल्द्वानी समाचार: जरूरतमंद रिश्तेदार की मदद के लिए एक दोस्त से उधार लेकर पांच लाख रुपए रिश्तेदार को दिए और महिला रिश्तेदार रुपए डकार गई। पीड़ित ने महिला रिश्तेदार के चक्कर में खुद पर मुकदमा दर्ज करा लिया, लेकिन पुलिस ने उसकी तहरीर पर महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया। मामले में मुखानी पुलिस ने अब न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुखानी थाना क्षेत्र निवासी कमल ने शिकायती पत्र में कहा कि मार्च 2022 को उनकी एक करीबी रिश्तेदार ने पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद मांगी। उनके पास इतनी रकम नहीं थी तो उन्होंने बार-बार मांगने पर अपने एक दोस्त से रुपये लेकर महिला को दे दिए। महिला ने वादा किया कि वह 6 माह में रुपए लौटा देगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कमल ने जिससे उधार लेकर महिला को दिए थे, उसे उन्होंने एक लाख रुपए वापस किए, लेकिन बाकी की रकम वापस नहीं कर सके। इस पर कमल पर उसी के दोस्त ने मुकदमा लिखा दिया।

कमल का कहना है कि वह मामले को लेकर एसएसपी तक गए, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। अब न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

आबकारी विभाग के ताबड़तोड़ छापे, तीन भट्ठियां तोड़ी

हल्द्वानी समाचार। पंचायत चुनावों को देखते हुए आबकारी विभाग ने अवैध रूप से जंगलों में कच्ची शराब बनाने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिससे शराब बनाने वालों में हड़कंप मच गया। आबकारी दल के आने की सूचना मिलते ही पेड़ो की आड़ लेते हुए वह भागने में सफल हो गए। दल ने भारी मात्रा में लहन नष्ट करने के साथ कच्ची शराब बरामद की है।
जिला आबकारी अधिकारी मीनाक्षी टम्टा के निर्देशन में आबकारी निरीक्षक रामनगर उमेश पाल द्वारा चलाए गए अभियान के अंतर्गत रामनगर के थारी, कांदला, कैरिलपुरी आदि कई स्थानों पर आबकारी टीम द्वारा दबिश दी गई।ॉ

दबिश के दौरान शराब तस्कर टीम को देख पेड़ों की आड़ लेकर भागने में सफल रहे परंतु मौके पर टीम ने शराब की तीन भट्ठियां तोड़ने के साथ ही मौके पर शराब बनाने वाले सभी उपकरणों को नष्ट किया। साथ ही, अज्ञात तस्करों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम में अभियोग दर्ज कराते हुए करीब 8000 किलो लहन नष्ट किया। 70 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।

नुमाइश के आयोजन के विरोध में धरना जारी


हल्द्वानी समाचार।
पार्षद रवि वाल्मीकि के नेतृत्व में स्थानीय जनता ने सोमवार को एमबी इंटर कॉलेज में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान अचानक गेट के अंदर से कुछ लोग निकल कर आए और अभ्रद भाषा का सभी लोगों से प्रयोग करने लग गए। पार्षद ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से धरना चल रहा था। लेकिन बाहर के लोग आकर खुलेआम गुंडागर्दी दिखा रहे हैं, जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए आर-पार की लड़ाई लड़नी पड़ेगी तो लड़ी जाएगी। यूकेडी के केंद्रीय महामंत्री सुशील लुनियाल ने कहा कि 42 शहादत होने के बाद भी उत्तराखंड के लोगों के पास काम नहीं है। बल्कि बाहर के लोगों को लाकर यहां पर बड़े-बड़े काम दिए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अभी तक आयोजकों को नुमाइश लगाने की अनुमति नहीं मिली है। काजल खत्री ने कहा कि नुमाइश के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है जिससे स्थानीय लोगों को बहुत परेशानी होती है। यूकेडी के संगठन मंत्री भुवन बिष्ट ने कहा कि नुमाइश का आयोजन इस स्थान से कही दूर अन्य स्थान पर किया जाए जहां भीड़-भाड़ वाला क्षेत्र नहीं हो। इस दौरान हरि जोशी, करण जोशी, राजू जोशी, जीवन मंडल, नीरज, हेमा सती, पूजा सती, किरण गोस्वामी, प्रेम बोरा, भावना शर्मा, गुंजन, कंचन जोशी, भावना मेहरा, केतन, प्रिंस, समीर, कार्तिक, सुमित, अनु विकास, विशाल, निखिल, हर्ष राजौर मौजूद रहे।

बागजाला के ग्रामीणों को डरा रहा है वन विभाग

हल्द्वानी, समाचार। अखिल भारतीय किसान महासभा बागजाला कमेटी के प्रतिनिमंडल ने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) तराई पूर्वी डिवीजन से मुलाकात की। आरोप था कि वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी ग्रामीणों को डरा रहे हैं।
सदस्यों ने कहा कि, बागजाला गांव में एक ग्रामीण के घर पर बनी नाली पर बच्चों और मवेशियों का पांव फसने का खतरा बना हुआ था जिससे उन्होंने नाली के उपर सीमेंट से स्लैब बनाकर कर उसका निराकरण किया। इसी पर बीते 7 जुलाई 2025 को वन विभाग के कर्मचारियों ने उनसे नाली के ऊपर बने रास्ते को स्वयं तोड़ देने को कहा।

इससे ग्रामीणों में डर के माहौल के साथ काफी रोष व्याप्त है। वन विभाग के कर्मचारी 10 जुलाई को पुनः आकर धमकी दे गए हैं जिस कारण गांव के लोग आशंकित और खौफजदा हैं। डीएफओ को दिए ज्ञापन में किसान महासभा बागजाला ने कहा कि, हम लोग बागजाला गांव की समस्याओं को हल करने की मांग को लेकर आपसे आपके कार्यालय में मिले थे। उस समय आपने क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत का आश्वासन दिया था, वह तो आज तक नहीं हुआ लेकिन वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी जिस तरह जनता को धमकाने का आचरण कर रहे हैं वह समझ से परे है। किसान महासभा बागजाला द्वारा मांग की गई कि इस मनमानी पर रोक लगाई जानी चाहिए। इस दौरान उपाध्यक्ष विमला देवी, सचिव वेद प्रकाश, कोषाध्यक्ष मीना भट्ट, प्रचार सचिव पंकज चौहान, भाकपा माले नैनीताल जिला सचिव डा कैलाश पाण्डेय, चन्दन सिंह मटियाली, प्रेम सिंह नयाल, शमीम बानो आदि थे।

एमबीपीजी में जारी हुई मेरिट कट ऑफ सूची, आज से ले सकेंगे प्रवेश

हल्द्वानी समाचार। एमबीपीजी कॉलेज में सोमवार को मेरिट कट ऑफ सूची जारी हो गई है। आज (मंगलवार) से कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिसमें प्रवेशार्थी अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ कॉलेज में उपस्थित होकर प्रवेश ले सकते हैं।
प्राचार्य एनएस बनकोटी की अध्यक्षता में सोमवार को कॉलेज की प्रवेश समिति की बैठक हुई। बैठक में प्रवेश प्रभारी डॉ. नवल लोहनी ने पीपीटी के माध्यम से कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से जारी प्रवेश नियमावली से समस्त कार्मिकों को अवगत कराया। इस दौरान स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेशार्थी की ओर से लिए जाने वाले डीएससी, जीई, वीएसी, एसईसी और एईसी आदि विषयों के बारे में जानकारी दी गई।
बैठक में कला संकाय, विज्ञान संकाय और वाणिज्य संकाय के समस्त प्रभारी और विभिन्न संकाय के प्रवेश समिति संयोजकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्हें प्रवेश के लिए जरूरी प्रमाण पत्रों की सूची उपलब्ध कराई गई। प्राचार्य बनकोटी ने प्रवेश कार्य में सभी कार्मिकों से सहयोग की अपेक्षा की और उन्हें शुभकामनाएं दी। इधर, कॉलेज प्रशासन ने बताया कि कुमाऊं विवि की ओर से जारी प्रवेश नियमावली के आधार पर कॉलेज में प्रवेश लेने के बाद अभ्यर्थी के शैक्षणिक प्रपत्र, टीसी, सीसी, माइग्रेशन आदि प्रपत्रों को प्रवेश से वंचित रहने या आगे अपनी पढ़ाई जारी नहीं रखने वाले विद्यार्थी तीन माह बाद वापस ले सकेंगे।

इस दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. बीआर पंत, प्रो. सीएस जोशी, डॉ. पंकज कुमार, प्रो.कमला पंत, प्रो. अंजू बिष्ट सहित प्रवेश समिति के सदस्य डॉ. रोहित कांडपाल, डॉ. शेखर कुमार, ममता अधिकारी, श्याम मेवाड़ी और कॉलेज के समस्त अध्यापक और कार्मिक उपस्थित रहे।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com