हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

जैंती में गूंजा शहीदों का जयघोष, धामदेव में मनाया 84वां बलिदान दिवस। भारी बारिश के बीच शहीद स्थल तक निकला जुलूस, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया नमन।

हल्द्वानी समाचार : धामदेव स्थित शहीद स्थल पर मंगलवार को 84वां बलिदान दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर वर्ष 1942 में आज ही के दिन शहीद हुए क्रांतिवीर नर सिंह धानक और टीका सिंह कन्याल को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण ढोल-नगाड़ों के साथ शहीद स्थल पहुंचे और अमर शहीदों के सम्मान में नारे लगाए। समारोह के मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि महात्मा गांधी के ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ आंदोलन की गूंज जब सुदूर सालम क्षेत्र तक पहुंची तो यहां के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और ग्रामीणों ने भी अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया। आंदोलनकारियों ने पोस्ट ऑफिस, पटवारी ऑफिस, पटवारी क्वार्टर और डाक बंगले को आग के हवाले कर दिया था। उन्होंने कहा कि इससे बौखलाई अंग्रेजी हुकूमत ने अल्मोड़ा से गोरी फौज भेजी। फौज ने निहत्थे ग्रामीणों पर गोलीबारी कर दी, जिसमें कांडे निवासी टीका सिंह कन्याल और चौकुना निवासी नर सिंह धानक शहीद हो गए, जबकि सैकड़ों क्रांतिकारी घायल हुए। शहीदों की स्मृति में हर साल बलिदान दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम के आयोजक पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने लोगों से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इससे पहले जैंती से धामदेव स्थित शहीद स्थल तक ग्रामीणों ने जुलूस निकाला। बारिश के बीच ढोल-नगाड़ों के साथ निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और शहीदों को नमन किया।समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी। इससे एक दिन पहले ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com