हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

गली-मोहल्लों में खुलेआम बिक रही शराब, आबकारी विभाग की चुप्पी पर सवाल।

हल्द्वानी समाचार : हल्द्वानी शहर की कई गली-मोहल्लों में बिना लाइसेंस और बिना किसी अधिकृत अनुमति के शराब की बिक्री किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। निर्धारित दुकानों के अलावा कथित तौर पर अलग-अलग स्थानों से शराब की बिक्री और डिलीवरी का खेल चल रहा है, लेकिन आबकारी विभाग की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ स्थानों पर शराब निर्धारित मूल्य से अधिक यानी ब्लैक में बेची जा रही है। आरोप है कि ड्राई डे के दौरान भी शराब की बिक्री जारी रहती है। कई जगहों पर एमआरपी से अधिक कीमत वसूलने के साथ ही बिना अधिकृत लाइसेंस के शराब बेचने की शिकायतें भी सामने आई हैं। शहर में दोपहिया वाहनों के जरिए घर-घर शराब पहुंचाए जाने की भी शिकायतें हैं। आरोप है कि अवैध बिक्री का यह नेटवर्क गली-मोहल्लों तक फैला हुआ है। इसके बावजूद आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम की कार्रवाई सीमित दिखाई देती है। खानापूर्ति तक सीमित कार्रवाई के आरोप स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की ओर से समय-समय पर छापेमारी और कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ मामलों में कार्रवाई खानापूर्ति तक सीमित रह जाती है। इससे अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है। लोगों का सवाल है कि यदि विभाग को अवैध बिक्री और ओवररेटिंग की शिकायतों की जानकारी मिल रही है तो ऐसे मामलों में नियमित और प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। आबकारी विभाग की प्रवर्तन व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि विभाग इन शिकायतों की जांच कर अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ क्या ठोस कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com