हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

परिवहन निगम की वॉल्वो सेवा बनी घाटे का सौदा, ऑनलाइन पोर्टल से हटाई बसें

हल्द्वानी: उत्तराखंड परिवहन निगम की वॉल्वो सेवा अब घाटे का सौदा साबित हो रही है। यात्रियों की लगातार कम होती संख्या और बढ़ते खर्च के चलते काठगोदाम और हल्द्वानी डिपो से संचालित वॉल्वो बस सेवाओं को बंद किया जा रहा है। निगम ने कई नियमित ऑनलाइन सेवाओं को पोर्टल से हटा दिया है। काठगोदाम डिपो ने अपनी निर्धारित ऑनलाइन सेवा सुबह 5 बजे, 9:30 बजे,10:30 बजे,11:30 बजे,1:30 बजे दिन में और रात्रि 11 बजे की सेवा जबकि हल्द्वानी डिपो ने सुबह 6 बजे और रात्रि 9 बजे की सेवा को ऑनलाइन से हटा दिया है। ये बसें अब यात्रियों के अभाव में ऑफलाइन भी नही जा सकेंगी। इन बसों में काठगोदाम डिपो की बस संख्या यूके 07 पीए 3964 और यूके 07 पीए 3965 का अनुबंध इसी माह की 21 जुलाई को खत्म हो रहा है, जबकि 3 वॉल्वो बसें यूके 04 पीए 1519, 1520 और 1522 का अनुबंध 20 अगस्त को समाप्त हो रहा है। बची कुछ बसों का अनुबंध भी कम समय के लिए है। हल्द्वानी डिपो से चलने वाली वाल्वो बसें तो अभी नई हैं, लेकिन एमडी की ओर से सभी डिपो को कम यात्री होने पर ऑनलाइन बसों की संख्या कम करने का आदेश दिया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो वॉल्वो बसों का प्रति चक्कर भाड़ा भी बस मालिकों को ज्यादा जाता है। वर्तमान में इसका खर्च निकालना भी विभाग के लिए टेड़ी खीर बन गया है। उत्तराखंड परिवहन निगम की एमडी रीना जोशी ने शुक्रवार को वर्चुअल बैठक लेकर सभी डिपो की यथा स्थिति को जाना और विभागीय घाटा कम करने पर अमल करने को कहा।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com