हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

बल्क वेस्ट मैनेजमेंट के तहत दो संस्थानों ने लगाए कंपोस्टर। -फॉर्च्यून होटल और वॉकवे मॉल में रोजाना 80 किलो गीले कचरे का होगा निस्तारण।

हल्द्वानी समाचार : नगर निगम की ओर से बल्क वेस्ट जनरेटर के स्तर पर कचरा निस्तारण को लेकर की जा रही पहल अब रंग लाने लगी है। नैनीताल रोड स्थित फॉर्च्यून होटल और वॉकवे मॉल ने अपने प्रतिष्ठानों से निकलने वाले गीले कचरे के निस्तारण के लिए कंपोस्टर मशीनें स्थापित कर दी हैं। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने दोनों संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नगर निगम ने स्वच्छता नियमों के तहत शहर में 60 बल्क वेस्ट जनरेटर संस्थानों को चिह्नित किया था। इन संस्थानों को अपने यहां उत्पन्न होने वाले गीले कचरे का परिसर में ही निस्तारण करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद फॉर्च्यून होटल और वॉकवे मॉल ने पहल करते हुए कंपोस्टर मशीनें स्थापित कर दी हैं। फॉर्च्यून होटल में लगाए गए प्लांट के माध्यम से प्रतिदिन करीब 80 किलो गीले कचरे का निस्तारण किया जाएगा। नगर आयुक्त ने दोनों संस्थानों की व्यवस्था का निरीक्षण कर पहल की सराहना की। उन्होंने अन्य बल्क वेस्ट जनरेटरों से भी जल्द अपने प्रतिष्ठानों में बल्क वेस्ट के निस्तारण की व्यवस्था करने की अपील की। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के अनुसार संस्थानों में कचरे का मौके पर ही निस्तारण होने से कूड़े के परिवहन का दबाव कम होगा और शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व में नगर निगम की ओर से शहर के 60 बड़े संस्थान-प्रतिष्ठानों को चिन्हित कर बल्क वेस्ट मैनेजमेंट के लिए जरूरी प्लांट लगाने के निर्देश दिए थे। जिस पर उनकी ओर से समय मांगा गया था। निर्धारित समय के बाद भी प्लांट नहीं लगाए जाने पर 50 संस्थानों ने अतिरिक्त समय मांगा है, जबकि कोई जवाब नहीं दिए जाने पर दस संस्थानों पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीएम टोलिया, वरिष्ठ लेखाकार गणेश भट्ट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com