
हल्द्वानी : देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल शनिवार को जनपद नैनीताल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हल्द्वानी सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जिला प्रशासन ने उनके प्रस्तावित दौरे का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर तैयारियां पूरी कर ली हैं। डीएम ललित मोहन रयाल के अनुसार, रक्षा मंत्री पूर्वाह्न 11:15 बजे घोड़ाखाल हेलीपैड पहुंचेंगे। वे सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में आयोजित हीरक जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के तहत रक्षा मंत्री दोपहर 1:10 बजे घोड़ाखाल से प्रस्थान कर 1:30 बजे हल्द्वानी स्थित आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वे एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में भाग लेंगे, जहां उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री अपराह्न 3:25 बजे त्रिशूल एयर फोर्स स्टेशन के लिए प्रस्थान करेंगे। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।


