
हल्द्वानी : नैनीताल जनपद के हल्द्वानी और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री को लेकर आबकारी विभाग पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। शहर की गलियों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक शराब की आपूर्ति इस तरह की जा रही है जैसे सुबह दूध की सप्लाई होती है। इससे क्षेत्र का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, जबकि नियमों के अनुसार शराब बिक्री के लिए लाइसेंस वाली दुकानें आवंटित हैं। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापर मंडल ने आबकारी विभाग पर लापरवाही और अप्रत्यक्ष मिलीभगत का आरोप लगाया है। इसे लेकर राज्य आयुक्त, आबकारी विभाग उत्तराखंड को शिकायत भेजी है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने अपनी शिकायत में कहा कि नैनीताल जिले सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र में उत्तराखंड से बाहर की अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। इससे राज्य सरकार को प्रतिदिन करोड़ों रुपये के राजस्व की चपत लग रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि विभागीय अधिकारी इस पर जानबूझकर आंखें मूंदे हुए हैं, जिससे शराब माफिया के हौसले बुलंद हैं। महज खानापूर्ति के लिए कच्ची और देसी शराब के पाउच पकड़े जाते हैं। आरोप यह भी है कि कई लाइसेंसी शराब की दुकानों और बार में भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा, लेकिन विभागीय अधिकारी इस पर भी आंखें मूंदे हुए है या यूं कहें कि जानबूझकर अनदेखा कर रहे हैं।
