हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

बंद कमरे में खून से लतपथ मिली महिला, दरवाजा तोड़कर निकाली लाश

हल्द्वानी। अभी गोली कांड पुलिस के गले की फांस ही बनी थी कि हत्या की एक और गलत खबर ने पुलिस को सकते में डाल दिया। घटना बरेली रोड स्थित खन्ना फार्म में हुई। जहां एक बंद कमरे में महिला की खून से लतपथ लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। महिला परिवार से अलग किराए के कमरे में अकेले रहती थी। पुलिस ने हत्या की आशंका को सिरे से खारिज किया है।
चौधरी तालाब 210, थाना किला, बरेली उत्तर प्रदेश निवासी रामप्यारी (56 वर्ष) बरेली रोड के तीनपानी स्थित खन्ना फार्म डी क्लास में शंकर दत्त बेलवाल के घर में किराए पर पिछले एक साल से अकेले रहती थी। उनके पति रामदास शर्मा सरकारी कर्मी थे और कुछ वर्षों पहले उनकी मौत हो गई थी। रामप्यारी के बच्चे भी हैं और वह बरेली में रहते हैं। बताया जाता है कि रामप्यारी रोजना सुबह जल्दी उठती थीं, लेकिन सोमवार को उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला। मकान मालिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने कई आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर रामप्यारी का खून से लतपथ शव पड़ा था। हालांकि शव पर किसी भी तरह से मारने या चोट के अन्य निशान नही थे। मृतका के बेटे ने बताया कि रविवार रात मां से उसकी फोन पर बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि वह जल्द ही बरेली आएंगी। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के बच्चे शहर पहुंच गए हैं। पता लगा है कि महिला को ब्लड प्रेशर और शुगर समेत अन्य बीमारियां थी। आशंका है कि ब्रेन हैमरेज की वजह से मौत हुई हो।

फंदे पर लटका मिला काश्तकार का शव
हल्द्वानी : चोरगलिया में रहने वाले काश्तकार का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने उन्हें फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रतापपुर दौलतपुर चोरगलिया निवासी 55 वर्षीय मोहन सिंह बिष्ट पुत्र जयराम काश्तकार थे। रविवार को उन्होंने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगा ली।

अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई, किया 18 हजार का चालान

हल्द्वानी। नगर निगम अतिक्रमण के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई कर रहा है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने सोमवार को बरेली रोड से तीनपानी तक निरीक्षण किया। उन्होंने बरेली रोड स्थित पैठपड़ाव में पोस्ट ऑफिस के बाहर और मुखानी क्रियाशाला रोड पर अतिक्रमण हटाया। नगर आयुक्त को शिकायत मिली थी कि पोस्ट ऑफिस के बाहर ठेले-फड़ वालों ने अतिक्रमण किया है, जिससे पोस्ट ऑफिस में आने वाले लोगों को दिक्कतें हो रही थी। जिस पर उन्होंने इसके बाहर लगे ठेले-फड़ वालों को हटाया। इसके बाद वह मंडी पहुंची, जहां दुकानदारों ने नालों पर पटाल लगाकर पक्का अतिक्रमण किया था। नगर आयुक्त ने इन दुकानदारों को चेतावनी देते हुए स्वयं ही अतिक्रमण हटाने को कहा। उन्होंने दुकानदारों से कहा कि वह शीघ्र पटाल तोड़कर नालों के ऊपर जाल लगा लें, अन्यथा निगम कार्रवाई करेगा। साथ ही मंडी स्थित कुछ दुकानों से सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त कर 7 हजार रुपये का चालान किया गा। साथ ही दुकानों में गंदगी फैलाने पर 10 हजार और कूड़ा जमा करने पर 1 हजार रुपये का चालान किया गया। मंडी के पास कबाड़ वाले ने कबाड़ इकट्ठा किया था और वह कूड़ा जलाता था। जिस पर उसे चालान कर चेतावनी दी गई। नगर आयुक्त को शिकायत मिली थी कि क्रियाशाला के पास फल व सब्जी के ठेले वाले महिलाओं से बदतमीजी करते हैं और शाम के समय यहां लोग खुले में शराब पीते हैं। उन्होंने इसे लेकर दुकानदारों को चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान फलों के ठेलों के नीचे से कबाड़ जमा मिला, जिसे हटवाया गया।

मिठाई की दुकान में भिनभिना रही थी मक्खियां, चालान-
मंडी के पास स्थित एक मिठाई की दुकान में मक्खियां भिनभिना रही थी और दुकान के आसपास गंदगी फैली थी। जिस पर नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने गंदगी पर दुकान का चालान किया और खाद्य संरक्षा विभाग को भी इसकी सूचना दी।

एसटीएच में नहीं हुए अल्ट्रासाउंड, मरीज परेशान

हल्द्वानी। डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल में केवल एक ही रेडियोलॉजिस्ट है। उनकी मां का निधन हो गया है। इस वजह से वह ड्यूटी पर नहीं पाए। इधर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा बंद हो गई है।
अस्पताल में सुबह जब मरीज पहुंचे तो उन्हें बताया कि अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे हैं। इधर अस्पताल से जानकारी मिली कि रेडियोलॉजिस्ट की मां का निधन होने की वजह से वह सेवा देने नहीं आए हैं। अस्पताल में एक ही रेडियोलॉजिस्ट होने की वजह से अल्ट्रासाउंड सेवा को बंद किया गया है। अब अल्ट्रासाउंड तब होना शुरू होंगे जब वह ड्यूटी पर आ जाएंगे। रेडियोलॉजिस्ट की कमी होने से मरीजों को अगले कुछ दिनों तक परेशान होना पड़ेगा। इधर अस्पताल में पैथोलॉजी विभाग में टैक्निशियन के स्थायी पद में सेवाएं प्रदान कर रहे नारायण दत्त मिश्रा का आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि उनका निधन छह मार्च को गंभीर बीमारी के चलते हो गया था। शोक सभा में अस्पताल के डॉक्टर व अन्य स्टाफ थे।

16 से होगी राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता

हल्द्वानी। 38 वें राष्ट्रीय खेलों के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में दो दिवसीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता खेलों इंडिया के तहत कराई जा रही है। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता है और इसमें प्रदेश के सभी जिलों की टीमें हिस्सा लेंगी। 16 औऱ 17 मार्च को जूडो की प्रतियोगिता का स्टेडियम में होगी। जहां खेल से जुडे़ सभी अधिकारी भी मौजूद रहेगें। जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत ने बताया कि आगे भी स्टेडियम खेल से जुड़ी प्रतियोगिताएं होती रहेंगी। मिनी स्टेडियम में भी फुटबॅाल के ट्रायल हो रहे हैं। जिले के खिलाडि़यों के लिए के भी खेल विभाग द्वारा समय-समय पर कैंप लगाए जाएंगे।

पर्यटक की कार को लेकर सैरसपाटे को निकला गाइड

नैनीताल। पर्यटक कार को पार्क करने के लिए निकला गाइड कार लेकर सैरसपाटे को चल दिया। घंटो इंतजार के बाद गाइड क्षतिग्रस्त कार लेकर पहुंचा तो पर्यटकों ने हंगामा कर दिया। पर्यटक शिकायत लेकर कोतवाली पहुंच गया। सीतापुर उत्तर प्रदेश निवासी शिवशंकर वर्मा ने शिकायत देकर कहा है कि वह परिवार के साथ कैंची धाम के दर्शन को नैनीताल पहुंचे हुए थे। सुबह सवेरे पहुंचने पर उनको एक पर्यटन गाइड ने एक हजार रुपये में होटल दिलवाया। होटल में एंट्री करने के बाद गाइड ने उसका वाहन पार्किंग में लगा देने की बात कही। सुबह नौ बजे जब परिवार मंदिर जाने को तैयार हुआ तो गाइड को फोन कर उन्होंने वाहन होटल में मंगवाया। लेकिन तीन घंटे बीतने के बाद गाइड वाहन को क्षतिग्रस्त अवस्था में लेकर होटल पहुंचा। वाहन की सीएनजी कम होने से उसके चलाये जाने की पुष्टि हुई। पर्यटकों के सवाल करने पर गाइड पार्किंग से वाहन निकालने के दौरान क्षतिग्रस्त होने जाने की बात करने लगा। एसएसआई दीपक बिष्ट ने बताया कि नुकसान की भरपाई करने की बात पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया। गाइड मल्लीताल निवासी शाहिल के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई है।

अवैध मदरसे व स्लॉटर हाउस को बंद कराने की मांग

नगर पालिका में अवैध निर्माण, अतिक्रमण, अवैध रूप से संचालित मदरसे व स्लॉटर हाउस को बंद करने समेत अन्य मांगों को लेकर भाजपा, व्यापारी व हिन्दूवादी संगठन के पदाधिकारियों के एक शिष्टमंडल ने ईओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। उन्होंने पूर्व में बंद स्लॉटर हाउस को संचालित करने वाले अधिकारी, कर्मचारी व स्लॉटर हाउस संचालित करने वाले लोगों के खिलाफ कार्यवाही न होने पर जमकर हंगामा काटा।
भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम जंतवाल के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारी, हिंदू संगठनों, व्यापारियों व स्थानीय जनता ने नगर पालिका सभागार में ईओ अभिनव कुमार से क्षेत्र में चल रहे अवैध मदरसे, स्लॉटर हाउस की जांच कर बंद कराने की मांग की। उन्होंने बाजारों से अतिक्रमण, मेथीसाह नाले के किनारे विशेष समुदाय द्धारा अतिक्रमण कर भवनों के निर्माण, साप्ताहिक हाट बाजार के प्रत्येक व्यापारी दरों को बोर्ड में अंकित, मुख्य बाजार से वाइन शॉप व अस्पताल के सामने से चिकन शॉप को स्थानांतरित करने, हनुमान मंदिर के समीप मांस के अवशेषों को फेकने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने बाबा श्याम के संकीर्तन में विशेष समुदाय के लोगों द्वारा पथराव किए जाने की घटना की निंदा करते हुए बाहर से आ रहे विशेष समुदाय के राशन कार्ड, अधार कार्ड, जाति व स्थाई प्रमाण पत्रों की गहनता से जांच की मांग की। उन्होंने 7 दिन के अंदर में कोई कार्यवाही नहीं होने पर उग्र आंदोलन और नगर पालिका का घेराव करने की चेतावनी दी। ईओ अभिनव कुमार ने जल्द सभी समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान दीवान सिंह बिष्ट, विनोद बुढलाकोटी, हरीश कनवाल, कुदंन बसेड़ा, शोभा पांडे, कविता वालिया, पूरन जोशी, भुवन कुमार, ममता साह, कैलाश बुढलाकोटी, विक्रम चौहान, दीपा देवी, मनोज पंत, गिरीश पडलिया, जगत सिंह, मयंक गुप्ता, नरेन्द्र सामंत, राजीव वालिया, मनोज पेटशाली, विनोद कुमार, गुड्डु चौहान, महेन्द्र दिगारी, जीवन भट्, राजू जंतवाल व कमल जंतवाल सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
अधिशासी अधिकारी के समय से न पहुंचने पर की तालाबंदी
कालाढूंगी। भाजपा व हिन्दूवादी संगठनों के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधि व व्यापारियों का एक शिष्टमंडल सोमवार को सुबह 11 बजे अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार से मिलने पहुंचे। मगर ईओ एक बजे तक कार्यालय में नहीं पहुचने पर सभी का पारा चढ गया तो उन्होंने तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया। डेढ़ बजे पहुंचे अधिशासी अधिकारी को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। उन्होंने पूर्व में अवगत कराने के बावजूद ईओ के कार्यालय में न होने पर नाराजगी जताई।

वनाग्नि रोकथाम को लेकर वन विभाग की फायर ड्रिल

-रानीबाग के आसपास के गांवों में चलाया जनजागरुकता अभियान
संवाददाता, हल्द्वानी
अमृत विचार: रानीबाग के पास वनाग्नि की रोकथाम को लेकर वन विभाग ने फायर ड्रिल का प्रदर्शन किया। साथ ही विभाग ने आसपास के गांवों में जनजागरुकता अभियान चलाया। साथ ही विभाग ने वनाग्नि की रोकथाम को लेकर आसपास के गांवों में जनजागरुकता अभियान चलाया। वनाग्नि रोकथाम के लिए आयोजित कार्यक्रम में सलड़ी वन पंचायत और जोली वन पंचायत के सरपंचों ने भी प्रतिभाग किया। विभाग ने रानीबाग-ज्योलीकोट मार्ग पर रैली निकालकर लोगों को जागरुक किया। इस दौरान उप प्रभागीय वनाधिकारी राज कुमार, वन क्षेत्राधिकारी मनोरा वन क्षेत्र मुकुल चंद्र शर्मा, विजय मेलकानी, वन क्षेत्राधिकारी भवाली वन क्षेत्र, राजकुमार, एसडीओ नैनीताल सहित मनोरा रेंज के 75 कार्मिक, फायर वॉचर, भवाली रेंज के 25 कार्मिक, फायर वॉचर और नैना रेंज के 11 कार्मिक और फायर वॉचर उपस्थित रहे।

जल संस्थान पर 49 करोड़ बकाया वसूली का लक्ष्य, वसूले 31 करोड़-बकाया वसूली के लिए विभाग ने गठित की चार टीमें, मौके पर जाकर कर रहे वसूली

संवाददाता, हल्द्वानी
शहर में इन दिनों जल संस्थान बिलों के बकाया की वसूली के लिए अभियान चला रहा है। विभाग के पास कमर्शियल के साथ ही घरेलू कनेक्शनों के कई बिल बकाया हैं। विभाग पर कुल 49 करोड़ का बकाया था, जिसमें विभाग ने अभी तक 31 करोड़ रुपए के बकाये की वसूली कर ली है। वसूली के लिए टीमें प्रतिदिन लगी हुई हैं। विभाग ने वसूली के लिए चार टीमों का गठन किया है। जिसमें 30 से ज्यादा कर्मचारी लगाए हुए हैं। जिसमें लेखा विभाग से लेकर विभाग के जेई तक मौके पर जाकर वसूली कर रहे हैं।
विभाग की ओर से चार टीमें गठित की गई हैं। जिसमें काठगोदाम, ऊंचापुल, तिकोनिया स्थित ईई और ट्रांसपोर्ट नगर की टीमें शामिल हैं। एक टीम में 5 से 7 कर्मचारी लगाए गए हैं। कुल चार टीमों में 30 से ज्यादा विभागीय कर्मचारियों को वसूली के लिए लगाया गया है। जल संस्थान के ईई आरएस लौशाली ने सभी बकायेदारों से बकाया 31 मार्च से पहले जमा करने की अपील की है। कहा कि इसके बाद बिलों के बकाये का भुगतान नहीं किये जाने पर कनेक्शन काट दिया जाएगा।

इनसेट
शहर में लगाए गए हैं कैंप-
बिजली के बकाये की वसूली के लिए विभाग ने बनभूलपुरा सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में कैंप लगाए हैं। बकायेदार इन कैंपों में जाकर छूट का लाभ लेकर बिजली का बिल जमा कर रहे हैं। साथ ही तिकोनिया स्थित जल संस्थान के कार्यालय में जाकर भी बिल जमा करने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। 31 मार्च तक बकाया बिलों में विभाग की तरफ से 100 प्रतिशत तक छूट की जाएगी।

बाजार में भगवा रंग, मोदी और योगी के मुखोटे की धूम

हल्द्वानी, अमृत विचार। इन दिनों शहर में होली की धूम है और बाजार में पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी के नाम की पिचकारी की बिक्री भी तेजी पर है। इस होली पर भगवा रंग की भी खूब डिमांड है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है। शहर की दुकानों में इस होली में मोदी, योगी के नाम की पिचकारी ने धूम मचाई हुई है। पीएम नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ का क्रेज होली के त्योहारों में भी पर चढ़कर बोल रहा है। मोदी योगी के मुखोटे, अबीर भगवा रंग, होली के कपड़े, पिचकारी अधिक बिक रहे हैं।

ग्राहक भी इसे खूब पसंद कर रहे हैं। होली का त्यौहार नजदीक आते ही हल्द्वानी का बाजार अब पूरी तरीके से सज गया है। दुकानों में तरह-तरह के रंग और पिचकारी बच्चों को आकर्षित कर रही हैं। शहर के प्रमुख रेलवे बाजार, सदर बाजार और सैकड़ों दुकानों में रंगों के त्यौहार के लिए विशेष सामग्रियां आई है। भगवा रंग के गुलाल की अधिक मांग है, लोग भगवा रंग को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। वहीं दुकानदारों का कहना है कि इस बार मोदी योगी की पिचकारी और भगवा रंग खूब बिक रहा है। साथ ही कुमाऊं की होली में होल्यारों का मुंह मीठा कराने का भी रिवाज है। जिस वजह से हल्द्वानी के बाजार में होली के त्यौहार में गुड़ की डिमांड भी बढ़ गई है।

होली में पारंपरिक साड़ी का महत्व, महिलाएं क्यों पहनती है सफेद साड़ियां

हल्द्वानी। हिन्दू धर्म में होली को अत्यधिक महत्वपूर्ण पर्व के रूप में मनाया जाता है, जिसमें महिलाओं की पारंपरिक होली की बात ही निराली है। यहां महिलाएं अपनी पारंपरिक कुमाऊंनी होली की साड़ी पहनकर खड़ी और बैठकी होली में हिस्सा लेती हैं। जिससे माहौल होलीमय हो जाता है। वहीं, महिलाओं में कुमाऊंनी होली की साड़ी उनकी सुंदरता में चार चांद लगा देता है।

होली पर आपने देखा होगा कि ज्यादातर लोग हलके रंग के कपड़े ही पहनते हैं। इसमें सफ़ेद रंग के कपड़ों की डिमांड सबसे ज्यादा रहती है। होली की पारंपरिक कुमाऊंनी साड़ी होलियार महिलाओं की अब पहचान बन चुकी है। होली के त्योहार पर सफ़ेद कपड़े पहने जाते हैं, जहां महिलाएं सफ़ेद साड़ी या सफ़ेद सलवार सूट के साथ लाल दुपट्टा लेती हैं वहीं पुरुष ज्यादातर सफ़ेद कुर्ता पहनते हैं। सफ़ेद कपड़े पहनने के पीछे की ख़ास वजह यह है कि दरअसल, सफ़ेद रंग शांति का प्रतीक माना जाता है। होली के दिन लोग पुराने गीले-शिकवे भूलकर दोस्ती कर लेते हैं? ऐसे में माना जाता है कि सफ़ेद रंग पहनना दोस्ती बढ़ाने में मदद करता है, सफ़ेद रंग के कपड़ों पर कलर्स उभरकर दिखते हैं। इस वजह से भी होली में लोग सफ़ेद कपड़े पहनना पसंद करते हैं।

कुमाऊंनी होली में पारंपरिक परिधान का काफी महत्व है। अपनी संस्कृति को देखते हुए होलियार महिलाएं कुमाऊंनी वेशभूषा के अनुसार होली का वस्त्र धारण करती हैं। इससे पहाड़ी संस्कृति का प्रचार प्रसार भी हो जाता है। यह साड़ी खासकर होली के मौके पर पहनी जाती है। यह साड़ी मुख्यत लाल और सफेद रंग की होती है। इनमें सफेद साड़ी के ऊपर लाल रंग के बुरांस और गुलाब के फूल बने होते हैं। यह साड़ियां सिंथेटिक, सूती और सिल्क में बनाई जाती हैं।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com