
हल्द्वानी। गैंग बनाकर हल्द्वानी से लेकर लालकुआं तक स्मैक की तस्करी करने वाले बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों पर गैंगेस्टर लगा है और पुलिस को लंबे समय से दोनों की तलाश थी। दोनों अल्मोड़ा के रहने वाले हैं और अल्मोड़ा में भी उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। काठगोदाम पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने बताया कि 22 जून 2024 को लालकुआं पुलिस ने अल्मोड़ा के मल्ला जोशी खोला निवासी अभिषेक नेगी व गंगोली मोहल्ला अल्मोड़ा निवासी सोवित नेगी स्मैक तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया था, जो वर्तमान में जेल से बाहर थे। दोनों की आपराधिक गतिविधियों के बारे में अन्य थानों व जिले से जानकारी प्राप्त की गई तो उनके खिलाफ अल्मोड़ा व अन्य थानों में भी स्मैक तस्करी के केस पाए गए। आरोपी गैंग बनाकर अपराध कर रहे थे। दोनों के खिलाफ इसी वर्ष गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना उच्चाधिकारियों ने काठगोदाम थाने को ट्रांसफर कर दी थी। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया।

हल्द्वानी : फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार केसोपुरकला, थाना दातागंज, बदायूं निवासी 35 वर्षीय राजकुमार पुत्र शिपतार सिंह अपनी पत्नी के संग मंडी चौकी क्षेत्र में एक किराए के मकान में रहता था। मंगलवार को उसने शहर में फेरी लगाई और रात को घर आ गया। सुबह जब पत्नी की आंख खुली तो पति फंदे पर लटका मिला। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मौत के मामले की जांच की जा रही है।

हल्द्वानी। गर्मी का पारा चढ़ते ही पानी का संकट भी गहराने लगा है। गौलापार मदनपुर और दमुवाढूंगा में नलकूप की मोटर फुंकने से लोगों को पानी के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। नलकूप खराब होने से जनता को पानी नहीं मिल रहा है। गर्मी के शुरुआती सीजन में ये हाल है, तो अभी मई से लेकर जून तक का महीना बचा हुआ है। इस महीने में तापमान चरम पर होता है। लेकिन पानी की किल्लत अभी से शुरू हो गई है। जल संस्थान के द्वारा पानी की आपूर्ती टैकरों से की जा रही है।

हल्द्वानी। कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने विधानसभा क्षेत्र के पीलीकोठी, धानमिल, गोकुलधाम कॉलोनी, डहरिया, इको टाउनशिप क्षेत्र में 150.30 लाख की लागत से 2.10 किलोमीटर एवं 61.88 लाख की लागत से 1 किलोमीटर पीसी सड़क मार्ग के निर्माण का शिलान्यास किया।
विधायक ने कहा, बड़ी आबादी क्षेत्र होने के बावजूद बार-बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने पर लोक निर्माण विभाग सिर्फ गड्ढे भरने का कार्य कर अपनी इतिश्री कर दे रहे थे। लंबे समय से बड़ी आबादी खराब सड़क मार्ग का इस्तेमाल कर रही थी। विभाग से लोगों को मदद नहीं मिली तो भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और विधायक बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री के समक्ष समस्या रखी। जिसके बाद समस्या का निदान हो सका। इस दौरान मेयर गजराज बिष्ट, सुरेश पाल, राधा भट्ट, पार्षद हरेंद्र बिष्ट, नेम चंद्र अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, घनश्याम जोशी, पुष्कर बिष्ट, खजान गयाल, प्रमोद बोरा, त्रिवेणी गयाल, नंद किशोर भट्ट, बीआर शर्मा, किशन भंडारी, भावना लोहनी, राकेश पंत आदि थे।

कालाढूंगी। बरहैनी रेंज में वनकर्मियों ने बाजपुर नमूना टाल में छापा मारकर पांच लाख रुपये की खैर की लकड़ी पकड़ी है। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर उप वन क्षेत्र अधिकारी गोपाल कृष्ण कपिल के नेतृत्व में वन विभाग व पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से नमूना टाल में छापा मारकर खैर प्रकाष्ठ 80 नग तथा 50-60 कुटंल जलौनी लकड़ी जब्त की। वहीं मौके पर एक मजदूर ने टाल में आग लगाने की कोशिश कर विभाग का बदनाम करने की कोशिश भी की मगर टीम की तत्परता से कामयाब न हो सका। उपवन क्षेत्र अधिकारी गोपाल कपिल ने बताया मौके पर मौजूद व्यक्ति से लकड़ी के वैध प्रपत्र भी नहीं दिखा सका। जिसके बाद वन विभाग ने खैर के नग व जलौनी लकड़ी को कब्जे में ले लिया। लड़कियों की कीमत 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

हल्द्वानी। हल्द्वानी में गर्मी आने से पहले ही सिंचाई विभाग व जल संसथान के नलकूप हांफने लगे हैं। विभाग का एक नलकूप ठीक होते ही दूसरा खराब होने लगा है। पेयजल व्यवस्था चरमराने के कारण लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा रहा है। गर्मी आने से पहले ही जल संस्थान और सिंचाई के नलकूप हांफने लगे हैं। पानी की मांग पूरी करने में नलकूप आधारित पेयजल व्यवस्था फेल होने लगी है। पेयजल की मांग पूरा करने वाले नलकूप का खराब होने का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। शहर में बढ़ रही गर्मी में लोग पानी के लिए संघर्ष करते दिख रहे हैं। मांग के अनुसार पानी नहीं मिलने पर विभाग नलकूप से पानी निकालकर घरों तक भेजता है। पेयजल की आपूर्ति करने वाले सिंचाई विभाग के नलकूप खराब होने से बोहरा कालोनी कमलुवागाजा, लालपुर आरटीओ रोड और देवला तल्ला गौलापार में पानी नहीं मिल रहा है। वहीं दमवाढूंगा में जल संस्थान का नलकूप खराब होने से विभागीय टैंकर नहीं पहुंचने से पानी के इंतजाम के लिए निजी टैंकर पर निर्भर रहना पड़ता है। जल संस्थान के ईई आर एस लोशाली ने बताया कि ट्यूबवेल ठीक करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रभावित क्षेत्र में टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है।

हल्द्वानी। चोरगलिया और गौलापार क्षेत्र में शराब की तस्करी करने वाली महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से कच्ची शराब के पाउच भी मिले हैं।
थानाध्यक्ष चोरगलिया राजेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखानी खड़कू चोरगलिया से एक महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से 152 पाउच कच्ची शराब के बरामद हुए हैं। आरोपी का नाम कमला बिष्ट (35) निवासी खड़कू चोरगलिया है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

देहरादून। पूर्व कैबिनेट मंत्री व ऋषिकेश से विधायक प्रेम चंद अग्रवाल के पुत्र पीयूष अग्रवाल पर अधिकारियों की अनुमति के बिना सरकारी भूमि पर सड़क बनाने के आरोप में सार्वजनिक संपत्ति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पौड़ी के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने गुरुवार को बताया कि यह मुकदमा यमकेश्वर के एसडीएम अनिल चन्याल की अदालत में दर्ज किया गया है। पीयूष ने यह सड़क अपने प्रस्तावित होटल तक पहुंचने के लिए बनाई है। एक जांच रिपोर्ट में सरकारी जमीन पर मुख्य मार्ग से नीचे की ओर बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से 24 मीटर लंबी, चार मीटर चौड़ी और डेढ़ मीटर गहरी सड़क का निर्माण करने की बात सामने आने के बाद यह मुकदमा दर्ज किया गया। इससे पहले उपराजस्व निरीक्षक सीएस पुंडीर ने एसडीएम को जांच रिपोर्ट सौंपी थी। पुंडीर ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि यह सरकारी जमीन लक्ष्मण झूला क्षेत्र की मराल ग्राम पंचायत, पट्टी उदयपुर तल्ला के अन्तर्गत गांव खैरखाल तोक में है जिसका खसरा नंबर 5889 है। रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी दस्तावेजों में यह जगह एक झाड़ी के रूप में दर्ज है। जिलाधिकारी ने वर्तमान राजस्व उप निरीक्षक वीएस गुसाईं से दोबारा इस मामले की जांच करने को कहा जिसमें फिर इन आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद, दो दिन पहले चन्याल की अदालत में अग्रवाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

कालाढूंगी: मधुमक्खियों के हमले में राप्रावि चकलुवा में आधा दर्जन विघार्थियों व ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घायल छात्रों व ग्रामीणों को सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को करीब डेढ़ बजे राप्रावि चकलुवा में बच्चे पेपर दे रहे थे। इसी बीच मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों के पर हमला बोल दिया। जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गयी। शिक्षक व भोजन माता ने बच्चों को बचाने के लिए दरी कबंल डालकर बचाने का प्रयास किया। इस बीच मधुमक्खियों ने भोजन माता ललिता देवी, कक्षा दो की छात्रा आराध्या व ललीता, कक्षा तीन के छात्र योगेन्द्र व रोहित, कक्षा के छात्र हिमांशु व रिंकी को मुधुमक्खियों ने डंक मारकर घायल कर दिया। प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने 108 में कॉल कर बच्चों उपचार के लिए सीएचसी लाये जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को छूट्टी दे दी गयी। राप्रावि के साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्र भी है, जिसमें छोटे-छोटे बच्चे भी थे तभी आगंनबाडी कार्यकत्री कांति बिष्ट ने तत्परता दिखाते हुए दरवाजा बंद दिया। हमले में ग्रामीण योगेश सैनी, देब सिंह, शेर सिंह व प्रयाग कार्की भी घायल हो गए। घायलों को ग्रामीण सीएचसी लाये जहां प्राथमिक उपचार दिया गया।

नैनीताल। इंसानों के साथ ही मौसम परिवर्तन का असर पशुओं के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। पशु अस्पताल नैनीताल में वायरल के मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। अस्पताल में 4 से 5 मामले प्रतिदिन आ रहे हैं। क्षेत्र प्रसार अधिकारी राजीव पाठक ने बताया कि इन दिनों वायरल के मामले बढ़ रहे हैं। अधिकतर मामले ग्रामीण क्षेत्र पंगोट, बजून आदि से हैं। पशुओं में उल्टी, दस्त और बुखार की समस्या प्रमुख है। जिन पशुओं को पहले वैक्सीन न लगी हो, उन्हें खूनी डायरिया की समस्या होने का भी खतरा रहता है। ऐसे में पशुओं की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बीमार पशु को अन्य पशुओं से दूर रखना चाहिए। बीमार पशु को हल्का खाना खिलाएं। अधिक समस्या होने पर अस्पताल लाकर उपचार कराएं।