हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

अस्पताल में बाहर से दवा मंगाई तो होगी कार्रवाई सीएमओ

रामनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत ने सोमवार को रामनगर के सरकारी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाएं जांची और चिकित्सकों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश पंत ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में सभी दवाइयां उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने मरीजों से बाहर से दवा मंगवाए जाने की शिकायत की है। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी मरीज से बाहर से दवाई न मंगवाई जाए। मरीजों को अस्पताल से ही दवाइयां दी जाएं। उन्होंने पीपीपी मोड के तहत मौजूद अस्पताल में सभी चिकित्सकों को अस्पताल में मौजूद दवाइयों की सूची भी उपलब्ध कराई और निर्देश दिए की सूची में दर्ज दवाई ही मरीज को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सक द्वारा मरीजों से बाहर से दवा मंगाई गई तो संबंधित चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जिसका पूरा ख्याल रखा जाए। उन्होंने मरीज के साथ उचित व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। पीपीपी मोड के सहायक प्रबंधक तरुण भट्ट ने बताया कि सीएमओ द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों का पालन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद मिलीं।

युवक को सोशल मीडिया पर तमंचे का फोटो डालना पड़ा महंगा

रामनगर। पीरुमदारा क्षेत्र के एक युवक को सोशल मीडिया पर तमंचा लहराते हुए फोटो डालना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया में वायरल इस फोटो को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने कोतवाली पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मामले में कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश के क्रम में पुलिस टीम ने ग्राम शिवपुर बैलजुडी पीरुमदारा निवासी देवेंद्र कटियार को गिरफ्तार कर लिया है। कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बैलजुडी सरकारी स्कूल के पास स्थित बगीचे से 315 बोर का अवैध देशी तमन्चा बरामद किया। कोतवाल ने बताया कि आरोपी का अपने ही परिवार में जमीनी विवाद चल रहा है तथा इस मामले में दूसरे पक्ष की तहरीर पर पूर्व में भी आरोपी के खिलाफ कोतवाली में जान से मारने की धमकी व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की गई है।

पॉलीथीन जब्त कर किया 20 हजार का चालान

हल्द्वानी। शहर की सफाई व्यवस्था को ठीक करने के लिए नगर निगम लगातार अभियान चला रहा है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने सोमवार को शहर के विभिन्न स्थानों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही करीब 25 किग्रा पॉलीथीन जब्त कर 20 हजार का चालान किया गया। नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। टीम ने नगर निगम के पास से ही निरीक्षण शुरू किया। इसके बाद टीम तिकोनिया, कॉल टैक्स, मुखानी चौराहा होते हुए रामपुर रोड स्थित आईटीआई और अंत में मंडी पहुंची। मंडी में दुकानों में निरीक्षण के दौरान पॉलीथीन जब्त कर चालान किया गया।

निजी स्कूल वेबसाइट पर अपलोड करेंगे फीस, किताबों के मूल्य की जानकारी

हल्द्वानी। निजी स्कूलों को वर्तमान सत्र में ली जाने वाली फीस और पिछले वर्ष ली गई फीस का विवरण वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। स्कूल की ओर से विद्यार्थियों से लिया गया प्रत्येक शुल्क की जानकारी सार्वजनिक करनी होगी। खंड शिक्षा अधिकारी तारा सिंह ने इसे लेकर आदेश जारी किया है। जिसमें जरुरत होने पर विद्यार्थियों को सत्यापित टीसी उपलब्ध कराए जाने, फीस की पूरी जानकारी, ट्यूशन फीस में अनावश्यक वृद्धि नहीं किये जाने, एनसीईआरटी किताबों की मूल्य सूची स्कूल की वेबसाइट पर अपलोड करने, एनसीईआरटी से अलग किताबें होने पर उनका मूल्य समान रखे जाने सहित कई महत्वूपर्ण निर्देश दिए हैं। आदेश जारी होने से नए शिक्षा सत्र के शुरू होने पर अभिभावकों की जेब पर पड़ने वाले बोझ के कम होने की उम्मीद है। साथ ही शिक्षा विभाग की ओर से निजी स्कूलों की मनमानी और कमीशन से जुड़े गड़बड़झाले पर भी रोक लगाने की कोशिश की गई है। सभी मान्यता प्राप्त और सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के लिए पत्र जारी किया गया है। इधर, हर साल शिक्षण सत्र शुरू होने पर अभिभावक निजी स्कूलों की ओर से उन पर मनमानी पॉलिसी थोपने का आरोप लगाते हैं। आदेश प्रभावी होने के बाद इससे अभिभावकों को काफी हद तक राहत मिलेगी।

सब जूनियर जूडो नेशनल ट्रायल में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

हल्द्वानी। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को सब जूनियर जूडो नेशनल ट्रायल का आयोजन किया गया। जिसमें उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से आए युवा जूडो खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट और जूडो एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव सतीश शर्मा ने किया। विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार खेल और शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी तरह की कमी नहीं आने देगी। उन्होंने कहा कि जूडो खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए स्टेडियम में जूडो की मैट उपलब्ध कराने के लिए सरकार से चर्चा की जाएगी। खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए विधायक निधि से 1 लाख रुपये नैनीताल डिस्ट्रिक जूडो एसोसिएशन को प्रदान करने के साथ ही आगे और मदद करने की घोषणा की। कहा कि जिले के जूडो खिलाड़ियों ने देशभर में उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। इसी का परिणाम है कि जिले के चार खिलाड़ियों का चयन साई (स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया) भोपाल और केरल के लिए हुआ है।

पुलिस ने उतारी अधिवक्ता की हेकड़ी, हूटर बजाकर दिखा रहा था धौंस

हल्द्वानी। कार में हूटर लगाकर सड़क पर फर्राटा भरना एक अधिवक्ता को भारी पड़ गया। उसकी कार पर अधिवक्ता लिखा था और कार में लगा हूटर जोर-जोर से चीख रहा था। पुलिस ने उसे रोका था तो उसने पुलिस पर रौब गांठने की कोशिश की, लेकिन कोशिश कामयाब नही हुई। पुलिस ने सिर्फ बीच सड़क कार से हूटर निकलवाया, बल्कि उसका चालान भी किया। इसी तरह का रौब पुलिस पर गांठते कुछ और लोग भी नजर आए।

पुलिस ने रविवार को कोतवाली के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी कंट्रोल रूम सूचना पहुंची कि एक यूपी नंबर की कार, जिस पर अधिवक्ता लिखा वो हूटर बजाते शहर में घूम रही है। नैनीताल रोड से कार जैसे ही कोतवाली के पास पहुंची तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। कार में पांच युवक सवार थे। पुलिस ने हूटर लगाने और बजाने की वजह पूछी तो युवक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने तत्काल पांच सौ रुपए का चालान काटा और मोटर मकैनिक को बुलाकर हूटर निकाल लिया। इस दौरान कार सवारों ने रौब भी गांठा, लेकिन पुलिस के सामने उनकी एक नहीं चली। पुलिस ने भविष्य में हूटर न लगाने की चेतावनी दी है।

कुमाऊं प्रीमियर लीग का शुभारंभ, हल्द्वानी में पहला मैच हुआ रोमांचक

हल्द्वानी। रविवार से कुमाऊं प्रीमियर लीग का आगाज शहर के मिनी स्टेडियम में शुरू हुआ। फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा के जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और अपर निदेशक खेल राशिका सिद्दीकी ने किया। प्रतियोगिता का पहला मैच नैनीताल और अल्मोड़ा की टीमों के बीच खेला गया, जो बेहद रोमांचक रहा। आज हुए पहले मैच में नैनीताल और अल्मोड़ा के पहले हाफ तक कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन दूसरे हाफ में नैनीताल ने पहला गोल किया, लेकिन अल्मोड़ा ने अंतिम क्षणों में बराबरी का गोल कर मैच को रोमांचक बना दिया। पहले दिन का मैच का टाई रहा। कुमाऊं के छह जिले अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर की टीमें इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं।

इस प्रतियोगिता का आयोजन बीयूएफसी द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता के विजेता को 2 लाख रुपये और उपविजेता को 1 लाख रुपये की धनराशि मिलेगी। इस फुटबॉल लीग में कुल 6 टीमों के 120 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कुमाऊं प्रीमियर लीग का यह टूर्नामेंट कुमाऊं क्षेत्र में फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़ा आकर्षण बना हुआ है और आगामी मैचों में और भी रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है। आज 2 बजे से चंपावत वर्सेस पिथौरागढ़ के मध्य और दूसरा मैच 4 बजे से बागेश्वर वर्सेस उधम सिंह नगर के बीच मैच खेला जाएगा।

भोटिया पड़ाव, जगदंबा नगर और जवाहर नगर में नहीं आ रहा पानी

हल्द्वानी। अभी गर्मी शुरू नहीं हुई है, लेकिन इससे पहले ही शहर के लोगों को पानी के संकट का सामना करना पड़ रहा है। शहर में जहां एक तरफ के कहीं तीन दिन से पानी नहीं आ रहा है तो कहीं नलकूप खराब होने की वजह से लोग पानी के लिए परेशान हैं। आमजन को पानी का इंतजाम करने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। शहर के भोटिया पड़ाव, जवाहर नगर और जगदंबा नगर में तीन दिन से पानी नहीं आया। लोगों ने बताया कि क्षेत्र में गौला नदी का पानी आता है। इसके साथ ही तीन साल पहले पेयजल निगम की ओर से यहां अमृत योजना के तहत यहां पानी की लाइनें डाली गईं थीं। जिसके बाद से ही पानी की समस्या बढ़ गई।

अमृत योजना के तहत डाली गईं पाइप लाइनों में पानी की दिक्कत रहती है। इस वजह से होली के दिन भी पानी के नल सूखे पड़े रहे। जल संस्थान ने पानी की आपूर्ति त्योहार वाले दिन भी नहीं करवाई। लोगों ने पानी के निजी टैंकर मंगवा कर होली का त्योहार मनाया। तीन दिन से पानी न आने पर लोगों की जेब पर भी भारी असर पड़ रहा है। जगदंबा नगर में रहने वाले अक्षय पंत ने बताया तीन दिन से पानी न आने से हम परेशान है, जब हम पानी का बिल समय से दे रहे हैं तो पानी भी आना चाहिए। हमारे घरों में पानी नहीं आया तो हमें जल संस्थान के कार्यालय जाकर प्रर्दशन करने को मजबूर होना पड़ेगा। इधर जल संस्थान के सहायक अभियंता रविंद्र कुमार ने कहा कि इन क्षेत्रों में गौला से भी सीधा पानी आता है। फिल्टर प्लांट से पानी आज सुबह देरी से छोड़ा गया, कल पानी की आपूर्ति का समय चैक किया जाएगा। पानी न आने की शिकायत मिली है, समस्या का समाधान जल संस्थान की ओर समय पर किया जाता है, कई जगहों पर समय लगता है तो जल संस्थान की ओर से सरकारी पानी के टैंकर वहां भिजवाएं जाते हैं।

चकलुवा में पेयजल किल्लत, टैंकर से बुझा रहे प्यास

हल्द्वानी। चकलुवा बाजार व ग्रामीण क्षेत्र में जल संस्थान के अधिकारियों की लापरवाही के चलते एक सप्ताह से लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। मुख्य बाजार में जलजीवन मिशन के तहत बिछी पाइप लाइन के बाद भी तीन महीने से पेयजल की किल्लत बनी हुई है। लोग दूर-दराज से पानी ढोने और 800 रुपये का पानी का टैंकर खरीदकर काम चला रहे हैं। आलम यह है कि होली पर्व में भी जल संस्थान द्धारा ग्रामीणों को टैंकर से पानी वितरण नहीं किया गया। गर्मी बढ़ते ही पेयजल किल्लत बढ़ गयी है। क्षेत्र में कई जगहों से पेयजल लाइनें लीकेज की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना देने के बाद अधिकारियों ने आश्वासन दिया लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। जलसंस्थान को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। कई बार पूर्व सैनिक व सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सामंत द्वारा क्षेत्र में पानी के टैंकर से जल वितरण किया गया है लेकिन अब ग्रामीण 800 रुपये का पानी का टैंकर खरीदने को मजबूर हैं। ग्रामीणों-भगवान सिंह, त्रिभुवन पड़लिया, हरीश बिष्ट, पूरन चंद्र, सोनू तोमर, मोहन बिष्ट, प्रमोद तोमर, कुकु पांडे, मुन्ना बौरा, कपिल कन्याल, दिवान सैनी, मदन मोहन पाठक, विनोद जोशी, खष्टी वल्लभ ने कहा कि हमारी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उधर, जल संस्थान के अवर अभियंता खगेंद्र जोशी का कहना है कि होली पर्व के चलते श्रमिक अवकाश पर हैं। श्रमिकों के काम पर लौटते ही लीकेज बंद कराने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

गर्मी से पहले बिजली की आंख-मिचौली शुरू

हल्द्वानी। गर्मी का पारा धीरे-धीरे अपने चरम पर पहुंच रहा है, जिसके चलते गर्मी से तो लोग परेशान ही है। इसी के साथ बिजली विभाग की कटौती के चलते लोगों का पारा चढ़ रहा हैं। नियमित तौर पर शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में 1 से 2 घंटों तक की कटौती की जा रही है। रविवार दोपहर 12 बजे के बाद बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई। एक बार बिजली आने पर महज 5 से 10 मिनट रुकने के बाद फिर से बत्ती गुल हो रही है।

बिजली कटौती से आमजनों के साथ ही शहर के व्यपारिक गतविधियों पर भी इसका असर पड़ रहा है।घंटों लाइट गोल होने के चलते शहर के सैलून पार्लर, वेल्डिंग कार्य समेत कई दुकानदारों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। शहर के राजपुरा, तिकोनिया, बनभूलपुरा, इंदिरा नगर और पंचायत घर रोड समेत कई इलाकों में दोपहर 2 घंटे के अंदर ही करीब 4 से 5 बार बिजली के आने-जाने का सिलसिला चालू रहा। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों को नियमित 1 से 2 घंटों तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com