हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

नलकूप खराब होने से परेशान हुई जनता, टैंकरो से हो रही पानी की सप्लाई

हल्द्वानी। हल्द्वानी में गर्मी आने से पहले ही सिंचाई विभाग व जल संसथान के नलकूप हांफने लगे हैं। विभाग का एक नलकूप ठीक होते ही दूसरा खराब होने लगा है। पेयजल व्यवस्था चरमराने के कारण लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा रहा है। गर्मी आने से पहले ही जल संस्थान और सिंचाई के नलकूप हांफने लगे हैं। पानी की मांग पूरी करने में नलकूप आधारित पेयजल व्यवस्था फेल होने लगी है। पेयजल की मांग पूरा करने वाले नलकूप का खराब होने का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। शहर में बढ़ रही गर्मी में लोग पानी के लिए संघर्ष करते दिख रहे हैं। मांग के अनुसार पानी नहीं मिलने पर विभाग नलकूप से पानी निकालकर घरों तक भेजता है। पेयजल की आपूर्ति करने वाले सिंचाई विभाग के नलकूप खराब होने से बोहरा कालोनी कमलुवागाजा, लालपुर आरटीओ रोड और देवला तल्ला गौलापार में पानी नहीं मिल रहा है। वहीं दमवाढूंगा में जल संस्थान का नलकूप खराब होने से विभागीय टैंकर नहीं पहुंचने से पानी के इंतजाम के लिए निजी टैंकर पर निर्भर रहना पड़ता है। जल संस्थान के ईई आर एस लोशाली ने बताया कि ट्यूबवेल ठीक करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रभावित क्षेत्र में टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है।

शराब के साथ महिला गिरफ्तार

हल्द्वानी। चोरगलिया और गौलापार क्षेत्र में शराब की तस्करी करने वाली महिला आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से कच्ची शराब के पाउच भी मिले हैं।
थानाध्यक्ष चोरगलिया राजेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखानी खड़कू चोरगलिया से एक महिला को गिरफ्तार किया। उसके पास से 152 पाउच कच्ची शराब के बरामद हुए हैं। आरोपी का नाम कमला बिष्ट (35) निवासी खड़कू चोरगलिया है। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सरकारी जमीन पर बनाई सड़क, पूर्व मंत्री अग्रवाल के बेटे पर मुकदमा 

देहरादून।  पूर्व कैबिनेट मंत्री व ऋषिकेश से विधायक प्रेम चंद अग्रवाल के पुत्र पीयूष अग्रवाल पर अधिकारियों की अनुमति के बिना सरकारी भूमि पर सड़क बनाने के आरोप में सार्वजनिक संपत्ति अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 
पौड़ी के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने गुरुवार को बताया कि यह मुकदमा यमकेश्वर के एसडीएम अनिल चन्याल की अदालत में दर्ज किया गया है। पीयूष ने यह सड़क अपने प्रस्तावित होटल तक पहुंचने के लिए बनाई है। एक जांच रिपोर्ट में सरकारी जमीन पर मुख्य मार्ग से नीचे की ओर बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से 24 मीटर लंबी, चार मीटर चौड़ी और डेढ़ मीटर गहरी सड़क का निर्माण करने की बात सामने आने के बाद यह मुकदमा दर्ज किया गया। इससे पहले उपराजस्व निरीक्षक सीएस पुंडीर ने एसडीएम को जांच रिपोर्ट सौंपी थी। पुंडीर ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि यह सरकारी जमीन लक्ष्मण झूला क्षेत्र की मराल ग्राम पंचायत, पट्टी उदयपुर तल्ला के अन्तर्गत गांव खैरखाल तोक में है जिसका खसरा नंबर 5889 है। रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी दस्तावेजों में यह जगह एक झाड़ी के रूप में दर्ज है। जिलाधिकारी ने वर्तमान राजस्व उप निरीक्षक वीएस गुसाईं से दोबारा इस मामले की जांच करने को कहा जिसमें फिर इन आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद, दो दिन पहले चन्याल की अदालत में अग्रवाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।

मधुमक्खियों के हमले में आधे दर्जन से ज्यादा लोग घायल

कालाढूंगी: मधुमक्खियों के हमले में राप्रावि चकलुवा में आधा दर्जन विघार्थियों व ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घायल छात्रों व ग्रामीणों को सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को करीब डेढ़ बजे राप्रावि चकलुवा में बच्चे पेपर दे रहे थे। इसी बीच मधुमक्खियों के झुंड ने बच्चों के पर हमला बोल दिया। जिससे स्कूल में अफरा-तफरी मच गयी। शिक्षक व भोजन माता ने बच्चों को बचाने के लिए दरी कबंल डालकर बचाने का प्रयास किया। इस बीच मधुमक्खियों ने भोजन माता ललिता देवी, कक्षा दो की छात्रा आराध्या व ललीता, कक्षा तीन के छात्र योगेन्द्र व रोहित, कक्षा के छात्र हिमांशु व रिंकी को मुधुमक्खियों ने डंक मारकर घायल कर दिया। प्रधानाचार्य मनोज कुमार ने 108 में कॉल कर बच्चों उपचार के लिए सीएचसी लाये जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को छूट्टी दे दी गयी। राप्रावि के साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्र भी है, जिसमें छोटे-छोटे बच्चे भी थे तभी आगंनबाडी कार्यकत्री कांति बिष्ट ने तत्परता दिखाते हुए दरवाजा बंद दिया। हमले में ग्रामीण योगेश सैनी, देब सिंह, शेर सिंह व प्रयाग कार्की भी घायल हो गए। घायलों को ग्रामीण सीएचसी लाये जहां प्राथमिक उपचार दिया गया।

कुत्ते-बिल्लियों में भी बढ़ रही वायरल की समस्या

नैनीताल। इंसानों के साथ ही मौसम परिवर्तन का असर पशुओं के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। पशु अस्पताल नैनीताल में वायरल के मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। अस्पताल में 4 से 5 मामले प्रतिदिन आ रहे हैं। क्षेत्र प्रसार अधिकारी राजीव पाठक ने बताया कि इन दिनों वायरल के मामले बढ़ रहे हैं। अधिकतर मामले ग्रामीण क्षेत्र पंगोट, बजून आदि से हैं। पशुओं में उल्टी, दस्त और बुखार की समस्या प्रमुख है। जिन पशुओं को पहले वैक्सीन न लगी हो, उन्हें खूनी डायरिया की समस्या होने का भी खतरा रहता है। ऐसे में पशुओं की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बीमार पशु को अन्य पशुओं से दूर रखना चाहिए। बीमार पशु को हल्का खाना खिलाएं। अधिक समस्या होने पर अस्पताल लाकर उपचार कराएं।

वैली ब्रिज के कसे गए नट-बोल्ट, जनता जाम से परेशान

हल्द्वानी। काठगोदाम में कलसिया नाले पर बने वैली ब्रिज के नट-बोल्ट कसने का काम शुरू हो गया है। इस वजह से पुल पर आवागमन पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इससे पहले भी कई बार ब्रिज की मरम्मत की जा चुकी है।कलसिया नाले पर अस्थाई रूप से वैली ब्रिज बनाया गया था। उस समय कहा गया था कि यहां पर स्थाई पुल बनाया जाएगा। हालांकि करीब ढाई साल बीतने के बाद भी वैली ब्रिज से ही काम चलाया रहा है। इधर शीघ्र ही पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है और पुल के ऊपर से जाने वाले वाहनों की संख्या में काफी बढ़ोत्तरी हो जाएगी। इसलिए पुल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। बुधवार को वैली ब्रिज के हिल रहे नट-बोल्ट को कसने का काम शुरू कर दिया गया। इसके साथ ही पुल में जहां-जहां मरम्मत की जरूरत होगी वहां काम किया जाएगा। यह काम अगली 25 मार्च तक होगा। इसके चलते पुल के ऊपर से आवागमन बंद करवा दिया गया है। पास के ब्रिज से आवागमन करवाया जा रहा है। एनएचएआई के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि काम को तय समय में पूरा करवा दिया जाएगा।

बनभूलपुरा हिंसा में हाईकोर्ट ने सरकार से मांगी ये रिपोर्ट

नैनीताल। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जी. नरेंद्र एवं न्यायमूर्ति आलोक मेहरा की खंडपीठ ने बनभूलपुरा हिंसा वाले दिन गोली लगने से हुई फईम की मौत की जांच सीबीआई से कराने संबंधी याचिका पर सुनवाई की। खंडपीठ ने सरकार से कहा है कि मामले की प्रगति रिपोर्ट कोर्ट में पेश करें। मृतक फईम के भाई परवेज ने याचिका दायर कर कहा कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, नैनीताल ने पुलिस को 6 मई 2024 को निर्देश दिए थे कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इसकी जांच करें और उसकी रिपोर्ट कोर्ट में प्रस्तुत करें लेकिन आज तक पुलिस ने इसकी जांच नही की इसलिए उनके द्वारा मामले की सीबीआई से जांच कराने और परिवार को सुरक्षा दिलाने को लेकर याचिका दायर करनी पड़ी। मामले के अनुसार, 8 फरवरी 2024 को हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके में हिंसा के दौरान फईम नाम के व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गयी थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि फईम की मौत हिंसा के दौरान नहीं हुई थी बल्कि अज्ञात लोगों ने पहले उसकी गाड़ी में आग लगाई और बाद में उसे गोली मार दी और घर का सारा सामान ले गए थे। कई बार शिकायत के बावजूद पुलिस-प्रशासन ने न तो इसकी जांच की और न मुकदमा दर्ज किया।

डेढ़ माह बाद पुलिस में दर्ज हुई चोरी की रिपोर्ट

हल्द्वानी। करीब डेढ़ माह पूर्व टीपीनगर चौकी क्षेत्र में एक परिवार अपना घर बंद करके प्रयागराज में महाकुंभ नहाने गया था। चोरों ने इसका फायदा उठाया और घर खंगाल दिया। पुलिस को अब मामले में तहरीर मिली है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बालाजी विहार, जीतपुर नेगी निवासी चंदन सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपनी पत्नी और परिवार के साथ बीती 27 जनवरी को प्रयागराज कुंभ में स्नान के लिए गए थे। करीब चार दिन बाद 31 जनवरी को वह घर वापस आए। यहां आकर देखा कि घर के गेट और दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो पूरे घर का सामान बिखरा हुआ था। घर के अंदर लॉकर से 3.5 तोला और 2.75 लाख नगदी गायब थी। चोरी हुए सोने का बाजार मूल्य करीब 4.5 लाख रुपये है। वह समझ गए कि घर के अंदर चोरों ने हाथ साफ कर लिया है। घटना की भनक पड़ोसियों को भी नहीं लगी थी। पीड़ित ने परिवार ने अब जाकर पुलिस में चोरी की घटना की जानकारी दी है। पुलिस अब सीसीटीवी खंगाल रही है। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर के बाद अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल जा रहे हैं। ——–घर के अंदर खड़ी स्कूटी चोरीहल्द्वानी। भगवानपुर तल्ला में घर के अंदर बरामदे में खड़ी स्कूटी चोरी हो गई। प्रगतिशील कॉलोनी भगवानपुर तल्ला निवासी हरभजन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 18 मार्च की रात लगभग 11:52 बजे चोरी की वारदात हुई है। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। दावा है कि शीघ्र ही चोरी को स्कूटी के साथ पकड़ लिया जाएगा।

घर में लगी आग से पूरा सामान जलकर राख

भीमताल। ब्लॉक ओखलकांडा के ग्राम सभा नाई निवासी चंदन सिंह के घर में सोमवार की रात अचानक आग लग गई। घटना के वक्त चंदन सिंह का परिवार बगल में बने रसोई घर में भोजन कर रहा था। तभी उन्होंने देखा कि उनके ठीक बगल वाले दूसरे घर में आग लगी हुई है। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद गांव के वर्तमान प्रशासक नरेश नयाल सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तत्परता से आग बुझाने में जुट गए। नरेश सिंह नयाल ने बताया कि इस आगजनी में चंदन सिंह के घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया, जिसमें सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल थीं। चंदन सिंह ने बताया कि आग में उनका सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। राजस्व निरीक्षक जगदीश चंद्र ने मंगलवार को घटनास्थल का निरीक्षण किया और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। घटनास्थल पहुंचकर मुकेश चंद्र बौद्ध, नरेश सिंह नयाल, राजेंद्र सिंह नयाल, अर्जुन सिंह बर्गली, मनोज कुमार, ललित मोहन, यशपाल व कैलाश चंद्र ने घटना में हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग प्रशासन से की है।

ओखलकांडा ब्लॉक के गांवों में बीएसएनएल सेवा सही करो

हल्द्वानी। ओखलकांडा ब्लॉक के कई गांवों में बीएसएनल मोबाइल नेटवर्क सेवा बाधित है। इस वजह से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने नेटवर्क सही किए जाने की मांग को लेकर बीएसएनएल महाप्रबंधक का घेराव कर प्रदर्शन किया।मंगलवार को प्रभावित गांवों के स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि बीएसएएनएल कार्यालय पहुंचे और बीएसएनल महाप्रबंधक का घेराव किया। उन्होंने अपनी समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि ओखलकांडा ब्लॉक के ग्राम पंचायतों ल्वाड़, डोबा, हरीशताल, गौन्यारों, पटरानी, ककोड़, अधोड़ा, डुंगरी, अमजड़ पिडार आदि में बीएसएनएल नेटवर्क सही काम नहीं कर रहा है। यहां ग्रामीणों की बड़ी आबादी है। नेटवर्क बंद होने से लोगों को जरूरी कामों में दिक्कत आ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया है कि अगले 15 दिनों में बीएसएनल नेटवर्क को सुचारू कर दिया जाएगा। वहीं ग्रामीणों और जन प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि बताए गए समय के अंदर मोबाइल नेटवर्क सही नहीं हुआ तो बीएसएनल के कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी और साथ ही उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख प्रदीप मटियाली,ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख डूंगर ढोलगाई, डिगर मेवाड़ी, पूरन भट्ट, ललित भट्ट, विशन परगाई, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक जोशी, ईश्वर मटियाली जी ,यशोद महरा, दिवान महरा, नारायण महरा, गोधन मटियाली, दिवान सिंह महरा, कार्तिक बोरा, पूरन मेवाड़ी थे।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com