हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

30 मार्च से एमबी इंटर कॉलेज में महापुराण कथा का आयोजन

हल्द्वानी। चेत्र नवरात्रि के पावन मास में शहर में श्री देवी भागवत महापुराण कथा और यज्ञ पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 30 मार्च से 12 अप्रैल 2025 तक एम बी इंटर कॉलेज के मैदान में होगा। इस आयोजन में कृष्णागिरी पीठाधीश्वर जगतगुरु 1008 बसंत विजयानंद गिरि महाराज द्वारा श्री देवी भागवत महापुराण कथा का वाचन किया जाएगा। यह आयोजन कथा, यज्ञ एवं पूजा का दिव्य सम्मिश्रण होगा, जिसमें प्रतिदिन सुबह 10 बजे विशेष साधना पूजा, दोपहर 3 बजे श्री देवी भागवत महापुराण कथा और सायं 6 बजे सर्व सिद्धिप्रदायक सर्व देवी देवता महायज्ञ होगा। साथ ही प्रतिदिन शाम 5 बजे और रात 9 बजे महाप्रसाद का भी वितरण किया जाएगा। आयोजकों ने शहर की जनता से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने चलाया अभियान

रामनगर। नगर के सबसे व्यस्ततम मार्ग रानीखेत रोड़ पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने देर सायं अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। टीम ने कई अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त करने के साथ कई लोगों का चालान कर जुर्माना भी वसूला।
शुक्रवार को एसडीएम राहुल शाह, तहसीलदार कुलदीप पांडे, सीओ सुमित पांडे, एआरटीओ संदीप वर्मा, वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज नयाल, नगर पालिका ईओ आलोक उनियाल के अलावा कई कर्मचारी लखनपुर चुंगी पहुंचे। कार्रवाई की भनक लगने के बाद कई अतिक्रमणकारी अपना सामान खुद लेकर भागते हुए दिखाई दिए। एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि अभियान के दौरान कई अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त किया गया है। रानीखेत रोड पर फल एवं सब्जी विक्रेता, ठेले एवं खोखो पर अवैध तरीके से अतिक्रमण कर व्यापार कर रहे थे, जिससे लग रहे जाम के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि पालिका द्वारा निर्धारित बेंडर जोन पर ही अब इनको व्यापार करने की अनुमति दी जाएगी साथ ही प्रशासन द्वारा प्रतिदिन यह अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान कई अतिक्रमणकारियों की टीम के साथ तीखी नोंक झोक भी हुई। इस दौरान यातायात पुलिस निरीक्षक वेदप्रकाश भट्ट, प्रभारी सफाई निरीक्षक लल्ला मियां मौजूद रहे।

देव जाटव पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई

नैनीताल। मल्लीताल निवासी देव जाटव के खिलाफ मल्लीताल पुलिस ने गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जिला बदर करने के लिए पुलिस जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजेगी।
कोतवाली पुलिस ने मल्लीताल गाड़ी पड़ाव निवासी देव जाटव के आपराधिक इतिहास को देखते हुए उसके खिलाफ गुंडा एक्ट में कार्रवाई की है। देव जाटव के खिलाफ पूर्व में कई चोरी के मुकदमे और एनडीपीएस के मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में देव ने गौशाला में बंधी एक गाय के साथ कुकृत्य भी किया। जिसके बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको जेल भेज दिया गया था। इन दिनों वह जमानत पर जेल से बाहर आया है। कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि लोगों की मांग, क्षेत्र की सुरक्षा और उसका आपराधिक इतिहास देखते हुए कोतवाली पुलिस ने उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई की है। रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजकर उसको जिला बदर करने की कार्रवाई की जा रही है।

पहले की कोर्ट मैरिज की फिर छोड़ा, पत्नी ने मुकदमा लिखाया

हल्द्वानी। युवक ने एक युवती से शादी तो कर ली, लेकिन उसे अपने घर नहीं ले गया। कभी वह मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह न होने का झांसा देता रहा तो कभी कहता कि वह घरवालों को मना रहा है। बात नहीं बनी तो युवती फरियाद लेकर पुलिस के पास पहुंच गई। काउंसिलिंग हुई और फिर एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका पति मो. अल्तमश, बहेड़ी बरेली का रहने वाला है। पीड़िता का आरोप है कि अल्तमश ने उसके साथ कोर्ट मैरिज की, लेकिन उसे ससुराल लेकर नहीं गया। वह जब भी अल्तमश से ससुराल ले जाने को कहती तो वह बहाने बनाने लगता। कभी वह कहता कि हमारी मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी नहीं हुई तो कभी कहता कि वह पहले वह अपने घरवालों को समझाएगा और फिर उसे अपने साथ ले जाएगा। उसने कहा गया था कि निकाह के बाद वह उसे अपने साथ किच्छा में रखेगा, लेकिन वह सिर्फ बहाने बनाते रहा। जिसके बाद पीड़िता पुलिस के पास पहुंचा। मामला महिला समाधान सेल पहुंचा, कई बार काउंसिलिंग हुई, लेकिन बात नहीं बनी। जिसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की जांच एसआई मोनी टम्टा को को सौंपी गई है।

31 मार्च को खुले रहेंगे समस्त बैंक व कोषागार   

हल्द्वानी।वित्तीय वर्ष 2024-2025 में शासन से विभिन्न विभागों को मिले बजट का पूरा उपयोग हो सके, इसके लिए 31 मार्च को समस्त बैंक, कोषागार और उपकोषागार खुले रहेंगे। जिलाधिकारी के आदेश पर इस दिन रात 12 बजे तक बैंक, कोषागार और उपकोषागार खुले रहेंगे।

हल्द्वानी और लालकुआं में तस्करी करने वाला गिरफ्तार

हल्द्वानी। गैंग बनाकर हल्द्वानी से लेकर लालकुआं तक स्मैक की तस्करी करने वाले बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों पर गैंगेस्टर लगा है और पुलिस को लंबे समय से दोनों की तलाश थी। दोनों अल्मोड़ा के रहने वाले हैं और अल्मोड़ा में भी उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। काठगोदाम पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया है।
थानाध्यक्ष दीपक बिष्ट ने बताया कि 22 जून 2024 को लालकुआं पुलिस ने अल्मोड़ा के मल्ला जोशी खोला निवासी अभिषेक नेगी व गंगोली मोहल्ला अल्मोड़ा निवासी सोवित नेगी स्मैक तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया था, जो वर्तमान में जेल से बाहर थे। दोनों की आपराधिक गतिविधियों के बारे में अन्य थानों व जिले से जानकारी प्राप्त की गई तो उनके खिलाफ अल्मोड़ा व अन्य थानों में भी स्मैक तस्करी के केस पाए गए। आरोपी गैंग बनाकर अपराध कर रहे थे। दोनों के खिलाफ इसी वर्ष गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना उच्चाधिकारियों ने काठगोदाम थाने को ट्रांसफर कर दी थी। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को हल्द्वानी से गिरफ्तार कर लिया।

पत्नी की आंख खुली, पति का शव फंदे से लटक रहा था…

हल्द्वानी : फेरी लगाकर कपड़े बेचने वाले युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार केसोपुरकला, थाना दातागंज, बदायूं निवासी 35 वर्षीय राजकुमार पुत्र शिपतार सिंह अपनी पत्नी के संग मंडी चौकी क्षेत्र में एक किराए के मकान में रहता था। मंगलवार को उसने शहर में फेरी लगाई और रात को घर आ गया। सुबह जब पत्नी की आंख खुली तो पति फंदे पर लटका मिला। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मौत के मामले की जांच की जा रही है।

नलकूप फुंके, टैंकरो से पानी की आपूर्ति

हल्द्वानी। गर्मी का पारा चढ़ते ही पानी का संकट भी गहराने लगा है। गौलापार मदनपुर और दमुवाढूंगा में नलकूप की मोटर फुंकने से लोगों को पानी के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। नलकूप खराब होने से जनता को पानी नहीं मिल रहा है। गर्मी के शुरुआती सीजन में ये हाल है, तो अभी मई से लेकर जून तक का महीना बचा हुआ है। इस महीने में तापमान चरम पर होता है। लेकिन पानी की किल्लत अभी से शुरू हो गई है। जल संस्थान के द्वारा पानी की आपूर्ती टैकरों से की जा रही है।

यहां के लोगों को खस्ता हाल सड़क से मुक्ति

हल्द्वानी। कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने विधानसभा क्षेत्र के पीलीकोठी, धानमिल, गोकुलधाम कॉलोनी, डहरिया, इको टाउनशिप क्षेत्र में 150.30 लाख की लागत से 2.10 किलोमीटर एवं 61.88 लाख की लागत से 1 किलोमीटर पीसी सड़क मार्ग के निर्माण का शिलान्यास किया।
विधायक ने कहा, बड़ी आबादी क्षेत्र होने के बावजूद बार-बार विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने पर लोक निर्माण विभाग सिर्फ गड्ढे भरने का कार्य कर अपनी इतिश्री कर दे रहे थे। लंबे समय से बड़ी आबादी खराब सड़क मार्ग का इस्तेमाल कर रही थी। विभाग से लोगों को मदद नहीं मिली तो भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट और विधायक बंशीधर भगत ने मुख्यमंत्री के समक्ष समस्या रखी। जिसके बाद समस्या का निदान हो सका। इस दौरान मेयर गजराज बिष्ट, सुरेश पाल, राधा भट्ट, पार्षद हरेंद्र बिष्ट, नेम चंद्र अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, घनश्याम जोशी, पुष्कर बिष्ट, खजान गयाल, प्रमोद बोरा, त्रिवेणी गयाल, नंद किशोर भट्ट, बीआर शर्मा, किशन भंडारी, भावना लोहनी, राकेश पंत आदि थे।

पांच लाख की खैर की लकड़ी पकड़ी

कालाढूंगी। बरहैनी रेंज में वनकर्मियों ने बाजपुर नमूना टाल में छापा मारकर पांच लाख रुपये की खैर की लकड़ी पकड़ी है। शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर उप वन क्षेत्र अधिकारी गोपाल कृष्ण कपिल के नेतृत्व में वन विभाग व पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से नमूना टाल में छापा मारकर खैर प्रकाष्ठ 80 नग तथा 50-60 कुटंल जलौनी लकड़ी जब्त की। वहीं मौके पर एक मजदूर ने टाल में आग लगाने की कोशिश कर विभाग का बदनाम करने की कोशिश भी की मगर टीम की तत्परता से कामयाब न हो सका। उपवन क्षेत्र अधिकारी गोपाल कपिल ने बताया मौके पर मौजूद व्यक्ति से लकड़ी के वैध प्रपत्र भी नहीं दिखा सका। जिसके बाद वन विभाग ने खैर के नग व जलौनी लकड़ी को कब्जे में ले लिया। लड़कियों की कीमत 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com