हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

चमोली में भारी बारिश से बद्रीनाथ-हेमकुंड साहिब यात्रा पर रोक

चमोली। जिले में हो रही लगातार भारी बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर रोक लगा दी है। रोक कब तक रहेगी, यह फिलहाल तय नहीं है, लेकिन जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है।भारी बारिश के चलते बद्रीनाथ हाईवे सहित कई लिंक मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने की व्यवस्था की है। राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की तैयारी जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। आपदा प्रबंधन टीमें राहत और बचाव कार्य में लगातार लगी हुई हैं। यात्रियों के लिए सलाह प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें। सभी को सुरक्षित स्थानों पर रहने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और नदी किनारे न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

बेतालघाट पुलिस ने पकड़ा गांजा, रामनगर का दीपक गिरफ्तार

हल्द्वानी: बेतालघाट पुलिस ने भारी मात्रा में चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बेतालघाट-भुजान मार्ग पर रातौड़ा पुल के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दीपक दिवाकर निवासी पंजाबी कॉलोनी, गुल्लर घट्टी रामनगर को रोका गया। चेकिंग के दौरान उसके पास से 4.880 किग्रा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही मोटर साइकिल को सीज कर दिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक हरि राम, कांस्टेबल दीपक सिंह रावत और दीपक सिंह सामंत थे।

बाइक सवार पर चढ़ाई स्कॉर्पियो, भाजपा के प्रदेश मंत्री पर मुकदमा

हल्द्वानी: भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश मंत्री विपिन पांडे के खिलाफ मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि काली स्कॉर्पियो सवार विपिन ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में बाइक में पीछे बैठे व्यक्ति का पैर टूट गया। पुलिस को तहरीर देने वाले ने विपिन पर कई और गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। देवपुर देवका कमलुआगांजा निवासी टीकम सिंह देवका पुत्र मदन सिंह देवका ने मुखानी पुलिस को बताया कि बीती 30 अगस्त की सुबह वह घर से डेयरी की ओर जा रहे थे।

मोटर साइकिल सवार टीकम ने बताया कि वह बाइक चला रहे थे और पीछे पवन रल्हन बैठा था। वह अभी कमलुआगांजा-कठघरिया मार्ग पर ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ के घर के पास पहुंचे थे कि तभी काली स्कॉर्पियो ने उनकी मोटर साइकिल में टक्कर मार दी। घटना में पवन का पैर टूट गया। आरोप है कि स्कॉर्पियो में विपिन पांडे सवार था। टीकम का कहना है कि विपिन उन्हें पूर्व में भी मानसिक तौर पर प्रताड़ित करता रहा है। पूर्व में उनकी दुकान के किराएदारों को भी विपिन ने भगा दिया था और तब उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

3 घंटे में आफत की बारिश! इन जिलों में रेड अलर्ट जारी

हल्द्वानी | मौसम विभाग ने 1 सितंबर 2025 को सुबह 9:22 बजे से दोपहर 12:22 बजे तक के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अलर्ट के अनुसार, अगले तीन घंटों के भीतर उत्तराखंड के अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

चिन्हित संवेदनशील क्षेत्र: हल्द्वानी, धामपुर, रानीखेत, गंगोलीहाट काशीपुर, रामनगर, लालकुआं, खटीमा
तथा इनसे लगे आसपास के क्षेत्र भी इस चेतावनी के दायरे में हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें, खुले स्थानों, नदियों, नालों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों। आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें अलर्ट मोड पर हैं। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन या आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

हल्द्वानी: मैं आर्मी से कैप्टन बोल रहा हूं…बस बुकिंग के नाम पर 22 हजार की साइबर ठगी

हल्द्वानी: हल्द्वानी डिपो के परिचालक सीएन विश्वास के साथ साइबर ठगी हुई है। एक व्यक्ति ने भारतीय सेना का कैप्टन बनकर उन्हें फोन किया और बस बुकिंग के नाम पर उनसे 22 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने मामले की जानकारी साइबर सेल को दी है। घटना के अनुसार हल्द्वानी डिपो की स्टेशन इंचार्ज विद्या देवी को बीते शनिवार शाम को एक फोन आया, जिसमें सामने से एक व्यक्ति ने स्वयं को भारतीय सेना का कैप्टन बताकर कहा कि उन्हें रविवार सुबह अपने जवानों को देहरादून भेजने के लिए एक बस बुक करानी है। उक्त व्यक्ति ने किराये की जानकारी लेकर चालक-परिचालक का मोबाइल नंबर लिया। परिचालक सीएन विश्वास ने बताया कि शनिवार शाम को उनके पास उक्त व्यक्ति का फोन आया। जिसमें उसने बताया कि डिपो की इंचार्ज की ओर से नंबर उपलब्ध कराया गया है और सेना के जवानों को बस से देहरादून जाना है।

जिस पर व्यक्ति ने परिचालक को आर्मी कैंट केंद्रीय विद्यालय की लोकेशन भेजकर सुबह 6:30 बजे पहुंचने के लिए कहा। परिचालक रविवार सुबह जब तिकोनिया के पास पहुंचा तो फोन पर संपर्क करने पर उक्त व्यक्ति ने भेजी गई लोकेशन पर आने के लिए मना किया और तिकोनिया चौराहे पर बस रोकने और जवानों के वहीं पर पहुंचने को कहा। इसके पांच मिनट बाद व्यक्ति का दोबारा कॉल आया और बोला कि जवानों के पहुंचने में अभी समय लगेगा, तब तक किराये का लेनदेन कर लेते हैं। व्यक्ति भारतीय सेना के नियम गिनाते हुए कहने लगा कि किसी भी लेनदेन के लिए पहले 1 रुपये उनके व्यक्तिगत खाते में डालने होंगे। जिसके बाद वह दोगुने यानी 2 रुपये भेजेंगे। ठगी करने वाले व्यक्ति ने परिचालक से व्यक्तिगत बारकोड मांगा और अपना बारकोड परिचालक को भेजा। साथ ही परिचालक को तय किराया भेजने को कहा। रुपये ट्रांसफर करते ही परिचालक को आभास हुआ कि उसके साथ साइबर ठगी हो चुकी है और उसने तत्काल डिपो इंचार्ज को अवगत कराया।

हल्द्वानी में दिनदहाड़े छात्रा का अपहरण, पिता ने पीछा कर दबोचा आरोपी!

हल्द्वानी: शहर में शोहदों के हौसले बुलंद हैं। शनिवार को घर से कोचिंग के लिए निकली 10वीं की एक छात्रा का स्कूटी सवार शोहदे ने अपने साथी की मदद से अपहरण कर लिया। छात्रा के घरवालों को पता लग जाने से वह अपनी नीयत में कामयाब नहीं हो पाया। पीछा करने पर आरोपी, छात्रा को बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद छात्रा के परिजनों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने अपहरण सहित कई गंभीर धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी शहर के प्रतिष्ठित स्कूल में 10वीं की छात्रा है। वह रोजाना दोपहर आवास विकास में ट्यूशन पढ़ने जाती हैं। बीती 30 अगस्त को भी वह घर से ट्यूशन के लिए निकली थी कि तभी रास्ते में स्कूटी सवार सोहेल नाम के युवक ने उसे रोक लिया। छात्रा कुछ समझ पाती इससे पहले सोहेल ने अपने एक साथी की मदद से छात्रा को खींच कर स्कूटी में बैठा लिया और उसका अपहरण कर लिया। इस घटना की भनक तुरंत ही परिजनों को लग गई।

परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। छात्रा के पिता को पीछे देख आरोपी, छात्रा को आवास विकास में छोड़ कर भाग खड़ा हुआ, लेकिन छात्रा के पिता ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसे होटल के-11 के पास से धर दबोचा। जिसके बाद वह आरोपी को भोटियापड़ाव पुलिस चौकी लेकर पहुंचे और आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद उन्होंने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, जान से मारने की धमकी देना और छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा, आरोपी सुहेल से तंग आ चुकी थी। छात्रा ने अपने पिता से भी सुहेल की शिकायत की थी। बताया थाकि सुहेल उसको ट्यूशन आते-जाते समय गलत निगाहों से बार-बार घूरता है, बात करने और जबरन हाथ पकड़ने का प्रयास करता है। सुहेल ने कुछ दिन पहले छात्रा को जबरदस्ती एक ताबीज दिया और कहा कि इसको पहन ले वरना तुझे व तेरे घर वालों को जान से मार दूंगा। उसने कहा, इसके बारे में किसी को बताया तो तुझे व तेरे परिवार वालों को जान से मार दूंगा।

छात्रा जब घर में डरी-सहमी सी रहने लगी तो पिता ने उससे कारण पूछा और उसने सुहेल की हरकतों के बारे में उन्हें बता दिया। छात्रा ने जब अपने पिता को सारी हकीकत बयां की तो उन्होंने एक बार सुहेल को समझाने का मन बनाया। वह सुहेल के घर पहुंचे और बड़े प्यार से उसे उसके घरवालों के सामने समझाया, लेकिन इसके बाद से उसके हौसले और बुलंद हो गए। एक-दो दिन तक ठीक रहा, लेकिन कुछ दिन बाद फिर से उसने छात्रा का पीछा शुरू कर दिया। छात्रा ने अपने पिता को भी बताया कि सुहेल फिर से उसे परेशान कर रहा है। पिता कोई कदम उठाते इससे पहले ही उसने शनिवार को छात्रा को अगवा कर लिया। हालांकि घरवालों की तत्परता से वह अपनी नीयत में कामयाब नहीं हो सका। पिता का कहना है कि घटना के बाद से उनकी बेटी बेहद डरी हुई है।

हल्द्वानी: गणपति बप्पा को किया प्रतिष्ठित, विसर्जन से किया इनकार

हल्द्वानी: गणेशोत्सव की धूम इस बार बद्रीपुरा में थोड़ी अलग रही। जहां देशभर में गणपति बप्पा का पारंपरिक विसर्जन किया जाता है, वहीं बद्रीपुरा गणेश महोत्सव समिति ने इस बार एक अनूठा फैसला लेकर बप्पा की प्रतिमा को विसर्जित करने के बजाय सुरक्षित रखने का निर्णय लिया। समिति पिछले 9 वर्षों से गणेश महोत्सव का आयोजन कर रही है। इस बार भी पूरे श्रद्धा भाव से पांच दिनों तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान हुए। पांचवें दिन पूरे वार्ड-11 में गणपति बप्पा की प्रतिमा के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने नाचते-गाते हुए बप्पा की जयकार लगाएं। शोभायात्रा के बाद प्रतिमा का दूध-दही स्नान कराया गया, फूल अर्पित किए गए और फिर वार्ड के ही एक श्रद्धालु के घर में प्रतिमा को सुरक्षित स्थापित कर दिया गया। समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि उत्तराखंड, जिसे देवभूमि कहा जाता है, हमेशा से देवी-देवताओं का निवास स्थान माना गया है। धार्मिक ग्रंथों और पुराणों में श्री गणेश, माता पार्वती और भगवान शिव का यहां वास बताया गया है। समिति का मानना है कि उत्तराखंड की संस्कृति देवी-देवताओं का आह्वान कर उन्हें प्रतिष्ठित करने की रही है, ना कि उन्हें विसर्जित करने की।

समिति के अध्यक्ष ने कहा कि धर्मशास्त्रों में कहीं भी श्री गणेश प्रतिमा के विसर्जन का उल्लेख नहीं है। प्रतिमाओं का विसर्जन कर उन्हें नदियों और जलधाराओं में बहाना यहां की सांस्कृतिक आस्था के विपरीत है। देवभूमि में देवताओं को स्थापित किया जाता है और उन्हें पूजित रखा जाता है। उधर, रामनगर के श्री शिवेशवर महादेव मंदिर पीरुमदारा मंदिर के पुजारी हर्ष शर्मा ने बताया इस वर्ष गणपति की मूर्ति का विसर्जन ना करके पूजन के अंतिम दिन भव्य रूप से स्नान कराकर पुनः मंदिर में स्थापना की जाएगी। समिति के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल का कहना है की गणेश जी रिद्धि-सिद्धि के दाता है। प्रथम पूजनीय है। उत्तराखंड उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि दोनों है। पूजा अर्चना तो होनी ही चाहिए किंतु विसर्जन का कोई औचित्य नहीं है। श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन की प्रथा को बंद करने की मांग को लेकर पहाड़ी आर्मी ने कुछ दिन पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा था। संगठन का कहना है कि देवभूमि उत्तराखंड में देवी-देवताओं को प्रतिष्ठित करने की परंपरा रही है, विसर्जन करने की नहीं। पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत ने उस दौरान कहा था कि गणेश विसर्जन से सांस्कृतिक आस्था को ठेस पहुंच रही है। यदि सरकार ने इस प्रथा पर रोक नहीं लगाई तो संगठन को आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरना पड़ेगा।

शेर नाला उफान पर, गौलापार-चोरगलिया मार्ग पर ट्रैफिक बंद

हल्द्वानी: पहाड़ों में लगातार हो रही तेज बारिश का असर मैदानी क्षेत्रों में भी दिखने लगा है। गौलापार-चोरगलिया मार्ग पर स्थित शेर नाला उफान पर आ गया है। भारी जलप्रवाह के चलते प्रशासन ने नाले से गुजरने वाले ट्रैफिक को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र शेर नाले के दोनों छोरों पर पुलिस टीमों की तैनाती की है। नाले पर बनी पुलिया से पानी काफी ऊपर बह रहा है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया है।

अब हल्द्वानी से सितारगंज और खटीमा की ओर जाने वाले वाहनों को किच्छा मार्ग के जरिए भेजा जा रहा है। इस बदलाव से चोरगलिया और गौलापार क्षेत्रों में वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, हर साल बारिश के मौसम में शेर नाला खतरे का कारण बनता है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नाले के आसपास जाने से बचें और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें।

भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, नैनीताल जिलेमें कल बंद रहेंगे स्कूल

हल्द्वानी। मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार, 01 सितम्बर 2025 के लिए नैनीताल जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने, अतितीव्र वर्षा और भू-स्खलन की आशंका बनी हुई है। वर्तमान में भी जिले के विभिन्न पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की जा रही है, जिससे नदियों-नालों में तेज बहाव और संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।जनपद में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी ने आदेश जारी कर कहा है कि सोमवार, 01 सितम्बर को जिले के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) और सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में एक दिन का अवकाश रहेगा।हालांकि, यह आदेश उन आवासीय विद्यालयों पर लागू नहीं होगा जहाँ छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक व आवासीय सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है। शिक्षकों और कार्यालय स्टाफ को आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय बुलाने का निर्णय संबंधित प्रधानाचार्य ले सकेंगे, लेकिन दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले कर्मचारियों को अनावश्यक विद्यालय न बुलाने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्य शिक्षाधिकारी व जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

उत्तराखंड के 7 जिलों में रेड अलर्ट, भारी बारिश से सतर्क रहने की अपील

देहरादून। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के सात जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। रुद्रप्रयाग, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ और देहरादून जिलों में अगले 24 घंटे के भीतर भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि इन जिलों में कहीं-कहीं बादल फटने जैसी स्थिति, नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने, भूस्खलन और सड़क मार्ग बाधित होने की आशंका बनी हुई है। विभाग ने प्रशासन और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के किनारे न जाएं। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी गई है।

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com