हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

सीएम ने हरी झंडी दिखाकर वातानुकूलित टैंपो ट्रैवलर का किया शुभारंभ

-20 टैंपो ट्रैवलर से देहरादून-मसूरी व हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर जाम से मिलेगी राहत

हल्द्वानी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड परिवहन निगम की 20 नई वातानुकूलित यूटीसी मिनी (टैंपो ट्रैवलर) सेवाओं का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इन आधुनिक और सुविधाजनक वाहनों में से 10 टैंपो ट्रैवलर देहरादून-मसूरी और 10 हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर चलेंगी। इस पहल से पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ दोनों प्रमुख रूटों पर जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। हल्द्वानी और काठगोदाम डिपो को 4-4 टेंपो ट्रैवलर उपलब्ध कराई गई हैं। जबकि 2 टेंपो ट्रैवलर भवाली डिपो को मिलेंगी। हल्द्वानी से नैनीताल का किराया करीब 100 रुपये होगा। साथ ही इन वाहनों को बुकिंग पर भी भेजा जाएगा, जिससे उत्तराखंड परिवहन निगम की आय भी बढ़ेगी। वाहन का संचालन बिना परिचालक के किया जाएगा। हल्द्वानी डिपो के एआरएम संजय पांडे ने बताया कि आज मंगलवार को चालक गाड़ी लेकर हल्द्वानी पहुंच जाएंगे। उन्होंने बताया कि कल बुधवार से इनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कैंप कार्यालय से जीटीसी हेलीपैड तक टैंपो ट्रैवलर में सफर कर इन वाहनों का अनुभव भी लिया। उन्होंने कहा कि यदि यह पहल सफल रहती है तो राज्य में ऐसी सेवाओं की संख्या और भी बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि वातानुकूलित टैंपो ट्रैवलर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और किफायती यात्रा का अनुभव देंगी, जिससे प्रदेश की आर्थिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राज्य के हर क्षेत्र को बेहतर सड़क नेटवर्क और विश्वसनीय परिवहन सेवाओं से जोड़ना है। कहा कि डीए में बढ़ोतरी करना हो, 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना हो या निगम में भर्तियों के माध्यम से मानव संसाधन बढ़ाना हो, पूरी प्रतिबद्धता के साथ उनके कल्याण के लिए कार्य किये जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम लगातार तीसरे साल मुनाफे में चल रहा है, जो सरकार की प्रतिबद्धता और पारदर्शी कार्यप्रणाली का प्रमाण है। बताया कि बस बेड़े में जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया जाएगा।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रमुख सचिव एवं परिवहन निगम अध्यक्ष एल फैनई, एमडी रीना जोशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com