
हल्द्वानी : शहर में संचालित बार, शराब के ठेके और सरकारी कैंटीनों में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। हालात यह हैं कि कई बारों में बाहरी राज्यों की अवैध शराब धड़ल्ले से परोसी जा रही है, जिससे न सिर्फ राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। इसके अलावा अधिकांश बारों में न तो पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था है और न ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, जिससे कभी भी बड़ी घटना होने की आशंका बनी रहती है। सरकारी शराब कैंटीनों की स्थिति भी किसी से छिपी नहीं है। यहां नियमों के विपरीत खुलेआम शराब पिलाई जा रही है, जबकि परिसर में गंदगी का अंबार लगा रहता है। साफ-सफाई की अनदेखी के साथ ही इन कैंटीनों में बेहद निम्न गुणवत्ता का खाने-पीने का सामान बेचा जा रहा है, जो सीधे तौर पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ है। स्थिति और गंभीर तब हो जाती है जब इन सभी अनियमितताओं पर निगरानी रखने वाला आबकारी विभाग पूरी तरह निष्क्रिय नजर आता है। न तो नियमित जांच की जा रही है और न ही औचक निरीक्षण की कोई प्रभावी व्यवस्था दिखाई देती है। बार, ठेकों और कैंटीनों में नियमों की अनदेखी लगातार जारी है, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई के नाम पर चुप्पी साधे हुए है।हैरानी की बात है कि शहर के बड़े कारोबारी जो इस तरह के कार्यों में लिप्त हैं, उन रसूखदारों को आबकारी विभाग बखूबी जानता है।




Leave a Reply