हल्द्वानी समाचार

आपका शहर, आपकी खबर, आपकी आवाज़!

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दिया इस्तीफा

हल्द्वानी। रविवार को कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने इस्तीफा दिया। अग्रवाल ने कहा जिस प्रकार से वातावरण बनाया गया। आज साबित करना पड़ रहा है कि उत्तराखंड के लिए योगदान दिया। राज्य आंदोलन में लाठियां खाईं। ऐसे व्यक्ति को टारगेट बनाया जा रहा है। आहत हूं, ऐसे में मुझे इस्तीफा देना पड़ रहा है। अब राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।रविवार को प्रेम चंद अग्रवाल ने आनन-फानन में प्रेस कान्फ्रेंस बुलाई गई थी। प्रेमचंद अग्रवाल ने इस्तीफा उत्तराखंड के मंत्री को सौंपा।

बजट सत्र के पहले दिन विपक्ष की ओर से राज्यपाल के अभिभाषण का विरोध किया जा रहा था, तब द्वाराहाट के विधायक बिष्ट और मंत्री अग्रवाल के बीच हुई तीखी नोकझोंक चर्चा के केंद्र में रही थी। सदन में शून्यकाल के दौरान संसदीय कार्यमंत्री अग्रवाल, कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी की कार्यस्थगन की सूचना का जवाब दे रहे थे। इसी दौरान विधायक बिष्ट ने साथी विधायकों से बातचीत में कथित तौर पर क्षेत्रवाद से संबंधित टिप्पणी की। मंत्री अग्रवाल ने इसे लेकर कड़ा ऐतराज जताया। फिर तो सदन में काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति रही। इसके बाद उत्‍तराखंड में प्रदर्शन का दौर शुरू हो गया। गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक पुतला दहन और विरोध किया गया। नारेबाजी करते हुए प्रेमचंद अग्रवाल को मंत्री पद से हटाने की मांग की गई।

महिला ने ससुरालियों पर दर्ज कराया मुकदमा

हल्द्वानी : हल्द्वानी निवासी एक महिला ने अपने पति, सास और ननद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। ऊंचापुल निवासी महिला ने आरोप लगाया कि 2022 में उसका विवाह देवलचौड़ निवासी दिग्विजय के साथ हुआ था। इसके बाद से लगातार उसे ससुराल में दहेज को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप लगाया कि पति उसके साथ मारपीट करते हैं। ससुराल में उसकी सास व ननद भी उसे परेशान कर दहेज की मांग करते थे। कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि पति समेत सास व ननद पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्मैक के साथ पकड़ा गया होमगार्ड का जवान

हल्द्वानी।

पिछले कुछ दिनों से बनभूलपुरा की लाइन नंबर 10 के चक्कर काट रहे एक होमगार्ड के जवान और उसके दोस्त को भीड़ ने घेरकर पकड़ लिया। तलाशी ली तो उसकी जेब से स्मैक मिली। जिसके बाद भीड़ ने उनकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मुखानी थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि शुक्रवार रात की है। लोगों के मुताबिक होमगार्ड का जवान कुंवरपुर गौलापार निवासी निर्मल नौला और उसका साथी बागजाला गौलापार निवासी नफीस अंसारी बनभूलपुरा लाइन नंबर 10 में टहल रहे थे। दोनों कई दिन से यहां आ रहे थे और कुछ स्थानीय लोगों की उन पर नजर थी। शुक्रवार रात दोनों फिर पहुंचे तो लोगों ने उन्हें दबोच लिया। तलाशी ली तो जेब से 1.1 ग्राम स्मैक मिली। जिस पर लोगों ने दोनों को पीट दिया। लोगों ने दोनों को मय स्मैक के मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों स्मैक पीने के आदी हैं। होमगार्ड का जवान लालकुआं में तैनात है। दोनों रात को यहां स्मैक खरीदने आए थे। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

होली पर तीन दिन का डायवर्जन, शहर के बाहर से गुजरेंगे वाहन

हल्द्वानी। होली पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। तीन दिवसीय प्लान के तहत पहाड़ से आने और पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को शहर के बाहरी मार्गों से होकर गुजरना होगा। डायवर्जन 13 मार्च से 16 मार्च तक सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक लागू रहेगा। माना जा रहा है कि होली की छुट्टी पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ का रुख करेंगे। वहीं शहर के भीतर भी मार्गों को शहरवासियों के लिए डायवर्ट किया गया है। होलिका दहन के रोज वाहनों को होलिका दहन स्थल की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसे वाहनों को लिए पार्किंग चिह्नित कर दी गई है।

13 से 16 मार्च तक इन रास्तों से गुजरेगा यातायात

  • बरेली रोड से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार और नरीमन तिराहा से गुजरेंगे। अन्य वाहन गांधी इंटर कॉलेज तिराहे से डायवर्ट होकर आईटीआई तिराहा से जेल रोड व मुखानी चौराहा होकर गुजरेंगे।
  • रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहन रुद्रपुर, पंतनगर फ्लाईओवर से पंतनगर-लालकुआं गन्ना सेंटर से तीनपानी होकर गौलापार-नरीमन तिराहा से जाएंगे। अन्य वाहन आईटीआई तिराहा से डायवर्ट होकर मुखानी चौराहा से जाएंगे।
  • रामनगर, बाजपुर और कालाढूंगी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहन मंगोली से जाएंगे। अन्य वाहन ऊंचापुल, कुसुमखेड़ा, सेंट्रल हॉस्पिटल तिराहा, लालडांठ तिराहा, मुखानी चौराहा, नवाबी रोड तिराहा व जेल रोड तिराहे से होकर गुजरेंगे।
  • होलिका दहन कार्यक्रम के समय मंगल पड़ाव से नैनीताल बैंक तिराहा तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हल्द्वानी से रामपुर रोड, बरेली रोड की ओर जाने वाली बसें रोडवेज पूर्वी गेट से बनभूलपुरा होकर गौलापुल से जाएंगी।
  • पर्वतीय क्षेत्र से मैदानी क्षेत्र किच्छा, बरेली, रुद्रपुर, रामपुर चोरगलिया, सितारगंज, दिल्ली आदि स्थानों की ओर जाने वाले वाहन नरीमन तिराहा से डायवर्ट होकर गौलापार से अपने गंतव्य को जाएंगे।

होलिका दहन कार्यक्रम के लिए पार्किंग व्यवस्था:
सभी प्रकार के दोपहिया वाहनों की पार्किंग मिनी स्टेडियम, ओके होटल ऑटो स्टैंड व सिंधी चौक मैजिक स्टैंड पर सड़क के बांयी ओर रहेगी। अन्य सभी वाहन एचएन इंटर कॉलेज, लक्ष्मी शिशु मंदिर, तहसील परिसर, सरस मार्केट पार्किंग व हीरा नगर उत्थान मंच पर पार्क होंगे।

नैनीताल जिले में 15 को होली का अवकाश, लेकिन परीक्षा देंगे बच्चे

हल्द्वानी। होली की तारीख और छुट्टी को लेकर चल रहे संशय पर प्रशासन ने पूर्ण विराम लगा है। अब भले ही राज्य के तमाम जिलों में होली 14 मार्च को खेली जाएगी, लेकिन नैनीताल जिले में होली 15 मार्च को ही होगी। हालांकि होलिका दहन 13 मार्च को ही होगा। प्रशासन ने 15 तारीक को होली का अवकाश घोषित कर दिया, लेकिन इससे परीक्षार्थियों को कोई फायदा नहीं होगा। क्योंकि परीक्षाएं रद्द नहीं की गई हैं। 

     यूं तो 14 मार्च को पूरे देश में होली का अवकाश है और नैनीताल जिले में भी इसी दिन होली का अवकाश है, लेकिन कुछ समय पहले होली को लेकर स्थानीय पंडित और ज्योतिषाचार्यों ने नई तिथि 15 मार्च घोषित कर दी। इसको लेकर लोग संशय में पड़ गए कि होली कब खेली जाएगी। चूंकि होलिका दहन 13 मार्च को है तो नियमत: अगले दिन ही होली खेली जाती है, लेकिन अब संशय समाप्त हो चुका है। जिलाधिकारी वंदना ने 15 मार्च को होली का अवकाश घोषित कर दिया है। आदेश में स्पष्ट है कि समस्त कार्यालयों, संस्थानो में (बैंक, कोषागार और उपकोषागार को छोड़कर) 15 मार्च (शनिवार) को होली (छलड़ी) का स्थानीय अवकाश है। अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने बताया कि ऐसे विद्यालयों, संस्थानों पर 15 मार्च का अवकाश लागू नही होगा, जहां पर 15 मार्च को सीबीएसई, किसी भी विभाग या आयोग की प्रतियोगी परीक्षाएं या अन्य परिक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने ऐसे विद्यालयों/संस्थानों में परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए सम्बन्धित पुलिस/प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

क्रियाशाला रोड पर ठेले-फड़ वालों पर दोबारा हुई कार्रवाई

हल्द्वानी। नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में नगर निगम की टीम लगातार अतिक्रमण हटाने का अभियान चला रही है। निगम की टीम ने मंगलवार को मुखानी रोड स्थित क्रियाशाला रोड पर दोबारा किये गए अतिक्रमण को हटाया। यहां नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बीते सोमवार को ठेले-फड़ वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाकर गंदगी पर चालान किया था। लेकिन मंगलवार को इन व्यवसायियों ने फिर से इस जगह पर अतिक्रमण कर गंदगी फैलाई थी। नगर आयुक्त ने मंगलवार को फिर से इस पर कार्रवाई की। इधर, वेलेजली लॉज में नगर निगम की सड़क पर किए गए अतिक्रमण को अतिक्रमणकारी ने स्वयं हटा लिया है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि पूर्व में उक्त व्यक्ति को निर्धारित समय तक स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया था, जिस पर व्यक्ति ने मंगलवार को अतिक्रमण हटा लिया है।

होली वीकेंड को लेकर नैनीताल के होटल 70 फीसदी फुल

नैनीताल। लंबे समय से वीरान चल रहे नैनीताल के पर्यटक स्थल एक बार फिर से गुलजार होने जा रहे हैं। होली के लंबे वीकेंड को देखते हुए नैनीताल के अधिकांश बड़े होटल 70 प्रतिशत से अधिक ऑनलाइन बुक हो गए हैं। जिससे पर्यटन कारोबारी अब खुश नजर आ रहे हैं। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट ने बताया तीन दिनों के वीकेंड के चलते पर्यटक नैनीताल मुक्तेश्वर समेत आसपास के पर्यटक स्थलों के होटल को बुक कर रहे हैं। अब तक 70 फीसदी होटल बुक हो चुके हैं जबकि लगातार बुकिंग के लिए पर्यटक पर्यटन कारोबारी से संपर्क कर रहे हैं। महाकुंभ के बाद नैनीताल समेत पर्यटक स्थलों में पहला बड़ा पर्यटन सीजन आ रहा है जिससे पर्यटक स्थलों पर व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद है। बातचीत के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने बताया पर्यटक स्थलों में जाम न लगे इसके लिए पुलिस अलर्ट मोड में है। पर्यटक पुलिस को भी होली वीकेंड के लिए एक्टिव किया गया है। नैनीताल शहर के अंदर सभी कर पार्किंग 80 फीसदी तक फुल होने के बाद पर्यटकों के वाहनों को रुसी बाईपास में पार्क करने का प्लान बनाया गया है ताकि नैनीताल घूमने आ रहे पर्यटक जाम में न फंसे और पर्यटकों की छुट्टियां बेकार न जाए।महाकुंभ शुरू होने के बाद पहला परिजन सीजन शुरू हो रहा है ऐसे में पर्यटन कारोबारी को उम्मीद है कि आने वाला होली वीकेंड पर्यटन कारोबारी के लिए खास रहेगा। -दिग्विजय बिष्ट, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन नैनीताल।दिसंबर के बाद नैनीताल में पर्यटकों की संख्या कम हो गई थी तो वहीं अब मैदानी क्षेत्र में गर्मी भी पड़ने लगी है साथ ही होली वीकेंड है ऐसे में उन्हें उम्मीद है नैनीताल में पर्यटक घूमने आएंगे। जिसके लिए उन्हें अभी तक तैयारी शुरू कर दी है। -राम सिंह बिष्ट अध्यक्ष बोट एसोसिएशन।

चाची के प्यार में पागल हुए भतीजे ने फांसी लगाकर दी जान

हल्द्वानी। बिहार के एक युवक और उसकी चाची ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया। दोनों के प्रेम संबंध का राज फाश हुआ तो युवक को जबरन मुक्तेश्वर भेज दिया गया। यहां आते ही चाची ने भी फोन उठाना बंद किया तो भतीजे ने फांसी लगाकर खुदखुशी कर ली। उसकी लाश एक पेड़ से लटकी मिली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पूर्वा चंपारण बिहार निवासी रोहित कुमार (18 वर्ष) कुछ समय पहले ही मुक्तेश्वर अपने चाचा के पास आया था। वह अपने चाचा के साथ यहां मजदूरी कर रहा था। बताया जाता है कि सोमवार रात उसने अपने चाचा और अन्य श्रमिकों के साथ खाना खाया। लोगों के बिस्तर पर जाने के बाद रोहित उठकर जंगल में चला गया और जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो उसके चाचा व अन्य लोगों उसकी तलाश में निकले। जंगल में तलाश के दौरान लोगों ने रोहित के शव को चीड़ के पेड़ से लटके पाया। आनन-फानन में शव को फंदे से उतार कर लोग अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक बिहार में रोहित का अपनी ही चाची से प्रेस-प्रसंग चल रहा था। परिजनों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने रोहित को चाचा के साथ मुक्तेश्वर भेज दिया। यहां आने के बाद वह लगातार अपनी चाची को फोन कर रहा था, लेकिन चाची ने फोन उठाना बंद कर दिया था। इससे वह आहत था और इसी वजह से उसने फांसी लगाकर जान दे दी। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

तीन फीडर से हुई बिजली कटौती, छह घंटे तक परेशान लोग

हल्द्वानी। बिजली की लाइनों में रखरखाव की वजह से शहर में तीन फीडरों से बिजली कटौती रही। सुबह 10 बजे ही बिजली काट दी गई और शाम चार बजे बिजली बहाली हुई है। लंबे समय तक बिजली कटौती होने से लोग परेशान रहे।गर्मी आने से पहले ऊर्जा निगम बिजली लाइनों के रखरखाव का काम कर रहा है। इस वजह से शहर में कई जगह बिजली कटौती हो रही है। मंगलवार को ऊर्जा निगम के रानीबागम बिजलीघर से जुड़े तीन फीडरों से बिजली आपूर्ति को रोक दिया गया। सुबह 10 बजे ही बिजली काट दी गई। बाद में छह घंटे के बाद बिजली दी गई। इस वजह से रानीबाग गायत्रीनगर, शीशमहल और भुजियाघाट फीडर से बिजली की सप्लाई बंद कर दी गई है। हालांकि लगातार छह घंटे तक बिजली कटौती होने से लोगों के मोबाइल और लैपटॉप जैसे उपकरणों को चार्ज करने में दिक्कत आई है। ऊर्जा निगम के ईई प्रदीप कुमार ने कहा कि बिजली लाइनों के रखरखाव की जानकारी पहले ही लोगों को दी गई थी। काम के दौरान बिजली काटी गई। काम समाप्त होने के बाद बिजली आपूर्ति कर दी गई। इधर दमुवाढूंगा क्षेत्र में बार-बार बिजली कटौती हो रही है। यहां बिजली के पोल बदलने का काम किया जा रहा है। इस वजह से एक दिन छोड़कर दिन के समय बिजली काटी जा रही है।

बिना न्याय मिले अंकिता भंडारी केस की याचिका निपटारे के बाद अधिवक्ता ने लिखा भावुक पत्र

अंकिता भंडारी हत्याकांड में सीबीआई जांच की मांग के बाद, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता कोलिन गोंजाल्विस का एक बहुत ही भावुक पत्र, जो अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए लड़ रहे थे, मामले के मुख्य आरोपी “वीआईपी” को पकड़े बिना याचिका का निपटारा कर दिया गया….

मुझे खेद है, अंकिता

मुझे खेद है, अंकिता कि आपकी हत्या की सीबीआई जांच की मांग करने वाले सुप्रीम कोर्ट में आपके मामले का निपटारा कर दिया गया और हम अभी तक मुख्य अपराधी को पकड़ने में कामयाब नहीं हुए हैं। मुझे खेद है सोनी देवी, आपकी प्यारी बेटी की हत्या के लिए एक वीआईपी ने होटल में काम करने वाली एक छोटी लड़की अंकिता से “विशेष सेवाएं” मांगी। उसके इनकार के कारण उसकी हत्या हो गई।

मुझे इस बात का भी दुख है कि हमारी पुलिस बल राजनेताओं के सामने इतनी झुक गई है कि वे किसी भी अपराध को छुपाने के लिए तैयार हो जाती है। सबसे पहले, अंकिता और उसके दोस्त पुष्पदीप के बीच व्हाट्सएप चैट जिसमें उसने शिकायत की थी कि एक वीआईपी उसके होटल में आ रहा था और उससे विशेष सेवाओं की मांग कर रहा था, उसे उत्तराखंड पुलिस ने चार्जशीट से हटा दिया। उन चैट में उसने अपने दोस्त से तुरंत आने और उसे बाहर ले जाने के लिए कहा। दूसरे, उसके दोस्त पुष्पदीप और वीआईपी के सहयोगी के बीच स्विमिंग पूल में हुई बातचीत का चार्जशीट में उल्लेख नहीं किया गया, जबकि पुष्पदीप ने पुलिस द्वारा दिखाए गए फोटो के आधार पर सहयोगी की पहचान की थी। तीसरे, सहयोगी अपने बैग में नकदी और हथियार लेकर जा रहा था और फिर भी उसे न तो आरोपी बनाया गया और न ही पुलिस ने उससे पूछताछ की। चौथे, होटल कर्मी अभिनव का यह बयान कि अंकिता को जबरन बाहर निकालकर हत्या करने से पहले वह अपने कमरे में रो रही थी, चार्जशीट में उल्लेख नहीं किया गया। पांचवें, जिस कमरे में अंकिता रुकी थी, उसकी प्रयोगशाला की फोरेंसिक रिपोर्ट को कभी भी चार्जशीट में संलग्न नहीं किया गया। छठा, अपराध स्थल यानी जिस कमरे में वह रुकी थी, उसे स्थानीय विधायक और मुख्यमंत्री के आदेश पर तुरंत ध्वस्त कर दिया गया। सातवां, वीआईपी से बातचीत कर रहे होटल के कर्मचारियों का मोबाइल फोन कभी जब्त नहीं किया गया। आठवां, होटल का सीसीटीवी फुटेज, जिससे वीआईपी और उनके साथियों की पहचान स्पष्ट रूप से पता चलती, कभी भी इस सुविधाजनक बहाने से पेश नहीं किया गया कि कैमरे काम नहीं कर रहे थे। नौवां, जिन गवाहों ने गवाही दी कि अंकिता अपनी मौत से पहले परेशान थी, उनकी कभी ठीक से जांच नहीं की गई। दसवां, उत्तराखंड पुलिस द्वारा दिया गया बयान कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की गई थी और कुछ भी अप्रिय नहीं दिखाया गया था, भ्रामक था क्योंकि रिकॉर्ड केवल मृतक की चैट के संबंध में था, होटल कर्मचारियों के बारे में नहीं।

अंत में, एक आरोपी के साथ मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी अंकिता को दिखाने वाले वीडियो का अभियोजन पक्ष द्वारा गलत उल्लेख किया गया था, जो यह दर्शाता है कि उसकी हत्या और नहर में शव फेंकने से पहले वह किसी भी तरह की परेशानी में नहीं दिख रही थी। हालांकि, पुष्पदीप ने अदालत में पेश किए गए साक्ष्य में कहा कि मोटरसाइकिल पर बैठी अंकिता ने उसे फोन किया और कहा कि वह बहुत डरी हुई है क्योंकि वह लोगों से घिरी हुई है और बात नहीं कर पा रही है। मुख्य आरोपी पुलकित आर्य ने अब ट्रायल कोर्ट से खुद का नार्को विश्लेषण करने का अनुरोध किया है, जिससे संकेत मिलता है कि वे घटनाओं के बारे में साफ-साफ बताने के लिए तैयार हैं, लेकिन ट्रायल कोर्ट ने आवेदन को खारिज करके समय से पहले ही मामले को खत्म कर दिया। आरोपियों द्वारा खुद की ऐसी गवाही से वीआईपी की पहचान और भूमिका सामने आ जाती। पुलिस ने वीआईपी की पहचान छिपाई है। सीबीआई को जांच अपने हाथ में लेने और आगे की जांच करने का निर्देश देकर इस बाधा को दूर किया जा सकता था। मां ने अधिकारियों को लिखे पत्र में आरोप लगाया कि वह एक उच्च पदस्थ राजनीतिक पदाधिकारी थे जो अक्सर अपनी पार्टी के सदस्यों के साथ होटल में आते थे। सीसीटीवी फुटेज या कर्मचारियों के मोबाइल फोन प्राप्त करने के लिए उठाए गए प्राथमिक कदम भी मुख्य अपराधी की पहचान उजागर कर देंगे। क्षमा करें अंकिता। यह भारत है। आम महिलाओं की जिंदगी मायने नहीं रखती। और उच्च और शक्तिशाली लोग बार-बार बच निकलेंगे।

कॉलिन गोंसाल्वेस
वरिष्ठ अधिवक्ता सुप्रीम कोर्ट

Social Media Auto Publish Powered By : XYZScripts.com